Publish Date: Sat, 30 Sep 2023 (11:24 IST)
Updated Date: Sat, 30 Sep 2023 (11:52 IST)
Asian Games News : भारत के सरबजोत सिंह और दिव्या टीएस को एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में चीनी जोड़ी से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। चीन के झांग बोवेन और जियांग रेंशिन की जोड़ी ने फाइनल 16-14 से जीता।
क्वालीफिकेशन में सरबजोत ने 291 स्कोर किया जबकि दिव्या का स्कोर 286 रहा। दोनों का कुल स्कोर 577 रहा और वे क्वालीफिकेशन में चीन से एक अंक आगे रहे थे।
फाइनल में भारत और चीन के निशानेबाजों में जबरदस्त मुकाबला हुआ। पुरूषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में अर्जुन सिंह चीमा और शिवा नरवाल के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले सरबजोत भारत को स्वर्ण दिलाने के करीब थे लेकिन दिव्या ने आखिर में कुछ खराब निशाने लगाये जिससे चीन ने बढ़त बना ली।
आखिरी शॉट पर 9.9 लगाने वाले 22 वर्ष के सरबजोत ने कहा, 'मैं थोड़ा नर्वस था। बहुत ज्यादा दबाव था। मैने मैच के पहले और बाद में पेट से सांस लेने का अभ्यास किया।'
दिव्या ने कहा कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया। फाइनल्स में अपने प्रदर्शन से मैं खुश हूं। पहले से आखिरी शॉट तक मुझे मजा आया।
भारत ने इन खेलों में निशानेबाजी में 6 स्वर्ण, 8 रजत और 5 कांस्य समेत 19 पदक जीत लिए हैं। एशियन गेम्स में भारत 8 गोल्ड, 13 सिल्वर और 13 कांस्य पदकों के साथ कुल 34 पदक जीत चुका है। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है।
Edited by : Nrapendra Gupta