Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दिल्ली में होगा 2010 हॉकी विश्वकप

Advertiesment
हमें फॉलो करें दिल्ली में होगा 2010 हॉकी विश्वकप
हैदराबाद (वार्ता) , शुक्रवार, 18 जुलाई 2008 (17:47 IST)
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने सभी अटकलों और अनिश्चितताओं को विराम देते हुए स्पष्ट किया कि 2010 पुरुष हॉकी विश्वकप दिल्ली में ही होगा।

एफआईएच और भारतीय ओलि‍म्‍पिक संघ (आईओसी) की तदर्थ समिति के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। एफआईएच की अध्यक्ष एल्स वान ब्रेडा व्रीजमैन ने बैठक के बाद कहा कि वर्ष 2010 के विश्वकप की मेजबानी के बारे में कोई संदेह या अनिश्चितता नहीं है।

यह निश्चित रूप से दिल्ली में ही होगा। व्रीजमैन ने कहा कि देश में हॉकी के स्तर में सुधार लाने के लिए एफआईएच ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को भारत में कराने का फैसला लिया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी में नई जान फूँकने के उद्देश्य से एफआईएच इसे एक अवसर के रूप में देखता है। हम भारत में अधिकाधिक टूर्नामेंट आयोजित कराने पर विचार कर रहे हैं।

भारतीय हॉकी के तकनीकी सलाहकार रिक चार्ल्सवर्थ के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर एफआईएच अध्यक्ष ने कहा कि हमारे हिसाब से बतौर तकनीकी सलाहकार उनकी भूमिका समाप्त हो चुकी है। भारतीय हॉकी के बारे में उन्होंने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और उनका काम खत्म हो गया है।

उन्होंने कहा कि चार्ल्सवर्थ तकनीकी सलाहकार के तौर पर भारत आए थे और देश में हॉकी के विकास के लिए उन्होंने जो कदम सुझाए हैं, उन्हें अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। उनकी रिपोर्ट की एक प्रति तदर्थ समिति के अध्यक्ष मोहम्मद असलम को दे दी गई है।

एफआईएच अध्यक्ष ने कहा कि चार्ल्सवर्थ मुद्दे का 2010 विश्वकप से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन विश्वकप का संबंध भारतीय हॉकी के स्तर में सुधार लाने के लिए बनाई गई परियोजना की सिफारिशों के सफल क्रियान्वयन से है। अब परियोजना क्रियान्वयन के लिए तैयार है और हमें उम्मीद है कि आईओए इस पर अतिशीघ्र काम शुरू कर देगा।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi