डोपिंग मामला सुर्खियों में है। 8 खिलाड़ियों से लेकर कोच तक को निलंबित कर दिया गया है। भारतीय खेल प्राधिकरण ने न केवल कोचों को निलंबित किया है, बल्कि एक डॉक्टर को नोटिस भी जारी किया है। यही नहीं, गर्ल्स होस्टल की प्रभारी और एक वार्डन को भी निलंबित कर दिया गया है। कुछ खिलाड़ी और कोच सफाई दे रहे हैं कि वे निर्दोष हैं।
यह मामला इतना संगीन है कि सरकार को इसके लिए जाँच समिति गठित करना पड़ी है। निश्चित ही आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का दबाव और तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि खिलाड़ी अपनी ताकत बढ़ाने के लिए अनैतिक काम कर रहे हैं। मामला इतना गंभीर है कि क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा कि यह कलंक है और खिलाड़ियों को अपने जीवन में इससे हमेशा दूर रहना चाहिए। निश्चित ही भारतीय खेल जगत के लिए यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।