Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भाजपा विधायक बोले, गाय काटने वालों को संरक्षण दे रही है सरकार

हमें फॉलो करें भाजपा विधायक बोले, गाय काटने वालों को संरक्षण दे रही है सरकार
दादरी/लखनऊ , रविवार, 4 अक्टूबर 2015 (19:09 IST)
दादरी/लखनऊ। दादरी में पीट-पीटकर एक व्यक्ति की जान ले लेने की घटना को लेकर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला उस समय और तेज हो गया जब भाजपा विधायक संगीत सोम ने आरोप लगाया कि सपा सरकार गोवध करने वाले लोगों को बचा रही है।
 
इस घटना में गौमांस खाने की अफवाहों के कारण लोगों की भीड़ द्वारा पीट पीटकर मार डालने की घटना के शिकार बने 50 वर्षीय अखलाक के परिवार ने आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। आज ही के दिन सोम दादरी गए और उन्होंने यह आरोप लगाते हुए सपा सरकार पर हमला बोला कि वह गोवध करने वाले लोगों को बचा रही है।
 
इस घटना को लेकर अखिलेश पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाते हुए सोम ने कहा कि अखिलेश इसे सांप्रदायिक रंग दे रही है।
 
पीड़ित अखलाक के परिवार से मिलने के बाद अखिलेश ने वित्तीय मदद की राशि को 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 30 लाख रुपए करने और उसके तीनों भाइयों को पांच-पांच लाख रुपए देने की घोषणा की।
 
राजनीतिक तनातनी को और हवा देते हुए सोम ने आरोप लगाया, 'जिस तरह से वे (सपा) मुजफ्फरनगर के आरोपियों को विमान में ले गए थे, वे उन लोगों को भी विमान में ले गए जिन्होंने गोवध किया।
 
उप्र के भाजपा विधायक की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जबकि केन्द्रीय गृह मंत्री और उन्हीं की पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा है कि घटना को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए या इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
अगले पन्ने पर... औवेसी को क्यों दी दादरी आने की अनुमति...

सोम ने सवाल किया कि राज्य सरकार ने एआईएमआईएम नेता असादुद्दीन ओवैसी को क्यों गांव का दौरा करने और सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की अनुमति दी? सोम ने कहा, 'ओवैसी जैसे व्यक्ति को हैदराबाद से यहां आने की अनुमति दी गई। क्या समाजवादी सरकार उनसे सांठगांठ कर रही है? हैदराबाद से एक व्यक्ति आता है और ऐसे बयान देता है। क्या यह सरकार की कमजोरी नहीं है?'
 
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार एक खास समुदाय के तुष्टीकरण का प्रयास कर रही है। वे तुष्टीकरण की राजनीति करना चाहते हैं जिसे हम स्वीकार नहीं करेंगे।
 
बताया जाता है कि विधायक ने उन लोगों के परिवारों से मुलाकात की जिन्हें मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बिसाहड़ा गांव के स्थानीय मंदिर में एक सभा को भी संबोधित किया। सोमवार की रात को वहीं से घोषणा की गई थी और उसके बाद यह घटना हुई।
 
इस मामले में गिरफ्तारियों पर सवाल उठाते हुए सोम ने कहा कि हम नहीं चाहते कि जो हत्या के दोषी हैं, उनके खिलाफ मुकदमा नहीं चले, लेकिन सरकार को निर्दोषों को फंसाना नहीं चाहिए।
 
विधायक ने कहा, 'राज्य में हत्या के मामलों में वृद्धि हो रही है लेकिन क्या सरकार उन मामलों में भी इसी प्रकार से काम कर रही है। क्या यहां आतंकवादी रह रहे हैं? पुलिस को जांच पूरी करने के बाद ही गिरफ्तारी करनी चाहिए।'
 
इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है और एक होमगार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। स्थानीय मंदिर के पुजारी ने आरोप लगाया था कि उन्हें घोषणा करने के लिए बाध्य किया गया था।
 
पुलिस ने शनिवार को दो लोगों विशाल और शिवम को गिरफ्तार किया था। कहा जाता है कि उनमें से एक स्थानीय भाजपा नेता का पुत्र है। हालांकि भाजपा नेता हरीश ठाकुर ने इससे इंकार किया कि आरोपी का पिता भाजपा पदाधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के समर्थक हो सकते हैं।
अगले पन्ने पर... मामले पर क्या बोली कांग्रेस...

इस बीच कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा और उसकी केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि सभी प्रगतिशील सोच वाले लोगों को इसके खिलाफ खड़ा होना चाहिए।
 
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, 'यह राजनीतिक-वैचारिक हत्या है। कुछ ऐसे लोग हैं जो देश की कहानी को बदलने का प्रयास कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि अल्पसंख्यक दूसरे दर्जें के नागरिक हों।' 
 
उन्होंने कहा, 'सरकार यह आदेश देना चाहती है कि लोगों को क्या खाना चाहिए, लोगों को क्या पहनना चाहिए, किस प्रकार बात करनी चाहिए। इसलिए यह ऐसा मुद्दा है जिस पर सभी प्रगतिशील, उदार और सही सोच वाले लोगों को एक साथ खड़ा होना चाहिए।' (भाषा)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi