Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

विश्व हिन्दी सम्मेलन के लिए फिजी का प्रतिनिधिमंडल रवाना

हमें फॉलो करें विश्व हिन्दी सम्मेलन के लिए फिजी का प्रतिनिधिमंडल रवाना
अनिल शर्मा
 
10वें विश्व हिन्दी सम्मेलन में फिजी से 20 और न्यूजीलैंड से 4 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। विश्व हिन्दी सम्मेलन में भाग ले रहे फिजी के प्रतिनिधिमंडल के लिए फिजी के शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत और कला मंत्री ने दिनांक 3 सितंबर को विदाई समारोह आयोजित किया।
कार्यक्रम की फिजी के सबसे लोकप्रिय अखबार 'फिजी टाइम्स' में तस्वीर भी छपी। फिजी के शिक्षामंत्री महेन्द्र रेड्डी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे आशा करते हैं कि सम्मेलन से हिन्दी लेखन और चिंतन की नई पीढ़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।
 
उन्होंने कहा कि इन लोगों की भारत यात्रा से फिजी का हिन्दी शिक्षण समृद्ध होगा चूंकि इन्हें भारत में हिन्दी के विद्वानों और संस्थानों से मिलने और समझने का मौका मिलेगा।
 
इस प्रतिनिधिमंडल में फिजी के शिक्षा मंत्रालय, विभिन्न विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, मीडिया, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि हैं। शांतिदूत (हिन्दी साप्ताहिक) की संपादिका श्रीमती नीलम को भोपाल में सम्मानित भी किया जा रहा है।
 
भोपाल निवास में कैलाश पंत का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। भोपाल के पश्चात ये लोग दिल्ली आएंगे, जहां गोयनकाजी के सौजन्य से केंद्रीय हिन्दी संस्थान द्वारा दिल्ली-आगरा में 3 दिनों की कार्यशाला है। 
 
15 सितंबर को साहित्य अकादमी द्वारा शाम 5.30 बजे रवीन्द्र भवन में फिजी और न्यूजीलैंड के प्रतिभागियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
 
कार्यक्रम में विश्व हिन्दी सचिवालय के महासचिव गुलशन, साहित्य अकादमी के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद तिवारी, फिजी में भारत के राजदूत रहे अजय सिंह, भारत में फिजी और न्यूजीलैंड के हाईकमीशनों के वरिष्ठ राजनयिकों के भाग लेने की आशा है।
 
कार्यक्रम का संयोजन नारायण कुमार और ब्रजेन्द्र त्रिपाठी कर रहे हैं। 14 सितंबर को राकेश पांडेय द्वारा होटल राजपथ रेजीडेंसी में फिजी के प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
 
कार्यक्रम में फिजी दूतावास में 80 के दशक में प्रथम सचिव रहे विमलेश कांति वर्मा विशेष आमंत्रित हैं। राकेश पांडेय और शरद सक्सेना द्वारा प्रतिनिधिमंडल की दिल्ली यात्रा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
 
न्यूजीलैंड से 4 उत्साही और सक्रिय प्रतिनिधियों में 'भारत दर्शन वेबसाइट' के संपादक रोहित हैप्पी भी हैं जिन्हें सम्मेलन में पत्रकार के रूप में आमंत्रित किया गया है। पिछले 2 दशक से ज्यादा हिन्दी सेवा में सक्रिय सुनीता नारायण के साथ सुमन कपूर भी हैं।
 
सुनीता नारायण 2 महीने पहले फिजी आई थीं। उसी समय उनके साथ भोपाल के सम्मेलन के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधियों के सामूहिक कार्यक्रम की योजना बनी थी और पैसिफिक में हिन्दी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी।
 
फूलों के विभिन्न डिजाइनों से सजी फिजी की राष्ट्रीय ड्रेस जिसे 'बुला ड्रेस' कहते हैं। फिजी के प्रतिनिधियों ने तय किया है कि वे उद्घाटन और समापन समारोह में अपनी राष्ट्रीय ड्रेस में रहेंगे। पूरी यात्रा का संयोजन हिन्दी प्रेमी निर्मल वैद्य कर रहे हैं।
 
बुला- विनाका- भोपाल जा रहे सभी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं...! 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi