Publish Date: Tue, 24 Jun 2025 (00:05 IST)
Updated Date: Tue, 24 Jun 2025 (00:07 IST)
Sheikh Hasina's niece accuses Bangladesh government : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी, ब्रिटिश सांसद ट्यूलिप सिद्दीक ने ढाका में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए दुष्प्रचार अभियान चलाने का सोमवार को आरोप लगाया। लंदन में रहने वाली सिद्दीक ने अपने परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद इस वर्ष के शुरू में ब्रिटेन की वित्तमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। वह ब्रिटेन की राजधानी के हैम्पस्टेड और हाईगेट निर्वाचन क्षेत्र से सत्तारूढ़ लेबर पार्टी का प्रतिनिधित्व करती हैं।
बांग्लादेश के भ्रष्टाचार रोधी आयोग (एसीसी) ने शेख हसीना के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार के संबंध में सिद्दीक के खिलाफ जांच शुरू की है। पिछले वर्ष छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बाद हसीना की सरकार को अपदस्थ कर दिया गया था।
सिद्दीक के वकीलों द्वारा यूनुस को भेजे गए पत्र में कहा गया है, अब समय आ गया है कि मुख्य सलाहकार (यूनुस) और एसीसी सिद्दीक की प्रतिष्ठा को धूमिल करने और उनकी सार्वजनिक सेवा में हस्तक्षेप करने के पूरी तरह से गलत और गैरकानूनी अभियान को बंद कर दें।
स्काई न्यूज के अनुसार, सिद्दीक की कानूनी टीम का दावा है कि अंतरिम नेता ने उनके खिलाफ जांच में अनुचित रूप से पक्षपात किया है। सिद्दीक ने इस महीने की शुरुआत में यूनुस की ब्रिटेन यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात का अनुरोध किया था, जिसे मुख्य सलाहकार ने खारिज कर दिया था।
सिद्दीक (42) ने किसी भी गड़बड़ी के आरोपों से लगातार इनकार किया है। उन्होंने जनवरी में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर को अपना इस्तीफा भेजा था। सिद्दीक ने कहा था कि स्टॉर्मर के मंत्रियों के हितों पर स्वतंत्र सलाहकार ने उन्हें ब्रिटेन के मंत्रिस्तरीय संहिता का उल्लंघन करते हुए नहीं पाया था और कहा कि उन्होंने अनुचित तरीके से काम नहीं किया है।
लंदन की अपनी हालिया यात्रा के दौरान यूनुस ने द फाइनेंशियल टाइम्स अखबार से कहा कि ब्रिटेन की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह कथित तौर पर ब्रिटेन में आए धन का पता लगाने और उसे वापस लाने में बांग्लादेश की सहायता करे। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें