Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

तमिलनाडु में भारी वर्षा, दीवार गिरने से 17 लोगों की मौत

हमें फॉलो करें तमिलनाडु में भारी वर्षा, दीवार गिरने से 17 लोगों की मौत
, सोमवार, 2 दिसंबर 2019 (22:36 IST)
कोयंबटूर (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के मेट्टुपलायम में भारी बारिश के कारण एक दीवार के कई मकानों पर गिरने से 10 महिलाओं और 2 बच्चों सहित कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण निजी परिसर की पूरी तरह कमजोर पड़ चुकी 15 फुट ऊंची दीवार सुबह करीब 5 बजे नजदीकी घरों की छत पर गिर गई जिससे घरों में सो रहे कई लोग दब गए।
दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे से शव बाहर निकाले। बचाव अभियान अभी जारी है। तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित और मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।
 
पुरोहित ने इस घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि मैं मृतकों के शोक-संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के लिए राज्य आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
 
कोयंबटूर जिला कलेक्टर के. राजामणि और पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। कलेक्टर ने पत्रकारों से कहा कि ग्रामीणों ने परिसर में दीवार निर्माण के बारे में उन्हें सूचित किया था। राजामणि ने कहा कि जिला प्रशासन ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीणों के सुझावों पर गौर करेगा। वे आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को रिपोर्ट देंगे।
 
उन्होंने कहा कि मेट्टुपलायम सरकारी अस्पताल में भी सेवाओं को बेहतर किया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों को जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। उत्तर-पूर्वी मानसून की बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्से प्रभावित हुए हैं। (सांकेतिक चित्र)
 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

2020 में भारत में औसत वेतन वृद्धि 9.2% रहने की उम्मीद, महंगाई 5% बढ़ने का अनुमान