Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सानिया के बाद साइना के पास भी नंबर वन का ताज

हमें फॉलो करें सानिया के बाद साइना के पास भी नंबर वन का ताज
नई दिल्ली , गुरुवार, 16 अप्रैल 2015 (17:55 IST)
नई दिल्ली। भारत की शीर्ष शटलर साइना नेहवाल अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन रैंकिंग में एक बार फिर  नंबर एक पर पहुंच गई हैं जबकि हाल ही में टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने युगल में नंबर एक बनने  का गौरव हासिल किया था जिससे दोनों हैदराबादी बालाओं ने इन खेलों में देश को शीर्ष पर पहुंचा  दिया है। 
साइना ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में ओलंपिक चैंपियन चीन की ली जुईरूई को पीछे छोड़ते हुए  गुरुवार को एक बार फिर आधिकारिक तौर पर नंबर एक रैंकिंग हासिल कर ली। 2 सप्ताह के भीतर  यह दूसरी बार है जब साइना रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची हैं।
 
इससे पहले देश की शीर्ष टेनिस खिलाड़ी हैदराबाद की सानिया ने फैमिली सर्कल कप खिताब जीतने  के साथ महिला युगल में नंबर एक रैंकिंग हासिल की थी। सानिया यह उपलब्धि हासिल करने वाली  देश की पहली महिला टेनिस खिलाड़ी हैं। भारतीय खेलों के इतिहास में यह पहला मौका है, जब  उसकी 2 महिला खिलाड़ी एक साथ विश्व रैंकिंग में नंबर एक पोजिशन पर पहुंच गई हैं।
 
साइना, चीन की जुईरूई और विश्व चैंपियन स्पेन की कैरोलीना मारिन ने हाल के सिंगापुर ओपन में  हिस्सा नहीं लिया था। साइना ने व्यस्तता का हवाला देते हुए खुद को सिंगापुर ओपन से हटा लिया  था।
 
जुईरूई ने साइना को मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में हराकर उनसे विश्व की नंबर एक रैंकिंग  छीन ली थी। जुईरूई को सिंगापुर से हटने का नुकसान 2 स्थान के साथ चुकाना पड़ा जिससे वह  रैंकिंग में तीसरे स्थान पर खिसक गई।
 
बैडमिंटन रैंकिंग में जुईरूई को जहां 2 स्थानों का नुकसान उठाना पड़ा है वहीं साइना और स्पेन की  कैरोलीन मारिन को 1-1 स्थान का फायदा हुआ है। महिला एकल की वर्ल्ड रैंकिंग में साइना कुछ  अंकों के फायदे के साथ 80191 अंकों के साथ फिर से नंबर एक पर पहुंच गई है। स्पेन की  मारिन 79578 अंक लेकर दूसरे और चीनी खिलाड़ी जुईरूई 72964 अंक लेकर तीसरे स्थान पर  खिसक गई हैं।
 
साइना मार्च के अंत में दिल्ली में इंडिया ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीतने के बाद अपने  करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंची थी। वह महिला एकल में नंबर एक रैंकिंग पर पहुंचने वाली देश  की पहली खिलाड़ी बनी लेकिन मलेशिया ओपन सुपर सीरीज के सेमीफाइनल में हारने के साथ ही  उन्होंने अपना ताज गंवा दिया था।
 
चोट के कारण काफी समय से कोर्ट से बाहर चल रही पीवी सिंधु शीर्ष 10 से बाहर हो गई हैं। वे 3  स्थान के नुकसान के साथ 12वें नंबर पर खिसक गई हैं। पुरुषों में किदाम्बी श्रीकांत पुरुष एकल में  चौथे नंबर पर बरकार हैं। सिंगापुर ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंचे पारुपल्ली कश्यप को एक स्थान  का फायदा हुआ है और वे 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
 
सिंगापुर में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे एचएस प्रणय एक स्थान गिरकर 15वें नंबर पर खिसक गए  हैं। मलेशिया और सिंगापुर में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा  की भारतीय जोड़ी महिला युगल में अपने 18वें स्थान पर बरकरार हैं जबकि पुरुष युगल और  मिश्रित युगल कोई भी भारतीय जोड़ी टॉप 25 में नहीं है। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi