Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भागवत झा आजाद का निधन

Advertiesment
हमें फॉलो करें पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद का निधन
नई दिल्ली , मंगलवार, 4 अक्टूबर 2011 (20:18 IST)
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद का मंगलवार तड़के दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। 89 वर्षीय आजाद पिछले 11 सितंबर से एम्स में भर्ती थे।

राजधानी के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर आज दोपहर उनकी अंत्येष्टि की गई। आजाद के ज्येष्ठ पुत्र और एम्स में प्रोफेसर डॉ. राजवर्धन आजाद ने अपने पिता को मुखग्नि दी। आजाद के परिवार में तीन पुत्र हैं, इनमें भाजपा संसद कीर्ति आजाद सबसे छोटे हैं, जबकि मंझले पुत्र भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं।

भागवत झा आजाद चौदह फरवरी 1988 से 10 मार्च 1989 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। वे भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से छह बार सदस्य चुने गए थे। केंद्र में भी वह कई विभागों के मंत्री रहे।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने शोक जताया : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अनेक नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक अनुभवी नेता खो दिया। बिहार में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।

स्विटजरलैण्ड की यात्रा पर गई राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने अपने शोक संदेश में कहा कि आजाद एक बड़ी हस्ती थे, जिन्होंने बिहार के लोगों के कल्याण के लिए काफी काम किया। वहीं, प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने आजाद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें सार्वजनिक जीवन में लंबे अनुभव वाला बड़े कद का नेता बताया।

उनके अंतिम संस्कार में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी, सैयद शाहनवाज हुसैन के अलावा बिहार से भाजपा के प्रतिनिधि एवं राज्य के मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और कांग्रेस नेता शकील अहमद शामिल थे। आजाद के बेटे और भाजपा सांसद कीर्ति आजाद को भेजे अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि आजाद के निधन से देश ने एक लंबे और बेशकीमती अनुभव वाला नेता खो दिया है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष यूएन चौधरी, विधानसभा में विरोधी दल के नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी सहित कई गणमान्य लोगों ने आजाद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंदसिंह ने भी आजाद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi