Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Numerology 2020 : अंक ज्योतिष से जानिए कैसा होगा आपके लिए यह वर्ष

हमें फॉलो करें Numerology 2020 : अंक ज्योतिष से जानिए कैसा होगा आपके लिए यह वर्ष
webdunia

आचार्य राजेश कुमार

अंक ज्योतिष (Numerology) की भविष्यवाणी मूलांक के आधार पर की जाती है। इस संख्या के आधार पर साल 2020 की विशेषताओं के बारे में जाना जा सकता है।
 
 
अगर आप साल 2020 के अंकों का योग करें (2+0+2+0) तो आपको एक अंक की संख्या 4 मिलती है जो इस वर्ष का मूलांक है। मूलांक 4 का स्वामी राहु है। राहु को राजनीति और जोड़-तोड़ करने वाले ग्रह के रूप में भी देखा जाता है, इस दृष्टि से यह साल बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। 
 
भारतीय ज्योतिष शास्त्र में राहु को छाया रूपी ग्रह माना गया है और छाया का हमारे जीवन पर बहुत असर होता है। राहु परिवर्तन और दुर्घटनाओं का कारक ग्रह है। ये परिवर्तन अशुभ ही हों यह जरूरी नहीं है। कुछ परिवर्तन शुभ भी होते हैं। राहु को राजनीति और कूटनीति करने वाला ग्रह माना गया है। इसलिए राजनीति, वकालत, शिक्षा, सूचना, प्रौद्योगिकी, संचार आदि किसी भी क्रांतिकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह वर्ष बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
 
आपका मूलांक :- 
 
मूलांक, 1 से 9 तक की एक अंक की संख्या होती है। इसी संख्या के आधार पर भविष्यवाणी की जाती है।
 
आप अपने मूलांक की गणना अपनी जन्म तिथि से कर सकते हैं। उदाहरण के लिए यदि आपका जन्म 02-01-1990 को हुआ है तो अपनी जन्म तिथि को एक अंक में बदलकर आप मूलांक निकाल सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ अपनी जन्म तिथि के अंकों को जोड़ना है। यहां जातक का जन्म 02 तारीख को हुआ है तो उसका मूलांक 2 (0+2) होगा।
 
मूलांक और उसके स्वामी :- 
 
अंक ज्योतिष में हर मूलांक का संबंध किसी न किसी ग्रह से होता है जिसे उसका स्वामी माना जाता है। स्वामी ग्रह से प्रत्येक मूलांक के गुणों का पता चलता है:- 
 
मूलांक 1 का स्वामी ग्रह सूर्य है।
 
मूलांक 2 का स्वामी ग्रह चंद्र है।

 
मूलांक 3 का स्वामी ग्रह गुरु यानि बृहस्पति को बताया गया है।
 
मूलांक 4 का स्वामी ग्रह राहु है (जो आगामी वर्ष 2020 का भी स्वामी ग्रह है)
 
मूलांक 5 का स्वामित्व बुध ग्रह करता है।
 
मूलांक 6 का स्वामी ग्रह शुक्र है।

 
मूलांक 7 का स्वामी ग्रह केतु है।
 
मूलांक 8 का स्वामी ग्रह शनि को बताया गया है।
 
मूलांक 9 का स्वामी ग्रह मंगल है।
 
मूलांक 1 :- 
 
अंक ज्योतिष 2020 के आधार पर मूलांक 1 वाले लोगों के लिए साल की शुरुआत अच्छी रहेगी। आप ऊर्जावान महसूस करेंगे। लेकिन शुरुआती कुछ महीने बीतने के बाद अचानक से दिक्कतें बढ़ने लगेंगी। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर बेहद सावधान रहना होगा क्योंकि आप सहकर्मियों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। आपके काम करने के तरीके से आपके बॉस आपसे नाराज हो सकते हैं। वैवाहिक जीवन में भी आपको अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए हर हाल में जीवन साथी के साथ संवाद बनाए रखें। जो लोग प्रेम में पड़े हुए हैं उन्हें अपने जीवन साथी की इच्छाओं का ख्याल रखना होगा। उन्हें थोड़ा स्पेस देना होगा। वहीं जो लोग सिंगल हैं, इस वर्ष मार्च के अंत तक उनके जीवन में कोई खास शख़्स आ सकता है। विद्यार्थियों के लिए यह वर्ष बेहद खास रहेगा। आप जिस परीक्षा के लिए लंबे अरसे से तैयारी कर रहे हैं उसमें आप मनचाहे परिणाम हासिल करेंगे। जो लोग सरकारी या किसी अन्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं वे भी मनचाहे परिणाम हासिल कर पाएंगे। लेकिन अप्रैल के महीने में पढ़ाई कर रहे युवाओं को सावधान रहना होगा। इस दौरान आपका मन पढ़ाई में लगेगा। यदि आर्थिक पक्ष की बात करें तो साल 2020 में आपको आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान जून के महीने तक आपसे अनावश्यक खर्चे होंगे। आपके परिवार भी आपसे पैसे की मांग कर सकते हैं जिससे आर्थिक तौर पर आप खुद को मानसिक परेशानियों से ग्रस्त पाएंगे। आपकी सेहत की बात करें तो साल 2020 में आपके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान आपको दांत, बाल या हड्डियों से जुड़ी किसी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
 
मूलांक 2 :- 
 
मूलांक 2 पर चंद्र का प्रभाव होने से इस मूलांक के लोग बेहद भावुक होते हैं। इस वर्ष आप अपनी काल्पनिक दुनिया से निकलकर दुनियादारी की परवाह करेंगे। जीवन को बेहतर बनाने के लिए आप लोगों के साथ मिलकर काम करेंगे। हालांकि, कुछ लोग बाधाएं उत्पन्न करेंगे लेकिन फिर भी इस दौरान आपको टीम वर्क पर फोकस करना होगा क्योंकि अकेले काम करने पर बेहतर परिणाम हासिल नहीं होंगे। यदि लव लाइफ की बात करें तो प्रेमी जोड़ों को इस दौरान एक-दूसरे को समझने की जरूरत होगी तभी वे अपने रिश्ते को आगे बढ़ा पाएंगे। वैवाहिक जीवन में फिर से रोमांस आने की संभावना है। आप अपने जीवन साथी के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं। वहीं जो लोग अब तक सिंगल हैं, अप्रैल के मध्य में उन्हें किसी विशेष से मिलने का अवसर प्राप्त हो सकता है। विद्यार्थियों को इस दौरान अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना होगा क्योंकि अपने विपरीत लिंग के किसी शख़्स के प्रति आप आकर्षित हो सकते हैं जिससे पढ़ाई से मन भटक सकता है। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो अनावश्यक निवेश की वजह से आपको नुकसान हो सकता है। इसलिए कहीं भी निवेश करने से पूर्व अच्छी तरह हिसाब-किताब कर लें। मूलांक 2 के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कोई बड़ी दिक्कत नहीं होगी। लेकिन फिर भी अपनी सेहत का ध्यान रखें और नियमित रूप से योग तथा व्यायाम करें।
 
मूलांक 3 :- 
 
मूलांक 3 वाले लोगों के लिए यह साल चुनौतियों से भरा रहेगा। इसलिए आपको अपने हर कार्य में सावधानी बरतनी होगी। पढ़ाई कर रहे युवा भाग्य के भरोसे न बैठें। मेहनत करके ही आप अच्छे परिणाम हासिल कर सकते हैं। करियर के लिहाज से यह वर्ष आपके लिए मिला-जुला रहेगा। अपनी मेहनत के अनुसार आपको फल मिलेंगे। कार्यक्षेत्र पर अच्छा काम करने के कारण आपको अपने सीनियर या बॉस से सराहना मिलेगी। नौकरीपेशा लोग अप्रैल के अंत से नौकरी बदलने पर विचार कर सकते हैं। व्यवसाय करने वाले लोगों के लिए साल की शुरुआत अच्छी रहेगी। अपनी मेहनत के अनुसार आप धन अर्जित कर पाएंगे। प्रेम से जुड़े लोग इस दौरान कई बड़े फैसलें कर सकते हैं। आप अपने पार्टनर के साथ शादी कर सकते हैं। जबकि शादीशुदा लोगों के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। कोई पुराना प्रेमी आपके जीवन में लौटकर आ सकता है। यदि आपकी सेहत की बात करें तो इस साल आपको आंख और त्वचा संबंधी रोग होने की संभावना है। जल्दबाजी में कोई काम करने से आपको चोट लग सकती है इसलिए अपना ख्याल रखें। किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
 
मूलांक 4 :- 
 
मूलांक 4 वाले लोगों के लिए आगामी वर्ष अनेक अवसर लेकर आएगा। आपको अपनी खूबियों को दिखाने का मौका मिलेगा और आप अपने सभी प्रयासों में सफल होंगे। इस साल आप नए लोगों से रूबरू हो सकते हैं। वहीं नौकरी और व्यापार में आपको अनेक बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। साल की शुरुआत आपके लिए तनाव भरी होगी। अत्याधिक खर्च की वजह से आपको आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ेगा और आपको अपने दोस्तों-रिश्तेदारों से आर्थिक सहायता लेनी पड़ेगी। लेकिन जून से सितंबर का महीना आपके लिए अनुकूल होगा। इस दौरान आपके रुके हुए कार्य पूरे होंगे। विदेश यात्रा के इच्छुक लोगों की इच्छा पूरी होगी। राजनीति के क्षेत्र से संबंधित लोगों को इस साल जबरदस्त सफलता हासिल होगी और आपका मनोबल बढ़ेगा। लेकिन इस दौरान अपने अहम को खुद पर हावी न होने दें वरना नुकसान उठाना पड़ सकता है। विवाहित लोगों के लिए यह मुश्किल वक्त होगा। आपकी अपने जीवन साथी के साथ किसी बात पर बहस हो सकती है जिससे आप दोनों का रिश्ता टूट सकता है। प्रेम में पड़े लोगों के लिए भी स्थिति अनुकूल नहीं है। आप दोनों के बीच किसी गलतफहमी की वजह से अनबन हो सकती है। वहीं जो लोग सिंगल हैं उनके जीवन में जून के महीने में कोई विशेष शख्स आ सकता है जिससे आप आकर्षित हो सकते हैं लेकिन प्रेम की गहराई में डूबने से बचें। आर्थित तौर पर यह वर्ष आपके लिए मिला-जुला रहेगा। कहीं से लाभ होगा तो कहीं से नुकसान। सेहत की बात करें तो मूलांक 4 वाले लोगों को त्वचा और फेफड़े से संबंधित समस्या हो सकती है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें वरना आप किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
 
मूलांक 5 :- 
 
अंक ज्योतिष 2020 की भविष्यवाणी के अनुसार मूलांक 5 वाले लोगों के लिए यह वर्ष बेहद खास रहेगा। इस दौरान अगर आप कोई नया काम शुरू करने या अपने व्यवसाय का विस्तार करने के बारे में सोच रहे हैं तो यह समय आपके अनुकूल है और आपको मुनाफ़ा होगा। सरकारी नौकरी मिलने के प्रबल योग हैं। लव लाइफ से जुड़े लोगों के लिए भी यह वर्ष बेहद अच्छा रहेगा। प्रेमी जातकों को अपने प्रियतम के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। विवाहित लोगों के लिए भी यह वर्ष सुखद रहेगा। इस दौरान जीवन साथी की आय में वृद्धि हो सकती है। पारिवारिक जीवन भी अच्छा रहेगा लेकिन संतान की ओर से कुछ दिक्कतें पेश आ सकती हैं। वे आपसे किसी बड़ी चीज की मांग कर सकते हैं। गलत संगत में पड़ सकते हैं। इसलिए उन पर नजर रखें। इस साल आप अपने खर्चों पर नियंत्रण रख पाएंगे इसलिए आपको किसी बड़े आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
 
मूलांक 6 :- 
 
अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 6 के लोगों पर शुक्र का प्रभाव होता है, इसलिए इस मूलांक के जातक ऐश्वर्य और आराम का जीवन बिताना पसंद करते हैं। लेकिन इस साल ठीक इसके विपरीत आप सादगी का जीवन जीना पसंद करेंगे। आपका ध्यान विलासिता की बजाए जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं की ओर होगा। इस साल आप अपने परिवार के प्रति समर्पित रहेंगे। उनकी सभी जरूरतों का ध्यान रखेंगे। परिवार से मिला प्रेम आपमें नई ऊर्जा पैदा करेगा, जिससे आपको हर चुनौती का सामना करने की शक्ति मिलेगी। इस साल घर पर खर्च करने के साथ-साथ आपको कई अन्य चीजों पर भी खर्च करना पड़ सकता है। अधिक खर्च हो जाने की वजह से आपको आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है जिसके कारण आपको अपने व्यक्तिगत खर्चों में कटौती करनी पड़ेगी। मूलांक 6 के नौकरीपेशा लोगों के लिए यह वर्ष बेहद अच्छा रहेगा। आप अपने काम में प्रगति करेंगे लेकिन कार्यक्षेत्र पर होने वाली राजनीति से बचकर रहें। अपने बॉस तथा वरिष्ठ अधिकारियों का आदर करें। अपनी महिला सहकर्मियों का सम्मान करें। किसी महिला मित्र की सहायता से आपको बड़ी उपलब्धि हासिल हो सकती है। स्वास्थ्य की दृष्टि से नया साल आपके लिए कष्टदायक हो सकता है। अचानक से आपकी सेहत में गिरावट आ सकती है। इसलिए स्वास्थ्य संबंधी छोटी-मोटी दिक्कतों को भी नजरअंदाज न करें।
 
मूलांक 7 :- 
 
अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 7 वाले लोगों पर केतु का प्रभाव होता है। इस मूलांक के जातक दूसरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। यह वर्ष आपके लिए बेहद खास रहेगा। आपको अपनी क्षमताओं को दिखाने का पूर्ण अवसर प्राप्त होगा। छात्र अपनी मेहनत से बेहतर परिणाम हासिल कर पाएंगे। उच्च शिक्षा के लिए इच्छुक विद्यार्थियों को अपने मनपसंद कॉलेज में दाखिला मिलेगा। व्यवसाय से जुड़े लोग इस वर्ष तरक्की करेंगे। पारिवारिक जीवन इस वर्ष सुखमय बना रहेगा। इस वर्ष आपको अपनी पुरानी गलतियों से सीखना होगा! देखना होगा कि बीते वर्ष में आपने क्या गलत किया और उसे कैसे ठीक किया जा सकता है। इस दौरान जितना संभव हो सके सामाजिक कार्यों में रुचि लें। इससे समाज में आपका मान बढ़ेगा और आप संतुष्ट महसूस करेंगे, लेकिन स्वास्थ्य की दृष्टि से यह वर्ष आपके लिए कष्टदायक रहेगा। मानसिक तनाव की वजह से आपकी पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। आपको सिर दर्द, कब्ज और आंखों संबंधी दिक्कतें परेशान कर सकती हैं।
 
मूलांक 8 :- 
 
मूलांक 8 वाले जातकों पर शनि का प्रभाव होता है। इस मूलांक के जातक बेहद गंभीर स्वभाव के होते हैं लेकिन साथ ही सुस्त भी होते हैं। इस साल आपको अपने आलस्य को त्याग कर अपनी पुरानी अटकी पड़ी योजनाओं पर काम करना होगा। अपनी टीम का विश्वास जीतने के लिए आपको जी तोड़ मेहनत करनी होगी और सभी को साथ लेकर चलना होगा। तभी आपको सफलता मिलेगी। परीक्षा में पास होने के लिए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। यदि आपको अपने क्षेत्र में सफल होना है तो इस वर्ष आपको लगातार प्रयासरत रहना होगा। अपने कार्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहें ताकि आपके विरोधियों को बोलने का अवसर न मिले। इस दौरान अपने विरोधियों को लेकर सतर्क रहें। लव लाइफ से जुड़े लोगों को भी सावधान रहना होगा। परिवार में अपने प्रेम की बात सही समय पर देखकर करें अन्यथा बात बिगड़ सकती है। नए प्रेमी जोड़ों को और ज्यादा सतर्क रहना होगा। अपने आपसी झगड़ों में किसी तीसरे को शामिल न करें। सेहत को लेकर आपको सावधानी बरतनी होगी। वाहन चलाते समय सतर्क रहें अन्यथा आप किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इसके अलावा आपको स्किन संबंधी समस्या परेशान कर सकती है। कुल मिलाकर यह वर्ष आपके लिए मिलाजुला रहेगा।
 
मूलांक 9 :- 
 
मूलांक 9 वाले जातकों पर मंगल का प्रभाव होता है जबकि अंक ज्योतिष के अनुसार इस वर्ष का कारक ग्रह राहु है। ऐसे में राहु आपमें अधिक ऊर्जा भर देंगे जिससे आपका अहम खुद पर हावी हो सकता है और आप जोश में कुछ गलत कर सकते हैं। हालांकि जमीन के व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस दौरान लाभ होगा। किसी प्रॉपर्टी में निवेश करने के लिए यह अच्छा समय है। इस साल परिवार की जिम्मेदारी अपने ऊपर लें। अपने माता-पिता को आराम दें। परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों अपने जीवन साथी पर भरोसा बनाए रखें। सिंगल लोग अपनी कामवासनाओं को काबू में रखें। करियर की बात करें तो सफलता हासिल करने के लिए आपको अनेक अवसर मिलेंगे। अगर आप इनका भरपूर इस्तेमाल कर पाएं तो बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं। इस दौरान आपको आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है लेकिन अपने मित्रों की मदद से आप उससे बाहर निकल सकते हैं। यदि आपकी सेहत की बात करें तो इस वर्ष आपको स्वास्थ्य संबंधी छोटी-मोटी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

महाभारत, क्या है धर्मयुद्ध?