Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

2016 का वार्षिक भविष्यफल जानिए मूलांक के अनुसार...

Advertiesment
हमें फॉलो करें 2016 का वार्षिक भविष्यफल जानिए मूलांक के अनुसार...
webdunia

पं. उमेश दीक्षित

मूलांक द्वारा 2016 का वार्षिक भविष्य-फल 
 

 
मूलांक (1)
 
जिन व्यक्तियों का जन्म 1, 10, 19 व 28 तारीख को हुआ हो, उनका मूलांक 1 होता है जिसका प्रतिनिधि सूर्य ग्रह होता है। सभी ग्रहों का अधिपति सूर्य है। अत: इस अंक के जातक तेजस्वी, साहसी, कर्मठ व निरंतर कार्य करने वाले व परिश्रमी होते हैं। अक्टूबर, नवंबर व दिसंबर में उत्साहहीनता व कमजोर स्वास्थ्य का अनुभव करेंगे।

मार्च, अप्रैल, मई, जून व जुलाई का समय उन्नत, श्रेष्ठ व प्रभावशाली रहेगा। रविवार व सोमवार को किए गए कार्य सफलता देंगे। दिनांक 1, 4, 10, 13, 19, 22 एवं 28 को भी सौदे, कॉन्ट्रेक्ट, जरूरी हस्ताक्षर, नए कार्य की शुरुआत की जा सकती है। दिनांक 7, 16 व 25 को नया कार्य प्रारंभ नहीं करें। 

webdunia

 
पीला या तांबई रंग आपके अनुकूल रहेगा।
 
माणिक्य रत्न भाग्योदय करवा सकता है।
 
सूर्य की उपासना, गायत्री मंत्र जाप, सूर्य को जल चढ़ाना अपनी नित्य क्रिया में शामिल करें।
 
कुल मिलाकर यह वर्ष काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। पिछली सारी कठिनाइयां दूर होंगी। नए व्यक्ति संपर्क में आएंगे। प्रति‍योगिता, शिक्षा, लेखन, व्यापार, मशीन आदि की दृष्टि से बड़ी उपलब्धि होगी।
 
स्वास्थ्य की दृष्टि से हृदयरोग, रक्तचाप, एलर्जी व नेत्र पीड़ा हो सकते हैं।
 
कल्याणकारी उपाय- सूर्योपासना, रविवार को नमकरहित भोजन या व्रत कष्ट कम करेगा।
 

 

मूलांक (2)

webdunia

 
 
मूलांक 2 का प्रतिनिधि ग्रह चन्द्रमा है। जिन लोगों का जन्म 2, 11, 20 व 29 ता. को हुआ हो, उनका मूलांक 2 होता है। ये व्यक्ति सहृदय, कल्पनाप्रिय, भावुक एवं मधुरभाषी होते हैं। जैसे चन्द्रमा की कलाएं घटती-बढ़ती रहती हैं, वैसे ही इनकी मन:स्थिति एक-सी नहीं रहती। इनका शरीर कमजोर तथा ये मानसिक रूप से सबल होते हैं। इन्हें 'ना' कहना नहीं आता। प्रेम तथा सौंदर्य में महारथ हासिल होती है। आशंका-कुशंका तथा आत्मविश्वास की कमी से ग्रस्त होते हैं।
 
सोमवार शुभ दिन है तथा 2, 11, 20 व 29 तारीखें अत्यंत शुभ तथा 1, 4, 7, 10, 13, 16, 19, 22 एवं 25 तारीखें मध्यम शुभ मानी जाती हैं। इन दिवसों तथा तारीखों में कार्य का प्रारंभ तथा महत्वपूर्ण कार्य सफलता देंगे। पिस्ता रंग, सफेद रंग तथा रत्नों में मोती व चांदी की अंगूठी धारण करें। शंकरजी की उपासना तथा चन्द्र दर्शन तथा जल चढ़ाने से सौभाग्य वृद्धि होगी। वर्ष का मध्य शुभ रहेगा। 5, 14 व 23 तारीख तथा अंकों से बचें। काला, नीला व बैंगनी रंग को दूर रखें। 
 
इस वर्ष स्वयं में आकर्षण अनुभव करेंगे। साझेदारी देखकर करें। कार्य की व्यवस्था में लापरवाही न करें। जल्दबाजी हानिकर रहेगी। बाधाएं धीरे-धीरे दूर होंगी। स्वार्थी लोगों से बचना होगा। भूमि, मकान व फैक्टरी आदि की प्राप्ति संभव है।
 
स्वास्थ्य की दृष्टि से स्नायु संबंधी रोग, पेट के रोग व फेफड़े में संक्रमण हो सकता है। छुआछूत से बचें।
 
कल्याणकारी उपाय- शिवजी को दूध चढ़ाएं। चन्द्रमा को अर्घ्य प्रदान करें। प्रदोष व्रत करें। विपरीत लिंगी से दूरी बनाएं। 
 

 

मूलांक (3)
 
webdunia

 
मूलांक 3 के जातक 3, 12, 21 व 30 को जन्म लेने वाले होते हैं। वे शक्ति, साहस, दृढ़ता के प्रतीक हैं। संघर्ष एवं ठोस कार्य करने में महारत होती है। जितनी सफलता इन्हें मिलती है, दूसरों को नहीं। इस मूलांक का प्रतिनिधि ग्रह बृहस्पति है। साहस, श्रम, शक्ति, विद्या, ज्ञान, धर्म एवं बड़प्पन का सूचक कहलाता है। ये रूढ़िवादी नहीं होते। जब-जब बृहस्पति सूर्य के नजदीक आता है, तब-तब इन्हें कमजोरी एवं असफलताओं का एहसास होता है। वर्ष के प्रारंभ एवं अंत में प्रबलता एवं श्रेष्ठता पाई जाती है। इसी समय नया कार्य प्रारंभ करना चाहिए। सोमवार एवं गुरुवार तथा 3, 12 व 21 तारीखें शुभ होती हैं। प्रतिकूल रविवार एवं मंगलवार तथा 6, 16 व 25 तारीखें अशुभ होती हैं। शुभ रंग पीला, नीला व गुलाबी अनुकूल होते हैं। पुखराज रत्न अत्यंत शुभ होता है। इसके देवता भगवान विष्णु हैं। 
 
स्वास्थ्य- चर्मरोग, हाथ-पैर में सुन्न होना तथा चित्त की विफलता, रक्त संबंधी रोग की प्रधानता होगी।
 
यह वर्ष उन्नतिकारक, योजनाएं पूर्ण करने वाला व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। संपर्क बढ़ेंगे। विश्वासघात से बचें। लेखनादि कार्य सफल रहेंगे। तबादला व प्रमोशन मनोनुकूल रहेंगे। खानपान का ध्यान रखें। खर्च पर नियंत्रण रखें। कुसंगति हानि देगी।
 
कल्याणकारी उपाय- पूर्णिमा का व्रत करें। गुरुवार का व्रत तथा विष्णु सहस्रनाम का पाठ कष्ट कम करेगा।
 

 
 

मूलांक (4)
 
webdunia

 
जिन व्यक्तियों का जन्म 4, 13, 22 व 31 तारीख को हुआ हो, उनका मूलांक 4 होता है। इस अंक का प्रतिनिधित्व हर्षल ग्रह करता है जिसका संबंध सूर्य से है। जीवन में इसके द्वारा उथल-पुथल होती रहती है। उत्थान-पतन आकस्मिक रूप से होता है। जीवन में बाधा आना सुनिश्चित है। बात पचाने में ऐसे व्यक्तियों की महारथ होती है। शत्रु अधिक होंगे। जब-जब सूर्य निर्बल होगा, परेशानियां खड़ी होंगी। शुभ दिन शनिवार, रविवार, सोमवार तथा 4, 13, 22 व 31 तारीखें अनुकूल रहेंगी। चमकदार, चटकीला, नीला व खाकी रंग भाग्यवर्धक रहेगा। नीलम रत्न अनुकूल नहीं रहने पर गोमेद धारण करें।
 
यह वर्ष बाधा रहेगी। अंत में सफलता मिलेगी। प्रमाद नहीं कर, प्रयास करें। बचत होगी। आय के स्रोत बढ़ेंगे। नए उपक्रम प्रारंभ हो सकते हैं। परिवार में मांगलिक कार्य हो सकते हैं। विदेश यात्रा संभव है। स्वास्‍थ्य व खानपान का ध्यान रखें। रक्ताल्पता, एलजीँ सर्दी-जुकाम से कष्ट संभव है। चोट व दुर्घटना से बचें। सींग वाले जानवर हानि पहुंचा सकते हैं। 
 
कल्याणकारी उपाय- सोमवार तथा चतुर्थी व्रत करें। गणेशजी की पूजन-उपासना कष्ट कम करेगी। दान-पुण्य करें। 
 

 
 

मूलांक (5)

webdunia

 
जिन व्यक्तियों का जन्म 5, 14 तथा 23 ‍तारीख को हुआ हो, वे 5 मूलांक वाले कहलाते हैं। नए-नए विचार, अकाट्य तर्कों, विलक्षण सूझ-बूझ से भरा यह मूलांक सदैव क्रियाशील रहता है। इसका प्रतिनिधि ग्रह बुध है। 'समय ही धन है' मानने वाले ऐसे व्यक्ति हर समय क्रियाशील रहते हैं।
 
ज्ञान-विज्ञान, व्यवसाय, ज्योतिष का कारक ग्रह बुध है। वर्ष के मध्य में श्रेष्ठ समय है। चारों ओर प्रगति तथा लाभ के अवसर मिलेंगे। वर्ष के पूर्वार्द्ध में समस्याएं तथा अंत में स्वास्थ्य खराब रह सकता है। 
हर माह की 5, 14 व 23 तारीख तथा सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार शुभ कार्य के लिए माने गए हैं। शुभ रंग हल्का हरा, सफेद तथा भूरा रंग अनुकूल है। रत्नों में पन्ना ही भाग्यवर्धक है। 
 
स्वास्थ्य- सर्दी-जुकाम, फ्लू, हृदय की दुर्बलता तथा संक्रामक बीमारियां वर्ष के प्रारंभ तथा अंत में कष्ट दे सकती हैं। 
 
इस वर्ष जीवन की महत्वपूर्ण घटनाएं घटने की संभावना है जिससे प्रतिष्ठा तथा पूंजी में वृद्धि होगी। साझेदारी से बचें। वाणी पर नियंत्रण रखें। शिक्षा, फिल्म, मीडिया व विज्ञापन के कार्य उन्नति करेंगे। व्यापार का विस्तार होगा। भवन, दुकान व कल-कारखाने आदि की प्राप्ति होगी। वस्त्राभूषण का लाभ होगा।
 
कल्याणकारी उपाय- लक्ष्मीजी की पूजन-अर्चन, सत्यनारायण भगवान की कथा श्रवण, रविवार व्रत या नमक का त्याग तथा अपने आचार-विचार शुद्ध रखने से कष्ट कम होंगे, लाभ होगा। 
 

 
 

मूलांक (6)

webdunia

 
जिन व्यक्तियों का जन्म 6, 15 तथा 24 ‍तारीख को हुआ हो, उनका मूलांक 6 होता है। इसका प्रतिनिधि ग्रह शुक्र है। इसके नियंत्रण में काम, इच्छाएं रहती हैं। स्वयं को सजाकर रखने की क्रिया में ये माहिर होते हैं। सुख व ऐश्वर्य प्राप्ति के लिए ये सदा प्रयत्नशील रहते हैं। कला, अभिनय, चित्रकला, संगीत, काव्य आदि के ये मर्मज्ञ रहते हैं। खर्च में इनका खुला हाथ रहता है। फैशनपरस्त, चंचलता, मेलजोल व धैर्यशीलता के गुण रहते हैं। वर्ष के मध्य में ये पूरी तरह सक्रिय होते हैं। वर्ष का प्रारंभ तथा वर्षांत कठिनाइयों में बीतता है। शुभ दिन बुधवार तथा शुक्रवार तथा 6, 15, 24 अत्यंत शुभ तथा 3, 6, 9, 12, 18, 21, 24, 27, 30 मध्यम रहती हैं। शुभ रंग हल्का नीला, हल्का गुलाबी, क्रीम रंग तथा चमकदार सफेद वरदान देने वाले माने गए हैं। रत्नों में हीरा भाग्यवर्धक है।
 
स्वास्थ्य की दृष्टि से फेफड़ों में संक्रमण, सीने की कमजोरी, गुप्त रोग, मूत्र रोग इत्यादि संभव है। खानपान का ध्यान रखें। नशे से दूर रहकर संयमशील बनें।
 
यह वर्ष पारिवारिक दृष्टि से बेहद अनुकूल रहेगा। चिंता तथा परेशानियां स्वत: दूर होंगी। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। रोजगार प्राप्त होगा। दिखावे का कार्य जैसे अभिनय, ज्वेलरी, संगीतकार, जनरल स्टोर आदि में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल होगी।
 
चरस, भांग, शराब आदि नशे से दूर रहें अन्यथा बड़ी हानि संभव है। प्रतिष्ठा व समृद्धि में वृद्धि होगी। ऐश्वर्य पर खर्च होगा। वस्त्राभूषण तथा चल-अचल संपत्ति की प्राप्ति होगी।
 
कल्याणकारी उपाय- खटाई का परहेज करें। स्त्रियों को संतोषी माता का व्रत करना चाहिए। सोमवार व शुक्रवार का व्रत या बिना नमक-खटाई का भोजन कष्ट कम करेगा तथा ‍इन दिनों ब्रह्मचर्य से रहें। 
 


 

मूलांक (7)
 
webdunia

 
जिन व्यक्तियों का जन्म 7, 16 तथा 25 ‍तारीख को हुआ हो, वे 7 मूलांक वाले कहलाते हैं। इसका प्रतिनिधि ग्रह वरुण' है, जो जलीय है। ऐसे व्यक्ति सरल, सौम्य, सहिष्णु तथा संतोषी होते हैं। कल्पना में डूबे रहना तथा हमेशा खुशमिजाजी इनका स्वभाव होता है। नए अनुसंधान, जोड़-जुगाड़, नई वस्तुएं बनाने तथा नए-नए उपयोग में लगे रहते हैं। ये व्यक्ति अति भाग्यशाली होते हैं। वर्ष के प्रारंभ तथा मध्य वर्ष में सावधानी आवश्यक है। रविवार, सोमवार तथा बुधवार एवं 7, 16 व 25 तारीखें अ‍त्यंत शुभ तथा 1, 10, 19 तथा 28 तारीखें मध्यम मानी गई हैं। इन दिनों नया कार्य प्रारंभ किया जा सकता है। सफेद रंग अत्यंत शुभ तथा हल्का नीला शुभ माना जाता है। रत्नों में 'लहसुनिया' भाग्यवर्धक है।
 
यह वर्ष जोखिम उठाने का नहीं है। पानी से दूर रहें। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। भ्रम तथा भय, चिंता व तनाव बने रहेंगे। प्रतिष्ठा को धक्का लग सकता है। कोर्ट-कचहरी में अनुकूलता रहेगी। संघर्ष करने रहना पड़ सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखें। दूसरों पर अति विश्वास भारी पड़ सकता है।
 
स्वास्थ्य- भोग-विलास से दूर रहें। रक्त संबंधी रोग भूलना, घबराहट, कफ, खांसी से परेशानी हो सकती है। नशों को अलविदा करें। खानपान पर नियंत्रण रखें। खाने में फलों का रस, सलाद व दूध लें तथा योग साधना की ओर ध्यान दें।
 
कल्याणकारी उपाय- मंगलवार का व्रत तथा हनुमानजी की सेवा करें। हनुमान चालीसा का पाठ तथा सूर्य को अर्घ्य प्रदान करें। कष्ट कम होंगे।

 
 

मूलांक (8)
 
webdunia

 
जिन व्यक्तियों के जन्म की तारीख 8, 17 व 26 हो, वे 8 मूलांक वाले माने जाते हैं। यह अंक विश्वास का माना जाता है। इसके प्रतिनिधि ग्रह शनि हैं। यह ग्रह अत:करण का स्वामी माना जाता है। इस अंक के जातक का जीवन उथल-पुथलभरा होता है। चेहरा देखकर इनके मन की बात जानी नहीं जा सकती। अंतर्मुखी व्यक्तित्व तथा ठोस कार्यप्रणाली से दूसरे वाह-वाह करते नहीं थकते। गंभीरतापूर्वक जीवन जीना इनका स्वभाव है। वर्ष के प्रारंभ तथा अंत में उत्साह एवं क्रियाशीलता बढ़ती है। मध्य में उदासीन रहते हैं। शुभ दिन शनिवार तथा शुभ तारीखें 8, 17 तथा 26 हैं। शुभ रंग काला, नीला, भूरा तथा बैंगनी है। शुभ रत्न नीलम है। 
 
स्वास्थ्य- कुष्ठ रोग, श्वास संबंधी रोग, गंजापन, पेशाब संबंधी रोग, कमर एवं नाक-कान-दर्द रह सकता है। 
 
यह वर्ष स्वास्थ्य की दृष्टि से अनुकूल नहीं है। उपरोक्त रोग रह सकते हैं जिनकी वजह से कार्य प्रभावित होंगे। लोहे, तेल, कबाड़ आदि के कार्य सफल रहेंगे। शत्रु परेशान करेंगे। साझेदारी देखकर करें, जोखिम न लें। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। भूमि, भवन व फैक्टरी आदि पर व्यय अधिक होगा। परिश्रम अधिक होगा। लाभ कम रहेगा। प्रतिकूल तबादला हो सकता है। कानून का पालन करें। चोट-दुर्घटनादि से हानि संभव है। 
 
कल्याणकारी उपाय- शनि यंत्र-मंत्र का पूजन-जप करें। शनिवार को व्रत करें। तिल (काले) चप्पल-जूते, छतरी आदि का दान करें। व्यसनों से दूर रहें। कष्ट कम होंगे।
 

 

मूलांक (9)

webdunia

 
जिन व्यक्तियों का जन्म 9, 18 व 27 ता. को हुआ हो, वे 9 मूलांक वाले कहलाते हैं। इसका प्रतिनिधि ग्रह मंगल है। यह जाज्वल्यमान, चमकीला व तेजस्वी ग्रह है। क्रोधी, जिद्दी व बात पर मर मिटने वाला यह मूलांक किसी से नहीं दबता। यह अकाट्य होता है। किसी को हानि नहीं पहुंचाने तथा चमत्कृत कर देने में विश्वास करते हैं। साहस कूट-कूटकर भरा रहता है। स्वाभिमान के लिए जान तक दे सकते हैं। इनके शत्रुओं की संख्या भरपूर होती है, परंतु शत्रु कुछ बिगाड़ नहीं पाते। वर्ष का मध्य समय विपरीत होगा तथा वर्ष का प्रारंभ तथा अंत सौभाग्यवर्धक रहेगा। दिनों में मंगलवार और शुक्रवार तथा तारीखों में 9, 18 एवं 27 अत्यंत शुभ तथा मध्यम शुभ 3, 6, 15, 21, 24 व 30 हैं। इन समयों में शुभ कार्य प्रारंभ किया जा सकता है। शुभ रंग लाल है तथा शुभ रत्न मूंगा है। 
 
स्वास्थ्य- रक्त व हृदय संबंधी रोग होने की आशंका है तथा चोट, दुर्घटना से हानि संभव है। 
 
यह वर्ष ज्ञान, बुद्धि, आर्थिक दृष्टि तथा पराक्रम बढ़ाने वाला है। इस वर्ष सभी पुरानी इच्छाएं तथा कार्य पूर्ण होंगे। प्रतियोगी परीक्षा में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। भूमि व भवन की प्राप्ति, समाज में प्रतिष्ठा, नौकरी में पदोन्नति, मनोनुकूल तबादले, कोर्ट-कचहरी में अनुकूलता प्राप्त होगी। पुलिस, सेना, खदान संबंधी कार्य, पर्वतारोहण विशेष लाभ देंगे। व्यसनों से दूरी बनाए रखें।
 
कल्याणकारी उपाय- मंगल देवता की उपासना, हनुमानजी की उपासना, मंगलवार का व्रत विशेष कष्ट कम करेगा। विस्फोटक सामग्री व अस्त्र-शस्त्र घर में न रखें।



Share this Story:

Follow Webdunia Hindi