राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुडे़ भाजपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश माथुर को राजस्थान प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष मनोनीत करने के फरमान ने अपनी सरकार की चौथी सालगिरह पर जुटी भीड़ और हिमाचल प्रदेश एवं गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली सफलता से उत्साहित राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को झकझोर दिया।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को डॉ. महेशचन्द शर्मा को अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के लिए चार दिनों तक जबर्दस्त कोशिश के बावजूद भी कामयाबी नहीं मिली। माथुर सोमवार को नया पद भार ग्रहण करेंगे।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुजरात में भाजपा पक्ष में आए चुनाव परिणाम के बाद आनन -फानन में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर पाँच सदस्यों को शामिल किया। इसके साथ ही चार संसदीय सचिव और राजनीतिक नियुक्तियाँ कर इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संकेत दे दिए।
बहरहाल डॉ. महेशचन्द शर्मा के स्थान पर ओमप्रकाश माथुर को प्रदेश अध्यक्ष बना देने की घोषणा ने मुख्यमंत्री को चकित कर दिया। सत्ता एवं संगठन में बेहतर तालमेल का दावा कर रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेशचन्द शर्मा भी इस नियुक्ति से अचंभित हो गए। मुख्यमंत्री ने शर्मा को इसी पद पर बनाए रखने के लिए पार्टी उच्च कमान पर दबाव बनाया लेकिन सफलता नहीं मिली।
माथुर की नियुक्ति को रद्द करवाने के लिए चली मशक्कत ने सत्ता एवं संगठन के खिलाफ लंबे समय से चल रही असंतुष्ट गतिविधियों की खबरों पर ठप्पा लगा दिया है। यह अलग बात है कि निवर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा एवं मुख्यमंत्री वसुंधरा ने असंतुष्ट गतिविधियों को मंजूर नहीं किया।
भाजपा सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विधानसभा चुनाव तक प्रदेश अध्यक्ष पद पर शर्मा को ही बनाए रखना चाहती थीं, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने इसे मंजूर नहीं किया।
भाजपा संगठन एवं सत्ता के गलियारों में चर्चा थी कि मुख्यमंत्री सत्ता वापसी के लिए ताबड़तोड़ राजनीतिक नियुक्तियाँ करेंगी व मतदाताओं को लुभाने के लिए घोषणाएँ कर पार्टी एवं मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर अपने खिलाफ आवाज उठा रहे असंतुष्टों पर अंकुश लगाएँगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर माथुर की ताजपोशी सत्ता एवं संगठन में बने नए समीकरण से राजस्थान में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की चमक धुँधली होगी या चमकेगी यह तो परिणाम बताएँगे, लेकिन पार्टी और आम लोगों में चल रही बातों को माना जाए तो पार्टी आलाकमान ने माथुर की ताजपोशी कर मुख्यमंत्री को असंतुष्टों के प्रति रवैया बदलने का संदेश जरूर दे दिया।