Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

साल 2016 : आधी आबादी ने जोड़ा सुनहरा पन्ना...

हमें फॉलो करें साल 2016 : आधी आबादी ने जोड़ा सुनहरा पन्ना...
नई दिल्ली। साल 2016 कुछ ही दिनों में बीत जाएगा लेकिन आधी आबादी की उपलब्धियों का वह सुनहरा पन्ना उसकी 2016 की किताब में हमेशा दमकता रहेगा जिसमें महिलाओं के नए कीर्तिमानों की विकास गाथा है।
इस साल भारतीय महिलाओं ने रक्षा क्षेत्र में 'कॉम्बैट रोल' हासिल कर इतिहास रच दिया और 3 महिला पायलटों का पहला बैच भारतीय वायुसेना को मिला। भारतीय वायुसेना के फाइटर स्क्वॉड्रन में शामिल होने वाली तीनों महिलाओं- अवनी चतुर्वेदी, भावना कंठ और मोहना सिंह ने अपना प्रशिक्षण पूरा किया और रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने उन्हें औपचारिक कमीशन दिया।
 
इसी साल लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी ऐसी पहली महिला अधिकारी बनीं जिन्होंने 'एक्सरसाइज फोर्स 18' नामक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभियान का नेतृत्व करने वाली भारतीय सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व किया। 2 से 8 मार्च तक पुणे में हुई फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज में शांतिरक्षण अभियानों और मानवीय खनन कार्य में अहम भूमिका निभाने वाली 40 सदस्यीय भारतीय टुकड़ी सहित कुल 18 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस साल ही 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर पहली बार सीआरपीएफ की महिला जवानों की टुकड़ी राजपथ पर मार्च में शामिल हुई।
 
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अमेरिका की 'फॉरेन पॉलिसी' पत्रिका द्वारा तैयार की गई साल 2016 की 'ग्लोबल थिंकर्स लिस्ट' में जगह मिली है। पत्रिका ने 'ट्विटर कूटनीति के अनोखे ब्रांड को प्रचलित' करने के लिए सुषमा को बधाई भी दी। 
 
जम्मू-कश्मीर में विकास एवं शांति की नई गाथा लिखते हुए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ्ती 4 अप्रैल को राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला ने 21 अगस्त को मणिपुर के राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। 
 
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अमेरिकी शो 'क्वांटिको' में एफबीआई एजेंट की भूमिका के लिए पीपल्स च्वाइस अवॉर्ड जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। वे और फैशन डिजाइनर अनिता डोंगरे इस साल गूगल पर सबसे ज्यादा तलाश की गई हस्तियों में शामिल हैं। अनिता तब चर्चा में आई थीं, जब इस साल भारत यात्रा के दौरान ब्रिटिश शाही घराने की सदस्य केट मिडिलटन ने उनका डिजाइन किया एक परिधान पहना था। खेलों की दुनिया में आधी आबादी ने देश का ध्वज बड़ी शान से ऊंचा किया।
 
हरियाणा की पहलवान साक्षी मलिक ने अगस्त में रियो डि जेनेरियो में संपन्न ओलंपिक में 58 किग्रा वर्ग में रेपेचेज के कांस्य पदक के मुकाबले में किर्गिस्तान की ऐसुलू ताइनीबेकोवा को हराकर कांस्य पदक जीता। रियो ओलंपिक की बैडमिंटन महिला एकल स्पर्धा में पीवी सिंधु ने रजत पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। वे फाइनल में दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिना मारिन से हार गईं। वे ओलंपिक में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं।
 
रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली 23 वर्षीय दीपा करमाकर भारत की पहली महिला जिमनास्ट बनीं और वे फाइनल तक पहुंचीं। व्यक्तिगत वॉल्ट में चौथे स्थान पर रहने वाली त्रिपुरा की 23 वर्षीय दीपा 0.150 अंकों से ओलंपिक पदक से चूक गईं। उन्होंने हालांकि खतरनाक प्रोडुनोवा में शानदार प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत वॉल्ट में दीपा का प्रदर्शन किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
 
भारत की दीपा मलिक ने 12 सितंबर को ब्राजील के रियो डि जेनेरियो में गोला फेंक एफ-53 स्पर्धा में रजत पदक जीता और पैरालंपिक में पदक हासिल करने वाले देश की पहली महिला खिलाड़ी बनकर इतिहास रचते हुए बता दिया कि बुलंद हौसलों के आगे शारीरिक अक्षमता बहुत बौनी हो जाती है। दीपा के कमर से नीचे का हिस्सा लकवाग्रस्त है। 17 साल पहले रीढ़ में ट्यूमर के कारण उनका चलना असंभव हो गया था। दीपा के 31 ऑपरेशन हुए जिसके लिए उनकी कमर और पांव के बीच 183 टांके लगे थे।
 
उत्तरी त्रिपुरा के दूरदराज के एक आदिवासी गांव की 15 वर्षीय लक्ष्मिता रेयांग ने चीन में हुए एशिया कप में अंडर-16 महिला चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया। खेल जगत में तेलंगाना की ब्रांड एंबेसेडर सानिया मिर्जा महिला युगल रैंकिंग में लगातार दूसरे साल पहले पायदान पर रहीं। श्रीलंका के कोलंबो में संपन्न 39वीं एशियन रिमोट सेलिंग कांग्रेस में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं प्रियंका वर्मा को जापान सोसायटी ऑफ फोटो ग्रानटरी एडं रिमोर्ट सेलिंग अवॉर्ड से नवाजा गया।
 
आधी आबादी के कुछ सशक्त हस्ताक्षर इस साल हमेशा के लिए दूर हो गए। प्रख्यात लेखिका और समाज के दबे-कुचले और वंचित वर्गों की पैरोकार महाश्वेतादेवी का 28 जुलाई को निधन हो गया। वे 91 वर्ष की थीं। साहित्य अकादमी और ज्ञानपीठ पुरस्कारों से सम्मानित महाश्वेतादेवी ने आदिवासियों और ग्रामीण क्षेत्र के वंचितों को एकजुट करने में मदद की ताकि वे अपने इलाकों में विकास गतिविधियां चला सकें। उन्होंने आदिवासियों के कल्याण के लिए अथक कार्य किया था।
 
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता का 5 दिसंबर को निधन हो गया। वे 3 दशकों से तमिलनाडु की राजनीति का एक ध्रुव रहीं और गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू करने वाली लोकप्रिय नेता जयललिता ने इसी साल विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी अन्नाद्रमुक को शानदार जीत दिलाई थी।
 
इस वर्ष हरियाणा ने अपने 2 जिलों करनाल और महेंद्रगढ़ में केंद्र की महिला पुलिस वालंटियर योजना लागू की जिसमें 1,000 महिलाओं को शामिल किया गया है। यह कदम उठाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

करोड़ों का किसान क्रेडिट घोटाला, मैनेजर गिरफ्तार