मच्छर बीमारी लाता है और माफिया बेरोजगारी; हमने दोनों का इलाज कर जड़ से मिटाया: कुशीनगर में गरजे सीएम योगी
कुशीनगर के फाजिलनगर को अब 'पावागढ़' के रूप में मिलेगी नई पहचान, सरकार ने तैयार किया प्रस्ताव
Publish Date: Tue, 02 Jun 2026 (14:53 IST)
Updated Date: Tue, 02 Jun 2026 (15:02 IST)
Yogi Adityanath News in Hindi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में कहा कि हमने माफिया को उत्तर प्रदेश से समाप्त किया है और मच्छरों को भी समाप्त किया है। मच्छर बीमारियां लाते हैं और माफिया बेरोजगारी लाते हैं। हमने दोनों का इलाज कर उन्हें जड़ से खत्म किया।
भूख से मौत थी 9 साल पहले की सच्चाई
सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर में भूख से मौत आज से 9 वर्ष पहले की सच्चाई थी, ये पिछली सरकारों के 'पाप' के कृत्य थे। उस दौर में यहां खनन माफिया, बालू माफिया और 'जंगल पार्टी' का भारी आतंक था। ना सड़क थी, ना नौकरी थी। किसान और युवा सब लोग परेशान थे। पहले यूपी में माफिया का बोलबाला था। लेकिन अब जंगलराज खत्म हुआ।
उन्होंने कहा कि 25 वर्ष से कम उम्र की युवा पीढ़ी उस खौफ और अराजकता को शायद जानती भी नहीं होगी। इसके अलावा, इंसेफ्लाइटिस जैसी खतरनाक बीमारी यहां के मासूम बच्चों की जान ले रही थी और पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल स्थिति में थी।
फाजिलनगर हुआ पावागढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 से पहले तमकुहीराज और फाजिलनगर के नाम पर सिर्फ मसखरेबाजी होती थी। विकास के बारे में कोई नहीं सोचता था। उन्होंने कहा कि अब फाजिलनगर को पावागढ़ के रूप में एक नई मान्यता देने जा रहे हैं। सरकार ने इसके नामकरण का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, राजनीति जनसेवा का एक माध्यम है और डबल इंजन सरकार सेवा, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली तथा भगवान महावीर की पावन पावा नगरी से जुड़ी पुण्यभूमि कुशीनगर में आज 424 करोड़ रुपए से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं चेक भी वितरित किए गए।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें