Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

वेस्ले सो ने आनंद को बराबरी पर रोका

हमें फॉलो करें वेस्ले सो ने आनंद को बराबरी पर रोका
सेंट लुइ (अमेरिका) , मंगलवार, 1 सितम्बर 2015 (00:46 IST)
सेंट लुइ (अमेरिका)। विश्वनाथन आनंद की पहली जीत की तलाश यहां सातवें दौर में भी जारी रही, जब सिंक्वेफील्ड कप शतरंज टूर्नामेंट में अमेरिका के वेस्ले सो ने उन्हें बराबरी पर रोका। यह टूर्नामेंट ग्रैंड चेस टूर का हिस्सा है।
 
आनंद का पिछली पांच बाजियों में यह पांचवां ड्रॉ है। उनको इस ड्रा से आधा अंक मिला और वह संयुक्त आठवें स्थान पर चल रहे हैं। तीन लाख डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में अब सिर्फ दो दौर का खेल बाकी है।
 
इस बीच आर्मेनिया के लेवोन अरोनियन ने अमेरिका के हिकारू को हराकर एकल बढ़त बना ली है। अरोनियन के संभावित सात में से पांच अंक हैं।
 
अरोनियन को विश्व चैम्पियन नार्वे के मैग्नस कार्लसन की बड़ी गलती का भी फायदा मिला, जिन्हें रूस के एलेक्सांद्र ग्रिश्चुक के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा।
 
दस खिलाड़ियों के राउंड रोबिन टूर्नामेंट की बाकी दो बाजियां ड्रॉ रही। फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव और अमेरिका के फाबियानो कारूआना ने अंक बांटे जबकि नीदरलैंड के अनीष गिरी और बुल्गारिया के वेसलीन टोपालोव की बाजी भी बराबर छूटी।
 
टूर्नामेंट में अब जब सिर्फ दो दौर बचे हैं तब आनंद के लिए समय निकलता जा रहा है जबकि आरोनियन टूर पर पहली जीत की ओर बढ़ रहे हैं। आरोनियन ने कार्लसन, गिरी, ग्रिश्चुक और वाचियेर लाग्रेव पर पूरे एक अंक की बढ़त बना रखी है। संयुक्त दूसरे स्थान पर चल रहे इन चारों के चार-चार अंक हैं।
 
टोपालोव और नाकामूरा 3.5 अंक के साथ संयुक्त छठे स्थान पर हैं जबकि कारूआना और आनंद 2.5 अंक के साथ संयुक्त आठवें पायदान पर काबिज हैं। वेस्ले सो दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर खेल रहे हैं। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi