Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

'विश्व ग्रुप प्ले ऑफ' की मेजबानी करेगा भारत

हमें फॉलो करें 'विश्व ग्रुप प्ले ऑफ' की मेजबानी करेगा भारत
लंदन , बुधवार, 22 जुलाई 2015 (00:14 IST)
लंदन। भारत को मंगलवार को डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट में कड़ा ड्रॉ मिला जब उसे विश्व ग्रुप प्ले ऑफ में शीर्ष वरीय चेक गणराज्य के खिलाफ रखा गया। यह डेविस कप मुकाबला 18 से 20 सितंबर तक नई दिल्ली या पुणे में होगा। ड्रॉ मंगलवार को यहां हुए।
भारत ने पिछले हफ्ते ग्रुप एक के दूसरे दौर के मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर प्ले ऑफ चरण में जगह बनाई जबकि चेक गणराज्य को मार्च में विश्व ग्रुप के पहले दौर के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
  
चेक गणराज्य की टीम में दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी टामस बर्डीच भी शामिल हैं जो इस साल ऑस्ट्रेलिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे थे। इसके अलावा उसके पास कई बार के ग्रैंडस्लैम चैम्पियन राडेक स्टेपनेक भी हैं।
 
ये दोनों हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेले थे और टीम की अगुआई दुनिया के 44वें नंबर के जिरी वेस्ले और 54वें नंबर के लुकास रोसोल ने की थी। यह देखना रोचक होगा कि चेक गणराज्य भारत के खिलाफ किस टीम के साथ उतरता था। चेक गणराज्य ने भारत के खिलाफ अब तक तीनों मुकाबले जीते हैं। 
 
ड्रॉ के बारे में पूछने पर भारतीय कोच जीशान अली ने कहा, डेविस कप में कुछ भी संभव है। उन्होंने कहा, चेक गणराज्य की टीम मजबूत है। पिछली बार हम सर्बिया से भिड़े थे। विश्व ग्रुप से जो भी टीम आती है वह मजबूत होती है। लेकिन सबसे बड़ा फायदा यह है कि हमें घरेलू कोर्ट पर खेलना है। अगर हम चेक गणराज्य में खेलते तो हमारी इतनी भी संभावना नहीं होती। 
 
जीशान ने कहा, देखते हैं कि बर्डीच और स्टेपनेक आते हैं या नहीं। मैं मंगलवार को रात खिलाड़ियों से बात करूंगा और कोर्ट की उनकी प्राथमिकता के बारे में पूछूंगा। सूत्रों ने कहा है कि खिलाड़ी डीएलटीए कोर्ट पर खेलने को प्राथमिकता दे सकते हैं।
 
इन दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला 1997 में हुआ था जब भारत प्रीब्राम गया था और उसे 2-3 से हार झेलनी पड़ी थी। लिएंडर पेस और महेश भूपति ने सभी एकल और युगल मैच खेले थे। इससे पहले भारत को 1986 और 1926 में तत्कालीन चेकेस्कोवाकिया के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
 
एआईटीए ने संभावित स्थल के रूप में नई  दिल्ली और पुणे को चुना है और अंतिम फैसला कार्यकारी समिति के सदस्यों और संबंधित पक्षों के सलाह मशविरे के बाद किया जाएगा।
 
भारत के लगभग उसी टीम को उतारने की संभावना है जिसने न्यूजीलैंड को हराया था। अब यह देखना होगा कि लिएंडर पेस घरेलू मुकाबले में खेलने के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। पेस पूर्व ‘प्रतिबद्धताओं’ के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi