Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

ट्रंप के बयान और कच्चे तेल में उबाल से सेंसेक्स टूटा

हमें फॉलो करें ट्रंप के बयान और कच्चे तेल में उबाल से सेंसेक्स टूटा
, सोमवार, 12 दिसंबर 2016 (17:31 IST)
मुंबई। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वीजा पर जारी बयान तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आए उछाल से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में गिरावट रही। बीएसई का  सेंसेक्स 0.87 प्रतिशत यानी 231.94 अंक टूटकर 26,515.24 अंक पर बंद हुआ। 
 
सेंसेक्स की तुलना में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी पर दबाव ज्यादा रहा। यह 1.10 फीसदी यानी  90.95 अंक लुढ़ककर 8,170.80 अंक पर आ गया। ट्रंप ने पिछले सप्ताह के अंत में एक रैली में कहा था कि राष्ट्रपति बनने के बाद वे वीजा के गलत इस्तेमाल को रोकने के उपाय करेंगे।
 
हालांकि उन्होंने किसी कंपनी, देश या खास वीजा का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उनका इशारा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल की ओर था जिसने पिछले दिनों अमेरिकी कर्मचारियों की छंटनी कर एच-1बी वीजा पर भारतीय कर्मचारियों को रखा था। ट्रंप के बयान से घरेलू बाजार में अधिकतर आईटी कंपनियों पर दबाव रहा।
 
कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती पर ओपेक देशों के बाद रूस समेत 10 गैर-ओपेक देशों के भी राजी हो जाने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज इसके दाम पांच प्रतिशत बढ़ गए। इससे भी घरेलू बाजार में बिकवाली रही। शुक्रवार शाम जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में औद्योगिक उत्पादन में 1.9 प्रतिशत की  गिरावट के आंकड़ों ने भी बाजार पर दबाव बनाया। 
 
सेंसेक्स 21.37 अंक फिसलकर 26,725.31 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यही इसका दिवस का  उच्चतम स्तर भी रहा। इसके बाद बाजार में गिरावट और बढ़ती गई। एक समय यह 26,468.59 अंक के दिवस के निचले स्तर तक उतर गया। 
 
हालांकि बाद में इसकी गिरावट कुछ कम हुई और यह 231.94 अंक लुढ़ककर 26,515.24 अंक पर बंद हुआ। बाजार में चौतरफा बिकवाली रही। बीएसई के सभी 20 समूहों में गिरावट रही। सेंसेक्स की 30 में से सात  कंपनियों को छोड़कर अन्य 23 में लाल निशान में रहे। 
 
निफ्टी की शुरुआत बड़ी गिरावट में हुई। यह 86.90 अंक टूटकर 8,174.85 अंक पर खुला। हालांकि एक समय यह 8,230.65 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर तक पहुंचने में कामयाब रहा, लेकिन कभी हरे निशान में नहीं आ पाया। कारोबार की समाप्ति से पहले 8,154 अंक के दिवस के निचले स्तर को छूकर अंतत: यह गत दिवस की तुलना में 90.95 अंक की गिरावट के साथ 8,170.80 अंक पर बंद हुआ। 
 
मझौली तथा छोटी कंपनियों पर भी दबाव रहा। बीएसई का मिडकैप 1.11 प्रतिशत तथा स्मॉलकैप 0.73 प्रतिशत टूटकर क्रमश: 12,395.65 अंक तथा स्मॉलकैप 12,230.63 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई में कुल 2,778 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,097 में बढ़त तथा 1,533 में गिरावट रही जबकि 148 के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

तमिलनाडु में वरदा तूफान से तबाही, दो लोगों की मौत