Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

9 अगस्त : अगस्त क्रांति का ऐतिहासिक दिन

ऋषिकेश कुमार गौतम

Advertiesment
हमें फॉलो करें 9 अगस्त
राम मनोहर लोहिया ने भारत छोड़ो आंदोलन की पचीसवीं वर्षगांठ पर लिखा था, '9 अगस्त का दिन हम भारतवासियों के जीवन की महान घटना है और यह हमेशा बनी रहेगी। 15 अगस्त राज्य की महान घटना है, अभी तक हम 15 अगस्त को धूमधाम से मनाते हैं,क्योंकि उस दिन ब्रिटिश वायसराय माउंटबेटन ने भारत के प्रधानमंत्री के साथ हाथ मिलाया था और क्षतिग्रस्त आजादी हमारे देश को दी थी, वहीं 9 अगस्त देश की जनता की उस इच्छा की अभिव्यक्ति थी जिसमें उसने यह ठान लिया था कि हमें आजादी चाहिए और हम आजादी ले कर रहेंगे।'

हमारे देश के लंबे इतिहास में पहली बार करोड़ों लोगों ने आजादी की अपनी इच्छा जाहिर की थी। कुछ जगहों पर इसे जोरदार ढंग से प्रकट भी किया गया था।'

FILE


अगस्त क्रांति यानी 9 अगस्त। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में अगस्त क्रांति के नाम से मशहूर भारत छोड़ो आंदोलन का करीब तीन-चार साल का दौर अत्यंत महत्त्वपूर्ण होने के साथ पेचीदा भी था। यह आंदोलन देशव्यापी था जिसमें बड़े पैमाने पर भारत की जनता ने हिस्सेदारी की और अभूतपूर्व साहस और सहनशीलता का परिचय दिया।



लोहिया ने ट्राटस्की के हवाले से लिखा है कि रूस की क्रांति में वहां की सिर्फ एक प्रतिशत जनता ने हिस्सा लिया था,जबकि भारत की अगस्त क्रांति में देश के बीस प्रतिशत लोगों ने हिस्सेदारी की थी। 8 अगस्त 1942 को ‘भारत छोड़ो’प्रस्ताव पारित हुआ और 9 अगस्त की रात को कांग्रेस के बड़े नेता गिरफ्तार कर लिए गए।

webdunia
FILE


इस वजह से आंदोलन की सुनिश्चित कार्ययोजना नहीं बन पाई थी। कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी का अपेक्षाकृत युवा नेतृत्व सक्रिय था,लेकिन उसे भूमिगत रह कर काम करना पड़ रहा था। इसी दौरान जेपी ने क्रांतिकारियों का मार्गदर्शन करने, उनका हौसला अफजाई करने और आंदोलन का चरित्र और तरीका स्पष्ट करने वाले ‘आजादी के सैनिकों के नाम’दो लंबे पत्र अज्ञात स्थानों से लिखे। भारत छोड़ो आंदोलन के महत्त्व का एक पक्ष यह भी है कि आंदोलन के दौरान जनता खुद अपनी नेता थी।



भारत छोड़ो आंदोलन देश की आजादी के लिए एक निर्णायक मोड़ था। विभिन्न स्रोतों से आजादी की जो इच्छा और उसे हासिल करने की जो ताकत भारत में बनी थी,उसका अंतिम प्रदर्शन भारत छोड़ो आंदोलन में हुआ। आंदोलन ने इस बात पर निर्णय किया गया कि आजादी की इच्छा में भले ही नेताओं का भी साथ था लेकिन उसे हासिल करने की ताकत निर्णायक रूप से जनता की थी।


webdunia
FILE


यह ध्यान देने की बात है कि गांधीजी ने आंदोलन को समावेशी बनाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में दिए अपने भाषण में समाज के सभी तबकों को संबोधित किया था- जनता, पत्रकार, नरेश, सरकारी अमला, सैनिक, विद्यार्थी आदि । यहां तक कि उन्होंने अंग्रेजों,यूरोपीय देशों और मित्र राष्टों को भी अपने उस भाषण के जरिए संबोधित किया था। सभी तबकों और समूहों से देश की आजादी के लिए ‘करो या मरो’ के उनके व्यापक आह्वान का आधार उनका पिछले पचीस सालों के संघर्ष का अनुभव था। भारत छोड़ो आंदोलन के जो भी घटनाक्रम,प्रभाव और विवाद रहे हों, मूल बात थी भारत की जनता में लंबे समय से पल रही आजादी की इच्छा का विस्फोट।



इस आंदोलन के दबाव में भारत के आधुनिकतावादी मध्यमवर्ग से लेकर सामंती नरेशों तक को यह लग गया था कि अंग्रेजों को अब भारत छोड़ना होगा। इसलिए अपने वर्ग-स्वार्थ को बचाने और मजबूत करने की फिक्र उन्हें लगी। प्रशासन का लौह-शिकंजा और उसे चलाने वाली भाषा तो अंग्रेजों की बनी ही रही,साथ ही विकास का मॉडल भी वही रहा।

webdunia
FILE


भारत का ‘लोकतांत्रिक, समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष’ संविधान भी पूंजीवाद और सामंतवाद के गठजोड़ की छाया से पूरी तरह नहीं बच पाया। अंग्रेजों के वैभव और रौब-दाब की विरासत,जिससे भारत की जनता के दिलों में भय बैठाया जाता था,भारत के शासक वर्ग ने अपनाए रखी। दिन ब दिन वह उसे मजबूत भी करता चला गया। गरीबी, भ्रष्टाचार, महंगाई, बीमारी, बेरोजगारी, शोषण, कुपोषण, विस्थापन और किसानों के आत्महत्याओं का मलबा बने हिंदुस्तान में शासक वर्ग का यह वैभव हमें अश्लील जरूर लगता है लेकिन वह उसी में डूबा हुआ है।

सेवाग्राम और साबरमती आश्रम के छोटे और कच्चे कक्षों में बैठ कर गांधी को दुनिया की सबसे बड़ी साम्राज्यशाही से राजनीतिक-कूटनीतिक संवाद करने में असुविधा नहीं हुई। यहां तक कि अपना चिंतन-लेखन-आंदोलन करने में भी नहीं। लेकिन भारत के शासक वर्ग ने गांधी से कोई प्रेरणा नहीं ली। गांधी का आदर्श अगर सही नहीं था तो वह सादगी का कोई और आदर्श सामने रख सकते थे,लेकिन उनके जैसी कोई बात इतने वर्षों बाद आज तक नहीं दिखी ।

अपने जमाने में राममनोहर लोहिया ने आजाद भारत के शासक-वर्ग और शासनतंत्र की सतत और विस्तृत आलोचना की थी। उन्होंने उसे अंग्रेजी राज का विस्तार बताया था। शायद उन्हें लगा होगा कि उनकी आलोचना से राजनेताओं और शासक वर्ग का चरित्र बदलेगा,शासनतंत्र में परिवर्तन आएगा और भारत की अवरुद्ध क्रांति आगे बढ़ेगी, लेकिन इतने सालों बाद भी उनके इस कथन का जरा-सा भी असर हमारे शासक -वर्ग में नहीं हुआ ।

आज जब हम अगस्त क्रांति की 71वीं सालगिरह मना रहे हैं तो सोचें कि क्या हम जनता का पक्ष मजबूत करना चाहते हैं? या स्वतंत्रता आंदोलन के प्रेरणा-प्रतीकों,प्रसंगों और विभूतियों का उत्सव मना कर उनके सारतत्त्व को खत्म कर देना चाहते हैं?

समाप्त

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi