Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

हैदराबाद में तीन नाईजीरियाइयों पर हमला

हमें फॉलो करें हैदराबाद में तीन नाईजीरियाइयों पर हमला
हैदराबाद , शनिवार, 6 फ़रवरी 2016 (07:46 IST)
हैदराबाद। बेंगलुरू में एक तंजानियाई महिला पर हमला और उसके कपड़े फाड़ देने की घटना के बाद यहां तीन नाईजीरियाइयों पर 10 स्थानीय लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला किया और उनके ऊपर नस्लभेदी टिप्पणियां भी की।
 
हालांकि हैदराबाद पुलिस ने इसे एक नाईजीरियाई एवं एक स्थानीय युवक के बीच का मामूली विवाद कहकर खारिज कर दिया।
 
तीन में से एक नाईजीरियाई युवक ओरोलाबे इब्दिोला ने बताया कि गुरुवार रात को वह एक धार्मिक स्थल से अपने घर लौट रहा था। हकीमपेट क्षेत्र में कुछ स्थानीय युवकों ने उस पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की।
 
उसने जब इसका कारण जानने का प्रयास किया तो उन स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। बाद में उन्होंने दो अन्य नाईजीरियाई युवकों को भी पीटा। उसने यह भी बताया कि हमलावरों में से एक के पास चाकू था।
 
बंजारा हिल्स थाने ने निरीक्षक पी. मुरली कृष्णा ने इसे उनके बीच का मामूली विवाद बताया। इस संबंध में भादंसं की धारा 323, 341 के तहत स्थानीय युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
 
घटना के बाद शहर में रहने वाले नाईजीरियाई लोगों के एक समूह ने कल रात थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया। (भाषा)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi