Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दिल्ली में मिजोरम की लड़की मृत मिली

हमें फॉलो करें दिल्ली में मिजोरम की लड़की मृत मिली
नई दिल्ली। , शनिवार, 18 अक्टूबर 2014 (12:40 IST)
नई दिल्ली। मिजोरम की 27 वर्षीय एक लड़की दक्षिणी दिल्ली के मुनीरका इलाके में स्थित अपने घर में गुरुवार को रात मृत पाई गई। ऐसा लगता है कि उसकी कथित तौर पर हत्या की गई है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि लड़की पिछले कुछ महीनों से अपने मित्र वीरेंद्र सिंह के साथ रह रही थी। वीरेन्द्र ही उसे गुरुवार रात अस्पताल ले गया था। पुलिस ने पूछताछ के लिए वीरेन्द्र को पकड़ लिया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान मिजोरम के एजल निवासी जूलियट के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने गुरुवार रात उसे खून से लथपथ स्थिति में देखा।

लड़की को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया गया। उसके सिर में गंभीर चोटें थीं तथा पेट और जांघ पर चाकू से वार के घाव थे।

पुलिस ने बताया कि उसे इस घटना के बारे में सफदरजंग अस्पताल से रात करीब 11 बजे सूचना मिली। इसके बाद पुलिस का एक दल अस्पताल गया।

पुलिस ने बताया कि जूलियट करीब 5 साल पहले दिल्ली आई थी और गुडगांव के एक कॉल सेंटर में काम कर रही थी। वह मुनीरका में किराए के एक घर में पिछले कुछ महीनों से वीरेंद्र सिंह के साथ रह रही थी। उत्तराखंड के हल्दवानी निवासी सिंह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था। जारी

सिंह से पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिछले रात पीड़िता के घर एक पार्टी हुई थी जिसमें कम से कम 5 लोगों ने भाग लिया था। सिंह ने बताया कि उसने पार्टी के बाद जूलियट को खून से लथपथ पाया और वह उसे लेकर अस्पताल लेकर गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्टी में भाग लेने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। पोस्टमॉर्टम जूलियट के परिवार के दिल्ली में आने के बाद किया जाएगा। मौत का कारण तय होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।

पड़ोसियों ने दावा किया कि उन्हें चीखने की आवाज सुनाई दी थी जिससे पता चलता है कि लड़की की हत्या से पहले कुछ बहस हुई थी।

मौके का फारेंसिक विशेषज्ञों एवं सीबीआई के एक दल ने मुआयना किया और साक्ष्य एकत्र करने के बाद मकान को सील कर दिया गया। इस संबंध में वसंत विहार थाने में हत्या मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi