प्रेस और प्रिंट मीडिया (भाग 2)
भारत के समाचार-पत्र पंजीयक
1953
में प्रथम प्रेस आयोग की सिफारिश पर तथा प्रेस और पुस्तक पंजीकरण अधिनियम, 1867 में संशोधन से 1 जुलाई 1956 को भारत के समाचार-पत्र पंजीयक का कार्यालय अस्तित्व में आया। समाचार-पत्र पंजीयक को प्रेस पंजीयक भी कहा जाता है। यह हर वर्ष 31 दिसंबर से पहले समाचार-पत्रों की स्थिति के बारे में सरकार को अपनी वार्षिक रिपोर्ट सौंपता है। जिस अवधि के लिए वार्षिक विवरण दिए जाते थे, उसे 2002 में कैलेंडर वर्ष से बदलकर वित्तीय वर्ष कर दिया गया था। संविधान की आठवीं अनुसूची में अभिलिखित अंग्रेजी के अलावा 22 अन्य प्रमुख भाषाओं और 100 अन्य भाषाओं और बोलियों, अधिकतर भारतीय, कुछेक विदेशी में समाचार-पत्रों का पंजीयन हुआ।पत्र सूचना कार्यालय पत्र सूचना कार्यालय (पी.आई.बी) सरकार की नीतियों, कार्यक्रम पहल और उपलब्धियों के बारे में समाचार-पत्रों तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को सूचना देने वाली प्रमुख एजेंसी है। यह प्रेस विज्ञप्तियों, प्रेस नोट, विशेष लेखों, संदर्भ सामग्री, प्रेस ब्रीफिंग, फोटोग्राफ, संवाददाता सम्मेलन, साक्षात्कार, प्रेस दौंरे और कार्यालय की वेबसाइट के माध्यम से सूचना को सर्वत्र पहुँचाता है। अंग्रेजी, हिन्दी, उर्दू और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में जारी सूचना सामग्री समाचार-पत्रों और मीडिया संगठनों तक पहुँचाई जाती है।समाचार एजेंसियाँ प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया भारत की सबसे बड़ी समाचार एजेंसी, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) भारतीय समाचार-पत्रों की बिना मुनाफे के चलाई जाने वाली सहकारी संस्था है, जिसका दायित्व अपने ग्राहकों को कुशल एवं निष्पक्ष समाचार उपलब्ध कराना है। इसकी स्थापना 27 अगस्त 1947 को हुई और इसने 1 फरवरी 1949 से अपनी सेवाएँ आरंभ कर दीं। पीटीआई अंग्रेजी और हिन्दी में अपनी समाचार सेवाएँ दे रही है। भाषा एजेंसी की हिन्दी समाचार सेवा है। पीटीआई के ग्राहकों में भारत के 500 समाचार-पत्र और बीसियों विदेशी समाचार संगठन शामिल हैं। भारत में सभी और विदेशों में लंदन से बीबीसी सहित कई प्रमुख टीवी/रेडियो चैनल पीटीआई की सेवाएँ ले रहे हैं।यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ इंडिया (यूएनआई) यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया की स्थापना 1956 के कंपनी कानून के तहत 19 दिसंबर 1959 को हुई। इसने 21 मार्च 1961 से कार्य करना आरंभ कर दिया। गत चार दशकों में यूएनआई, भारत में एक प्रमुख समाचार ब्यूरो के रूप में विकसित हुई है। 1982 में इसने पूर्ण रूप से हिन्दी तार सेवा यूनीवार्ता का शुभारंभ किया। इसी दशक में इसने फोटो सेवा तथा ग्राफिक्स सेवा का भी आरंभ किया।गुटनिरपेक्ष समाचार नेटवर्क गुटनिरपेक्ष समाचार नेटवर्क (एनएनएन) इंटरनेट आधारित समाचार और फोटो आदान-प्रदान की व्यवस्था गुटनिरपेक्ष आंदोलन के सदस्य देशों की समाचार एजेंसियों की व्यवस्था है। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया सहित गुटनिरपेक्ष समाचार एजेंसियों के समाचार और फोटो एनएनएन वेब साइट पर अपलोड किए जाते हैं, ताकि सभी को ऑन लाइन उपलब्ध हो सकें। मलेशिया की समाचार एजेंसी बरनामा इस समय कुआलालाम्पुर से इस वेब साइट का संचालन कर रही है।भारतीय प्रेस परिषद भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना समाचार-पत्रों की स्वतंत्रता की रक्षा करने और भारत में समाचार-पत्रों और समाचार एजेंसियों के स्तर को बनाए रखने और उसमें सुधार लाने के उद्देश्य से संसद के अधिनियम के तहत की गई है। यह शासन तंत्र तथा प्रेस जगत पर नियंत्रण रखने वाले समान अर्ध-न्यायिक नियंत्रक स्वायत्तशासी संगठन है।गवेषणा, संदर्भ और प्रशिक्षण प्रभाग सन 1945 में स्थापित गवेषणा, संदर्भ और प्रशिक्षण प्रभाग सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और उसकी मीडिया इकाइयों तथा उनके क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए सूचना सेवा एजेंसी के रूप में कार्य करता है। यह मीडिया इकाइयों के लिए सूचना बैंक तथा सूचना फीडर सेवा उपलब्ध कराकर उन्हें अपने कार्यक्रम तैयार करने और प्रसार अभियानों में सहायता करता है।