Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

इतिहास की जरूरत किसे है?

हमें फॉलो करें इतिहास की जरूरत किसे है?
-मधुसूदन आनंद

आज की पीढ़ी की इतिहास में दिलचस्पी कम से कम होती जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण तो यह है कि इतिहास पढ़ने से आपको भारत जैसे देश में अध्यापक की ही नौकरी मिल पाती है और वह भी मुश्किल से।

आज दुनियाभर में मानविकी अर्थात साहित्य, भाषा, इतिहास और दर्शन पढ़ने वाले छात्रों की संख्या कम होती जा रही है, जबकि साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और गणित विषयों की बेहद माँग है।

webdunia
ND
हमारे अपने यहाँ लोग तरह-तरह के कम्प्यूटर कोर्स करके नौकरियाँ पा रहे हैं। ये लोग आज और बिल्कुल अभी वाली स्थिति में जीना चाहते हैं। बेशक वे अपने भविष्य के बारे में भी सोचते हैं, लेकिन अपने अतीत के बारे में बहुत कम सोचते हैं।

ठीक है आदमी को अपने अतीत का बंधक नहीं बनना चाहिए, लेकिन समूची मनुष्य जाति के अतीत में भी दिलचस्पी रखना चाहिए कि हम कौन थे, कहाँ से आए थे, किन-किन पड़ावों से गुजरे थे और किस-किस मिट्टी, पानी, हवा और आग ने हमें गढ़ा था। इतिहास से हमें इसका जवाब मिलता है। यही कारण है कि इतिहास पढ़ा और पढ़ाया जाना चाहिए।

हाल ही में इतिहास में रुचि पैदा करने के लिए वीडियो गेम्स का विचार रखा गया है, क्योंकि विद्वानों को लगता है कि यह तरीका बच्चों को इतिहास की तरफ आकर्षित करेगा। हालाँकि वीडियो-गेम्स के जरिए इतिहास की मोटी-मोटी जानकारी तो मिल जाएगी, लेकिन इतिहास नहीं पढ़ाया जा सकेगा।

वह संभव ही नहीं है। उसके लिए तो शिक्षाविदों को नए तरीके ढूँढने होंगे। बहरहाल, यह अपने आप में एक सुखद बात है कि इतिहास और उसे पढ़ाए जाने की जरूरत के बारे में सोचा जा रहा है।

इतिहास हमारा परिचय चंद्रगुप्त मौर्य, समुद्रगुप्त, अशोक और अकबर आदि महान सम्राटों से कराता है तो यह भी बताता है कि वे भी थे तो मनुष्य ही और उनमें मनुष्य की दया और करुणा थी, तो हिंसा और प्रतिहिंसा भी थी। दीनता भी थी तो क्रूरता भी थी।
webdunia
इतिहास पढ़ना इसलिए जरूरी है, क्योंकि इतिहास मनुष्य जाति के संघर्ष, उसकी सिफत और उसके व्यवहार के बारे में हमें बताता है, जो हमारे बौद्धिक विकास के लिए जरूरी है। इतिहास से हम जानते हैं कि जिस दुनिया को आज हम देख रहे हैं, वह अपने मौजूदा रूप में कैसे हमारे सामने आई। हमारा देश कैसे बना? उसमें कहाँ-कहाँ से लोग आए? कैसे धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और सभ्यताओं ने जन्म लिया और कैसे वे मिट गईं?

इतिहास से हमें पता चलता है कि पाषाण युग में आदमी कैसे रहता था? कैसे पत्थर के औजारों का प्रयोग होता था? कैसे मिट्टी और काली मिट्टी के बर्तन बनाए जाते थे? कैसे शिकार किया जाता था? उस युग के आदमी का प्रकृति से क्या संबंध था? कैसे तांबे और लोहे के प्रयोग ने मनुष्य के जीवन में क्रांति ला दी? कैसे खेती शुरू हुई, पशुओं को पालतू बनाया गया, कबीले और समाज बने?

कैसे आग, पहिए और भाषा का अविष्कार हुआ? चित्रकला और संगीत का आविष्कार हुआ? मनुष्य सभ्य होना शुरू हुआ? राष्ट्र और राज्य बने? युद्ध लड़े गए और साम्राज्य बने? कैसे राजाओं ने आतंक पैदा किया और दूसरे राज्यों को जीतने के अभियान जारी रखे? कैसे इन युद्धों में बेकसूर मारे और लूट लिए जाते थे?

कैसे राजमहलों में षड्यंत्र होते थे, निष्ठाएँ खरीदी और बेची जाती थीं? राजाओं के रनवास और बादशाहों के हरम होते थे। स्वयंवर रचाए जाते थे और अपहरण किए जाते थे और आदिवासी समाजों में बराबर का दर्जा रखने वाली स्त्री बाद में कैसे वस्तु में बदल गई थी। इतिहास पढ़ना किसी जासूसी नॉवेल पढ़ने की तरह रोमांचक भी होता है। इतिहास गुत्थियों को सुलझाता है और हमें एक तरह से रोशनी भी देता है।

इतिहास हमारा परिचय चंद्रगुप्त मौर्य, समुद्रगुप्त, अशोक और अकबर आदि महान सम्राटों से कराता है तो यह भी बताता है कि वे भी थे तो मनुष्य ही और उनमें मनुष्य की दया और करुणा थी, तो हिंसा और प्रतिहिंसा भी थी। दीनता भी थी तो क्रूरता भी थी। अन्याय था तो न्याय के लिए चाह भी थी। ऐश्वर्य था तो दासता भी थी।

दुनियाभर में शताब्दियों तक दास प्रथा कायम थी। दासों के बाजार लगते थे। उन्हें खरीदा और बेचा जाता था। बांदियाँ और लौंडियाँ होती थीं जो चुटकी बजाते ही आदाब बजा ले जाती थीं। इतिहास हमारी आँखें खोलता है। मानवीय गतिविधियाँ कई तरह से कई स्तरों पर चलती रहती हैं। इतिहास उनके अर्थ खोलता है और उनमें रुझान और प्रवृत्तियाँ ढूँढता है। वह तमाम घटनाओं को तरतीब से इकट्ठा करता है, उन्हें आपस में जोड़ता है और उनकी व्याख्या करता है।

घटनाओं की सही संदर्भों में सही व्याख्या करना ही इतिहास के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है। सच्चा इतिहास राजवंशों का इतिहास नहीं होता, बल्कि तत्कालीन समाजों का इतिहास होता है और इतिहासकार किसी राज्य, राजा, उसके युद्ध और हार-जीतों के ब्योरे ही नहीं बताते, उनके जरिए तब के सामाजिक-आर्थिक-सांस्कृतिक परिदृश्य और मनुष्य की दशा और दिशा को भी बताने का प्रयास करते हैं।

आजकल इसी सबाल्टर्न हिस्ट्री की धारा जोड़ पकड़ रही है, जिसमें तत्कालीन समाज के आम आदमी के रहन-सहन, रीति-रिवाजों, मान्यताओं और संघर्षों के जरिए इतिहास की पुनर्रचना की जाती है।

इतिहास हमारी आँखें खोलता है। मानवीय गतिविधियाँ कई तरह से कई स्तरों पर चलती रहती हैं। इतिहास उनके अर्थ खोलता है और उनमें रुझान और प्रवृत्तियाँ ढूँढता है। वह तमाम घटनाओं को तरतीब से इकट्ठा करता है, उन्हें आपस में जोड़ता है और उनकी व्याख्या करता है।
webdunia
भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में इस तरह के इतिहास लेखन की जरूरत निस्संदेह सबसे ज्यादा होना चाहिए। इतिहास हमारे मन में बसी मूर्तियों को तोड़ता है और फिर से गढ़ता है, क्योंकि इतिहासकार के पास अपने ब्योरे नहीं होते, वह बीती हुई घटनाओं के उपलब्ध ब्योरों के तत्कालीन समाज के बारे में उपलब्ध साक्ष्यों और उस काल के साहित्य आदि के आधार पर व्याख्या करता है।

कई बार ये ब्योरे बढ़ा-चढ़ाकर बताए गए होते हैं तो कई बार ऐतिहासिक साक्ष्य भी तुड़े-मुड़े रूप में सामने आते हैं। फिर उन घटनाओं को देखने और समझने का नजरिया भी कभी एक सा नहीं होता। हर व्यक्ति की अलग व्याख्या होती है। यही कारण है कि दो इतिहासकारों की व्याख्याएँ प्रायः अलग-अलग होती हैं।

मसलन भारत को ही अगर लें तो इतिहासकारों का एक बड़ा तबका मानता है कि आर्य बाहर से आए थे, जबकि दूसरा तबका मानता रहा है कि आर्य भारत के ही मूल निवासी थे। ऐतिहासिक साक्ष्य बताते हैं कि सिंधु घाटी की सभ्यता (मोहनजोदड़ों आदि) आर्यों से पहले की है, जो उन्नत थी मगर जिसमें न घोड़े थे, न लोहे से बने अस्त्र।

अपनी उन्नत युद्ध कला की बदौलत उन्होंने सिंधु घाटी जैसी सभ्यता को नष्ट कर डाला। तो दूसरे वर्ग के इतिहासकार कहते हैं कि भारत में सिंधु घाटी की सभ्यता से पहले के काल की ऐसी मुहरें मिली हैं, जिन पर पहिए के निशान हैं और यह भी पता चला है कि तब रथ होते थे जिनमें घोड़े जुतते थे।

भारत के लोगों ने इतिहास के बजाय हमेशा मिथकों से काम चलाया। यहाँ अपना इतिहास लिखकर छोड़ने की कोई परंपरा रही ही नहीं। इसलिए भारत के प्राचीन इतिहास को लेकर कोई एक राय नहीं रही। मगर इतिहास के दो अलग-अलग संस्करणों का पढ़ना भी उतना ही दिलचस्प होता है।
webdunia
मध्य एशिया से आने वाले लोग बेशक घोड़े तो ला सकते थे, मगर वहाँ के भूगोल को देखते हुए वहाँ रथ का प्रयोग मुश्किल लगता है। इसके लिए तो गंगा यमुना का मैदानी इलाका चाहिए। इन दो व्याख्याओं से जाहिर है कि इतिहास लिखना मुश्किल काम है।

ऐसे ही हम लोग भारत में अकबर को एक महान सम्राट मानते हैं और स्थापत्य कला, साहित्य, खानपान, युद्ध कला और संगीत आदि में अपूर्व योगदान के लिए मुगलों की प्रशंसा करते हैं, जबकि पाकिस्तान में अकबर खलनायक और औरंगजेब नायक है।

भारत में भी ऐसे लोगों की कमी नहीं है, जो मुगलों के शासन को भारतीय संस्कृति और धर्म के क्षय के रूप में देखते हैं। इसी तरह ब्रिटिश हुकूमत के भारत में योगदान को लेकर भी अलग-अलग मत हैं।

इतिहास नए-नए साक्ष्यों और व्याख्याओं के साथ विभिन्न नजरियों का अंतर कम करने का काम करता है, लेकिन राष्ट्रवाद, जो इतिहास की अपेक्षा एक नई अवधारणा है, इतिहास को हमेशा अपने पक्ष में मोड़ने का काम करता है। जैसे महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी का मुगलों से संघर्ष विदेशी बनाम राष्ट्रवादी में रूपांतरित हो गया।

भारत के लोगों ने इतिहास के बजाय हमेशा मिथकों से काम चलाया। यहाँ अपना इतिहास लिखकर छोड़ने की कोई परंपरा रही ही नहीं। इसलिए भारत के प्राचीन इतिहास को लेकर कोई एक राय नहीं रही। मगर इतिहास के दो अलग-अलग संस्करणों का पढ़ना भी उतना ही दिलचस्प होता है।

प्रसिद्ध इतिहासकार इरफान हबीब ने लिखा है कि इतिहास की उपयोगिता का अर्थ यह नहीं है कि आज जो रीति-रिवाज जो परंपराएँ चल रही हैं, उनका औचित्य सिद्ध करने के लिए जानबूझकर अतीत को खंगाला जाए। उसके लिए तो माइथोलॉजी या पौराणिक कथाएँ ही काफी होती हैं।

मसलन हमारे यहाँ बुद्ध की ऐतिहासिक जीवनी के बजाय उनके पिछले जन्मों की कथाएँ या जातक अधिक लोकप्रिय हुईं। इसलिए कह सकते हैं कि इतिहास की जरूरत उन्हें है, जो अतीत का ठीक-ठीक ब्योरा पढ़ना चाहते हैं और इस तरह अतीत की पुनर्रचना करना चाहते हैं।

इसकी जरूरत उन समाजों को होती है, जो इसके जरिए ऐसी सामूहिक चेतना का विकास करना चाहते हैं, जो छोटे-मोटे परिवर्तनों को अंगीकार करके मनुष्य जाति की उन्नति और विकास में सहायक बने। (नईदुनिया)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi