24 सितंबर को आलिशान जेडब्लू मेरिअट में हुए पेरिस हिल्टन के हैण्ड-बैग के लाँच होने से पहले ही इस प्रेस- कॉन्फ्रेंस की काफी चर्चा हो चुकी थी। गुलाबी रंग (जो कि पेरिस का मनपसंद रंग है) की थीम में ही पूरे कार्यक्रम ने रूप लिया। गुलाबी रंग की रोशनी से लेकर गुलाबी रंग की स्वादिष्ट मिठाई तक पूरी कॉन्फ्रेंस मानो जैसे 'पिंक' रंग में डूबी हो। इस पर रॉकी एस द्वारा बनाई गई सेल्मन पिंक वेस्टर्न साड़ी में पेरिस हिल्टन ने कार्यक्रम में चार-चाँद लगा दिए।
मशहूर गायिका, मॉडल और डिज़ाइनर पेरिस हिल्टन ने शनिवार शाम को अपने भव्य और स्टाइलिश हैण्ड-बैग औरएसेसरीज़ के कलेक्शन की भारत में प्रारंभिक लाँच की। भारत में पहली बार आई पेरिस हिल्टन ने कॉन्फ्रेंस में आते ही 'नमस्ते इंडिया' बोल कर इस 'बिल्यन डॉलर एंट्रप्रेन्यूर' ने सभी से वाह-वाही लुटी। आयोजन को प्रस्तुत कर रही मन्दिरा बेदी से गुफ्तुगू में पेरिस ने बताया कि उन्हें बचपन से ही बैग्स डिज़ाइन करने का काफी शौक रहा है, जिसके चलते उन्होंने हैण्ड-बैग का कलेक्शन लाँच करने का फैसला लिया।
इन बैग्स में फोरेवर, गेलेरिया, फैन्टसी और चीहुआहुआ नामक कलेक्शन मौजूद हैं। भारत में पेरिस हिल्टन एंटरटेंनमेंट का टाइ-उप ब्राण्ड कॉन्सेप्ट्स नामक कंपनी से है, जिसका हेड-ऑफिस इंदौर में ही स्थित है। ब्राण्ड कॉन्सेप्ट्स आई.अॅफ़.अॅफ़ ग्रुप का हिस्सा है और इस कंपनी ने अब तक भारत में रॉकी एस, टॉमी हिलफिगर, एरो और बेक टू स्कूल बैग्स जैसे प्रसिद्ध ब्राण्ड्स को लाइसन्स किया है। आई.अॅफ़.अॅफ़ के डाइरेक्टर प्रतीक माहेश्वरी और कंपनी के सीईओ अभिनव कुमार ने बताया कि अगले 2-1/2 साल में पूरे भारत में पेरिस हिल्टन बैग्स की पचास स्टैंड-अलोन स्टोर खोलने की योजना है और साथ ही इस ब्राण्ड की कामयाबी की उम्मीद करते हुए सीईओ अभिनव कुमार ने बताया कि पेरिस हिल्टन के बैग्स न केवल अच्छी और दमदार क्वालिटी के हैं, बल्कि हर तरह की महिलाओं के लिए उपयुक्त हैं।
इन बैग्स की कीमत 2000 से लेकर 12,000 तक की है। पेरिस अपना पर्सनल स्टाइल, स्टेटमेंट स्टाइल के साथ दिलचस्प रूप से खेलना और 'ट्रेंड-सेटर' होना मानती है। 'कन्फेशन ऑफ़ एन ऐरेस' नामक किताबलिखने के बाद अब अपने आने वाले समय में वे एक और किताब लिखेंगी और अपनी अगली एल्बम पर काम शुरू करेंगी। उनका कहना है कि भारत में एसेसरीज़ का बेहतरीन मार्केट है और उनके ब्राण्ड को भी लोगों द्वारा काफी पसंद किया जाएगा। उनके हैण्ड-बैग्स हैं तो काफी ट्रेंडी, पर भारत जैसी जगह पर इतने ज्यादा दाम के बैग्स का चलन लोगों को उचित लगता है या नहीं, यह सबसे बड़ा प्रश्न है।
खैर, इतने प्रचार के बाद यह ब्राण्ड लोगों की नज़र को आकर्षित करने में तो कामयाब हो गया है और अंतरराष्ट्रीय व्यक्तित्व के प्रभाव में लोग इस पर एक नज़र तो अवश्य डालेंगे, किंतु क्या भविष्य में यह ब्राण्ड हिट होगा? यह तो आने वाला वक़्त ही बताएगा।