- गायत्री शर्मा आज और इस पल में ही जिंदगी है। कल क्या होगा, किसे पता। तो क्यों न जीवन के हर पल को पूरी मस्ती व जोश के साथ एंजॉय कर उस एक पल को ही अपनी जिंदगी बना लिया जाए। दोस्तो, जिंदगी किस्तों में मिलने वाली खुशियों का दूसरा नाम है। इस खूबसूरत जिंदगी के छोटे-छोटे पलछिन को हमने हजारों ख्वाहिशों से सजाया है। इन मुट्ठीभर ख्वाहिशों के साथ अपने तरीके से जिंदगी जीने की ललक हमारे चेहरे पर साफ नजर आती है। यदि हम युवा वर्ग की बात करें तो युवाओं से जुड़कर ख्वाहिशें और भी जवाँ और रंगीन हो जाती हैं।
ND
जोश, जुनून और जिंदादिली से लबरेज युवाओं के शौक और जिंदगी के प्रति उनका नजरिया एकदम अलग होता है। वर्ल्ड टूर, मनचाही नौकरी, प्यार करने वाला जीवनसाथी, लक्जरी कार से लेकर महँगे गैजेट से प्रेम युवाओं के हर शौक को उम्दा और आधुनिक बनाता है। 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' की तर्ज पर अपने जीवन को अलग ढंग से जीने वाले कुछ युवाओं से हमने जाने जिंदगी जीने के उनके फलसफे...
काश, मुझे मिल जाए जेगुआर बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखने वाले दीप कटारिया पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, पर लीक से हटकर उनका सपना मीडिया फिल्ड में बड़ा नाम कमाने का है। फैमिली बिजनेस में उनकी रुचि नहीं है। दीप के अनुसार इस छोटी-सी जिंदगी में वह बहुत सारा पैसा और बड़ा नाम कमाना चाहते हैं। वे अपनी जिंदगी को अपनी शर्तों पर अपने तरीके से जीना चाहते हैं। कारों के लिए क्रेजी दीप जल्द से जल्द अपनी ड्रीम कार जगुआर को खरीदकर अपनी बनाना चाहते हैं। उस कार में सवारी करना उनके लिए किसी सपने का हकीकत में बनने जैसा होगा।
दोस्तों के साथ वर्ल्ड टूर पर जाना अपने दोस्तों के साथ वर्ल्ड टूर पर जाना और दुनिया के हर
ND
खूबसूरत मंजर को अपनी आँखों में कैद करना योगेशसिंह यादव की चुटकी भर ख्वाहिशों में शामिल है, जिसे योगेश जल्द से जल्द पूरा करना चाहते हैं। बड़ी-बड़ी ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए जेब में कुछ पैसा भी होना जरूरी है। यही वजह है कि पैसा कमाने के लिए योगेश जल्द ही अपना कोई नया बिजनेस शुरू करेंगे।
ब्वॉयफ्रेंड बने जीवनसाथी 9 सालों से चल रहे लव अफेयर को विराम देते हुए अपने प्रेमी को ही जीवनसाथी बनाने की ख्वाहिश श्रुति गुप्ता की जिंदगी की पहली प्राथमिकता है। जब ब्वॉयफ्रेंड बन जाएगा जीवनसाथी और श्रुति के पास होगी उनकी ड्रीम कार ऑडी, तब अपने जीवनसाथी के साथ ऑडी में घुमना श्रुति के लिए उनके जीवन का सबसे हसीन पल होगा। श्रुति के सपनों की फेहरिस्त बड़ी लंबी है। जीवन में एक बार ही सही, पर मौका मिलने पर वह एडवेंचर्स स्पोर्ट्स में भी एक बार जरूर हाथ आजमाना चाहेगी। इसी के साथ ही खूबसूरत इटली के वेनिस में घुमना भी उनके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं होगा। यही है श्रुति की आँखों में टिमटिमाते कई छोटे- बड़े सपने, जिन्हें सच करने के लिए वह कुछ भी करने को तैयार है, क्योंकि यह जिंदगी दोबारा नहीं मिलने वाली है।
सच्चा हो जीवनसाथी अच्छा होने के साथ ही सच्चा जीवनसाथी पाने की चाह सरोज बरार की आँखों में तैरता एक खूबसूरत सपना है। सरोज के अनुसार उनका जीवनसाथी ऐसा हो, जो उनसे हमेशा सच बोले और उन्हें समझे। अपने जीवनसाथी में सरोज एक अच्छा दोस्त खोजना चाहती हैं। चूँकि यह जिंदगी दोबारा नहीं मिलेगी, इसलिए वह अच्छे जीवनसाथी के साथ-साथ फाइनेंस के क्षेत्र में बढ़िया नौकरी भी पाना चाहती है। अच्छी नौकरी, पर्सनल कार और स्वयं का बंगला बस इस एक जिंदगी में सरोज की यही कुछ छोटी-छोटी-सी ख्वाहिशें हैं।