Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

शपथ के साथ सत्याग्रह खत्म - लगातार 24 घंटे तक दिया धरना -नेताओं ने केन्द्र को जमकर कोसा

Advertiesment
हमें फॉलो करें इंदौर समाचार
इंदौर , मंगलवार, 7 जून 2011 (23:08 IST)
बाबा रामदेव के आंदोलन को केन्द्र सरकार द्वारा बर्बरतापूर्वक कुचलने के विरोध में भाजपा के 24 घंटे के धरने का समापन मंगलवार की सुबह हुआ। धरने में उपस्थित नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प भी लिया।
...हनुमान की पूँछ में आग
सांसद सुमित्रा महाजन ने समापन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी प्रजातंत्र को कुचल नहीं सकता है। बाबा रामदेव के भ्रष्टाचार विरोधी सत्याग्रह को केन्द्र सरकार ने यह कहकर दबाने का प्रयास किया कि आंतरिक सुरक्षा को खतरा है। दरअसल खतरा कांग्रेस के अस्तित्व को है। उन्होंने कहा कि बाबा के पांडाल में पुलिस द्वारा लगाई गई आग पवनपुत्र हनुमान के पूंछ में लगाई आग के समान है, जो कांग्रेस की भ्रष्टाचार और अत्याचार की लंका को जलाकर राख कर देगी।
संत राधे-राधे बाबा ने कहा कि यूपीए सरकार के पतन का दौर आ गया है। जब-जब संतों पर अत्याचार होता है। तब-तब देश की जनता उठ खड़ी होती है। समापन पर भाजपा नगर अध्यक्ष शंकर लालवानी ने उपस्थित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र की रक्षा की संकल्प दिलाया।
समापन अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू माखीजा, विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा, प्रदेश सह-प्रवक्ता उमेश शर्मा, नगर महामंत्री कमलेश शर्मा, संभागीय मीडिया प्रभारी आलोक दुबे, नगर उपाध्यक्ष रामदास गर्ग आदि ने संबोधित किया। धरने में महापौर कृष्णमुरारी मोघे, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सत्यनारायण सत्तन, बाबूसिंह रघुवंशी, सुदर्शन गुप्ता आदि के अलावा जैन समाज व सिख समाज भी शामिल हुआ। संचालन महामंत्री कमल बाघेला ने किया एवं आभार मंत्री कमलेश नाचन ने माना।
रात भर जागते रहे
24 घंटे तक लगातार चले इस धरने में भाजपा कार्यकर्ता रातभर जागते रहे। मनोरंजन के लिए कविता, गीत-गजल का सहारा भी लिया गया। धरने में सभी 11 मंडल, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। उत्तमसिंह अहलूवालिया ने भ्रष्टाचार विरोधी गीतों से समा बांधा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi