Publish Date: Tue, 23 Feb 2016 (10:15 IST)
Updated Date: Tue, 23 Feb 2016 (14:44 IST)
सिडनी। दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित द्वीपीय देश फिजी में आए विनाशकारी चक्रवाती तूफान 'विंस्टन' से हुए नुकसान का पता लगाने के लिए प्रशासन मंगलवार को भी सुदूर इलाकों में पहुंचने की कोशिश में लगा है। शनिवार को आए इस तूफान की चपेट में आकर 29 लोग मारे गए थे।
तूफान के कारण सुदूर इलाकों में हुए जान और माल के नुकसान की जानकारी अभी तक नहीं मिली है इसके लिए प्रशासन अब भी प्रयास कर रहा है। आशंका जतायी जा रही है कि सुदूर इलाकों से जानकारी मिलने के बाद नौ लाख की आबादी वाले इस द्वीपीय देश में हताहतों की संख्या बढ सकती है।
फिजी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जो तस्वीरें लगाईं है उनमें कई गांव के गांव बाढ के पानी में डूबे नजर आ रहे है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तूफान के दौरान 325 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण फिजी के सांतवे बड़े द्वीप कोरो में भयानक तबाही हुई है।
इस तूफान के कारण घर और फसल पूरी तरह से बरबाद हो गई हैं और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से नष्ट हो गइल है। अभी आठ हजार से अधिक लोगों ने 70 बचाव केंद्रों मे शरण ली हुई है। सरकार ने कहा है कि सुदूर द्वीपों में राहत एवं बचाव के लिए नौकाएं भेजी जायेंगी ताकि वहां फंसे लोगों को जल्द से जल्द मदद मिल सके। (भाषा)