Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को होगा मतदान

हमें फॉलो करें घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को होगा मतदान
बैतूल , रविवार, 29 मई 2016 (16:57 IST)
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव के लिए सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच सोमवार को मतदान होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मतदान सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। उपचुनाव के लिए कुल 7 प्रत्याशी मैदान में हैं। 
कांग्रेस की ओर से प्रताप सिंह उइके, भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगल सिंह धुर्वे, गोंडवाना  गणतंत्र पार्टी की ओर से डॉ. पवन सिंह धुर्वे, बहुजन मुक्ति पार्टी के बराती लाल उइके के  अलावा 3 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
 
उपचुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ दल भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच है।  जहां एक ओर भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष मंगल सिंह धुर्वे पर दांव आजमा रही है, वहीं कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रताप सिंह उइके को मैदान में उतारा है। 
 
भाजपा और कांग्रेस की ओर से यहां दिग्गज नेताओं ने धुआंधार प्रचार किया। जहां एक ओर  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभाएं एवं रोड शो कर जनता को लुभाने का प्रयास  किया, वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं को  लुभाने का प्रयास किया।
 
घोड़ाडोगरी से भाजपा विधायक रहे सज्जन सिंह उइके के निधन के बाद होने जा रहे उपचुनाव  के लिए कुल 340 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 120 संवेदनशील घोषित किए गए हैं।  रायपुर मतदान केंद्र 1 हजार 241 मतदाताओं के साथ सबसे बड़ा है, वहीं सबसे छोटे केंद्र पांची  में 140 मतदाता हैं।
 
कुल 46 मतदान केंद्र शैडो एरिया के तौर पर चिन्हित किए गए हैं, जहां संचार के लिए केवल  वायरलेस सेट उपयोग में आएंगे। मतदान के लिए कुल 1 हजार 496 मतदानकर्मियों की ड्यूटी  लगाई गई है जिनमें 374 पीठासीन अधिकारी हैं।
 
निर्विघ्न मतदान के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और केंद्रीय सशक्त पुलिस  बल (सीएपीएफ) की 6 कंपनियां तैनात की गई हैं। उपचुनाव में कुल 2 लाख 19 हजार 404  मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे जिनमें पुरुषों की संख्या 1 लाख 12 हजार  313, महिलाओं की 1 लाख 7 हजार 83 और थर्ड जेंडर वाले 8 मतदाता हैं। (वार्ता) 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

साइना की निगाहें सत्र का पहला खिताब हासिल करने पर