कहते हैं प्रेम आत्मा का उजाला है। वह आपको ज्यादा संवेदनशील, ज्यादा कल्पनाशील और ज्यादा उदात्त बनाता है, लेकिन आए दिन इस तरह की घटनाएँ होती रहती हैं और सुर्खियाँ बनती रहती हैं कि प्रेम कितना घातक और जानलेवा साबित हो सकता है।
खबर भोपाल की है, और खबर यह है कि एक इंजीनियरिंग के छात्र ने अपने प्रेम ठुकराए जाने के कारण कार से कुचल कर दो छात्राओं की जान ले ली। यह खबर भयावह है और बताती है कि कुछ युवाओं के लिए प्रेम में जान देना नहीं, लेना आता है। प्रेम बलिदान है, प्रेम उत्सर्ग है और प्रेम एक बहुत ही ऊँचा मानवीय मूल्य है, लेकिन यह खबर बताती है कि प्रेम नफरत है, प्रेम बदला है और प्रेम किसी को कितना हिंसक बना सकता है। निश्चित ही यह खबर बताती है कि युवाओं के लिए प्रेम के मायने क्या हैं। यह कोई एक अकेली खबर नहीं है। इस तरह की खबरें आती रही हैं और बताती रही हैं कि युवा लव के लिए कुछ भी कर सकता है।