मक्खी मारकर चीनी मीडिया में छाई बुजुर्ग महिला
बीजिंग , सोमवार, 28 अप्रैल 2014 (12:12 IST)
बीजिंग। आमतौर पर मक्खी मारने वाले को हम निठल्ला समझते हैं और लोग उनका मजाक उड़ाते हैं लेकिन चीन की 80 साल की एक महिला मक्खी मारकर अपने पड़ोसियों की चहेती बन गई हैं।स्थानीय मीडिया के अनुसार पूर्वी चीन के हैंगझाउ शहर की चांगमिंगशिजियांग कम्युनिटी में रहने वाली रूआंग तांग पिछले 14 साल से इस काम को अपनी ड्यूटी मानकर रही है। वे सप्ताह के सातों दिन 8-8 घंटे तक मक्खी मारने का काम करती हैं।रूआंग ने कहा कि वे प्रतिदिन लगभग 1,000 मक्खियां मारती हैं। कभी-कभी वे किसी कूड़ेदान के बगल में 2 घंटे बैठकर मक्खी मारती रहती हैं। सेवानिवृत्त होने के बाद से वे इस काम को कर रही हैं।उन्होंने कहा कि मैं रिटायर होने के बाद समाज के लिए कुछ अच्छा करना चाहती थी और मुझे यह सबसे अच्छा तरीका लगा। इस तरह मैं इतनी अधिक उम्र में भी लोगों के काम आ रही हूं। मैंने देखा कि मक्खियां किस तरह गर्मियों में लोगों को परेशान करती हैं।मक्खियां गंदगी फैलाती हैं, इनसे बीमारी होती है और ये बहुत तेजी से बच्चे पैदा करती हैं। इन्हें मारना भी काफी मुश्किल होता है।रूआंग ने कहा कि मुझे लगता है कि मैं अपने पड़ोसियों की मदद कर रही हूं। इस उम्र में ऐसा काम करना मेरी सेहत के लिए भी अच्छा है। (वार्ता)