Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जीव ने सिंगापुर ओपन जीता

Advertiesment
हमें फॉलो करें जीव मिल्खासिंह
सेंटोसा (भाषा) , सोमवार, 17 नवंबर 2008 (15:48 IST)
जीव मिल्खासिंह ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सिंगापुर ओपन गोल्फ टूर्नामेंट और सात लाख 95 हजार 500 डॉलर अपने नाम किए जिससे उनका एशियाई टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट खिताब जीतना भी सुनिश्चित हो गया।

जीव ने दिन की शुरुआत पाँच शाट की बढ़त से की तथा चौथे और अंतिम दौर में दो अंडर 69 का स्कोर बनाया जिससे उनका स्कोर सात अंडर 277 हो गया जिससे उन्होंने वर्ष का अपना तीसरा खिताब हासिल किया।

इससे पहले उन्होंने यूरोपीय टूर में बैंक ऑस्ट्रिया गोल्फ ओपन और जापान टूर में सेगा सैमी कप जीता था।

अर्नी एल्स और पैडरेग हैरिंगटन को नतीजे को प्ले ऑफ में पहुँचाने के लिए अंतिम होल में बर्डी की जरूरत थी। हैरिंगटन जहाँ पाँच फुट से गेंद होल में नहीं डाल पाए वहीं एल्स भी 15 फुट से ऐसा करने में असफल रहे जिससे जीव आसानी से खिताब अपने नाम कर गए।

जीव ने बाद में कहा कि पैडरेग और अर्नी ने अच्छा प्रयास किया था लेकिन गोल्फ का भगवान आज मेरे साथ था।

उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कहूँ तो पिछले दो सप्ताह मैंने इतना अच्छा खेल नहीं दिखाया था इसलिए मैं कह रहा हूँ कि ईश्वर मेरे साथ था और मेरे साथ सब कुछ अच्छा हुआ।

जीव ने लगातार दूसरे दिन दो बर्डी से शुरुआत की। उन्होंने सातवें और 11वें होल में भी बर्डी की और एक समय वे चार अंडर के स्कोर पर चल रहे थे, लेकिन 13वें और 16वें होल में बोगी करने से अंतिम क्षणों में मुकाबला रोचक हो गया।

जीव ने अंतिम दो होल में पार शाट लगाए। भाग्य भी उनके साथ जो कि एल्स और हैरिंगटन चूक गए जबकि इन दोनों के नाम पर कुल मिलाकर छह मेजर खिताब दर्ज हैं।

जीव ने इन दोनों गोल्फरों पर एक शाट की बढ़त बनाकर खिताब अपने नाम किया।
इस भारतीय गोल्फर ने एक सत्र में दस लाख डॉलर की कमाई का आँकड़ा छूकर भी नया इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि मैं भाग्यशाली था जो यहाँ जीत दर्ज करने में सफल रहा।

अन्य भारतीयों में गौरव घई ने 76 का स्कोर बनाया और 287 के साथ संयुक्त रूप से 22वें स्थान पर रहे। यूरोपीय टूर में खेलने वाले शिव कपूर (289) 31वें जबकि ज्योति रंधावा उनसे एक शाट पीछे रहे।

इंडियन मास्टर्स विजेता एसएसपी चौरसिया ने 291 का स्कोर बनाया और वे संयुक्त रूप से 41वें स्थान पर रहे जबकि टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करने वाले दिग्विजय सिंह को दस ओवर 294 के साथ संयुक्त रूप से 58वें नंबर से संतोष करना पड़ा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi