Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Horoscope 2021 : लग्न के अनुसार साल 2021 कैसा होगा आपके लिए, जानिए शुभ उपाय

हमें फॉलो करें Horoscope 2021 : लग्न के अनुसार साल 2021 कैसा होगा आपके लिए, जानिए शुभ उपाय
webdunia

पं. अशोक पँवार 'मयंक'

मेष लग्न के लिए 2021 कैसा होगा - आप में नई ऊर्जा का संचार होगा। साहस बल में वृद्धि होगी। आप अपनी महत्वाकांक्षाएं पूरी करने में सक्षम होंगे। मान-सम्मान की दृष्टि से देखा जाए तो यह साल उत्तम ही कहा जा सकता है। मातृ चिंता रह सकती है। पारिवारिक मामलों में थोड़ी सावधानी रखना होगी। जमीन-जायदाद के मामलों में संभलकर चलना होगा। दांपत्य जीवन में मिली-जुली स्थिति रहेगी। धन के मामलों में थोड़ी सावधानी रखना होगी। अविवाहितों के लिए समय ठीक नहीं रहेगा। लव मैरिज भूलकर भी न करें। व्यापार-व्यवसाय की दृष्टि से पूरे वर्षभर ठीक ही कहा जा सकता है। 
 
नौकरीपेशा के लिए सुखद वातावरण रहेगा। शासकीय मामलों में अनुकूल स्थिति रहेगी। बाहरी मामलों में मिली-जुली स्थिति रहेगी। यात्राओं के हिसाब से संभलकर चलना होगा। भाग्य बल द्वारा अनुकूल स्थिति पाएंगे, वहीं महत्वपूर्ण कार्य भी बनेंगे। पिता का सहयोग मिल सकता है। कुटुम्ब के व्यक्तियों के मामलों में सावधानी रखना होगी। वाणी पर नियंत्रण रखकर चलें। दैनिक व्यवसाय में अनुकूल स्थिति रहेगी। स्त्री पक्ष का सहयोग मिलता रहेगा। राजनीतिक व्यक्तियों को लाभ के साथ सहयोग भी मिलेगा। शत्रु पक्ष प्रभावहीन होंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय ठीक कहा जा सकता है।
 
उपाय- मस्तक पर सिन्दूर का तिलक लगाएं। भैरवजी की उपासना करें। लाल मुंह के बंदरों को गुड़-चना खिलाएं।
वृषभ लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- आपके लिए यह वर्ष उत्साहवर्धक होने के साथ-साथ आशातीत सफलताओं का रहेगा। आप भाग्यशाली रहेंगे। धर्म-कर्म में आस्था का संचार होगा, वहीं किसी महत्वपूर्ण मामलों में पिता का सहयोग भी मिलेगा। आप अपनी कार्ययोजनाओं को क्रियान्वयन होने से पहले उजागर न करें। अविवाहितों के लिए समय अनुकूल होने से विवाह के योग बनेंगे। पारिवारिक मामलों में थोड़ी सावधानी रखना होगी। पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा। आर्थिक प्रयासों में सफल होंगे। आय के साधनों में वृद्धि होगी। कर्ज कम होगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता के योग अधिक हैं। स्त्री पक्ष के मामलों में अनुकूल स्थिति रहेगी। दांपत्य जीवन मधुर बना रहेगा। शत्रु पक्ष प्रभावहीन होंगे। यात्रा भी हो सकती है। विद्यार्थी वर्ग को सावधानीपूर्वक चलना होगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय ठीक कहा जा सकता है। प्रभाव में वृद्धि होकर मान-सम्मान बढ़ेगा। साझेदारी के कार्यों में सफलता के अवसर अच्छे हैं। स्थानीय राजनीति से जुड़े व्यक्तियों के लिए सावधानीपूर्वक चलने का समय रहेगा। व्यापार-व्यवसाय से जुड़ी हर समस्या का समाधान मिलने से राहत महसूस करेंगे। नौकरीपेशा के लिए यह वर्ष अति लाभकारी भी रहेगा। बेरोजगार भी रोजगार पाने में समर्थ होंगे। सौन्दर्य के प्रति रुझान बढ़ेगा। प्रेम-प्रसंगों में सावधानीपूर्वक चलना होगा। माता के स्वास्थ्य की चिंता रह सकती है।
 
उपाय- इस वर्ष उत्तम नीलम धारण करना लाभकारी रहेगा। प्रति शनिवार को जमीन पर 1 चम्मच तिल का तेल डालें।
मिथुन लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- यह साल कई सौगातों को लेकर आया है। आपके कार्य संपन्न होंगे। प्रभाव में वृद्धि होगी, वहीं दांपत्य जीवन में मधुर वातावरण रहेगा। आर्थिक मामलों में सुखद स्थिति होने से लाभ के मार्ग खुलेंगे। पारिवारिक मामलों में सहयोगात्मक स्थिति रहेगी। भोग-विलास के मामलों में खर्च होगा। बाहरी संपर्कों से आशाजनक स्थिति रहेगी। किसी महत्वपूर्ण कार्य से यात्रा के योग भी बनेंगे, जो लाभकारी रहेंगे। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बढ़ेगा, उनकी चाल नाकाम रहेगी। व्यापार-व्यवसाय में समयानुकूल रहेगा। अधिकारी वर्ग के लिए समय सहयोग का रहेगा। भाग्य में थोड़ी रुकावटों के बाद उत्तम सफलता के दर्शन होंगे। पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा, वहीं भाइयों का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। वाणी पर नियंत्रण रखकर चलना होगा। धन की बचत जरा कम ही होगी लेकिन धन से संबंधित कार्य रुकेंगे नहीं। संतान के मामलों में सहयोगात्मक स्थिति रहेगी, वहीं विद्यार्थी वर्ग के लिए यह साल अनुकूल कहा जा सकता है। कुटुम्बीजनों का सहयोग सराहनीय रहेगा। बेरोजगार व्यक्तियों के लिए यह साल अनुकूल कहा जा सकता है। नौकरीपेशा व्यक्तियों को अधिकारी वर्ग व अपने सहयोगियों का सुखद साथ मिलेगा। नवीन कार्ययोजनाएं साकार रूप भी ले सकती हैं लेकिन काफी समझदारी से क्रियान्वयन करना होगा। छोटे भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा। अविवाहितों के लिए थोड़ा समय मिला-जुला रह सकता है। धर्म-कर्म में आस्था रहेगी। कोई घर या परिवार में मांगलिक कार्य हो सकते हैं। 
 
उपाय- यदि किसी कार्य में रुकावट देखें तो काले उड़द काले कपड़े में बांधकर 9 शनिवार को किसी भी शनि मंदिर में रख आएं। बन सके तो किसी शुक्ल पक्ष के बुधवार को 5 कैरेट का पन्ना पहनें।
कर्क लग्न के लिए 2021 कैसा होगा - कर्क लग्न वालों के लिए यह वर्ष सुखद और मन को प्रसन्न करने वाला रहेगा। मान-प्रतिष्ठा के क्षेत्र में वृद्धि होगी। सोचे कार्य में मिल-जुली सफलता के अवसर उत्तम हैं। कामकाज में थोड़ी मेहनत करना होगी तभी जाकर सफलता का स्वाद चखेंगे। व्यापार-व्यवसाय के मामलों में समय अनकूल होने के साथ-साथ उत्तम सफलता पाएंगे। पारिवारिक मामलों में समय मिला-जुला रहेगा। जनता से संबंधित कार्यों में सफल होंगे। विद्यार्थी वर्ग के लिए सहयोगवादी समय रहेगा। संतान पक्ष के मामलों में अनुकूल स्थिति होगी, वहीं प्रसन्नतादायक समाचार भी सुनेंगे। धन की बचत के योग कम ही रहेंगे लेकिन काम नहीं रुकेगा। परिवार व कुटुम्ब के लोगों का अनुकूल सहयोग मिलने से काफी राहत महसूस करेंगे। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। कर्ज की स्थिति में सुधार होगा। इस वर्ष राजनीति से जुड़े व्यक्ति अनुकूल स्थिति होने से लाभान्वित होंगे। भाग्य में अनुकूल स्थिति रहेगी। घर या परिवार में शुभ कार्य भी होंगे। पिता का सहयोग किसी महत्वपूर्ण कार्य में मिलने से प्रसन्नता रहेगी। बाहर की यात्रा करने से पहले अपने सामान का प्रबंध अवश्य कर लें ताकि कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। विदेश यात्रा के योग कम हैं। अध्यात्म की ओर रुझान रहेगा। दैनिक जीवन की समस्याओं का समाधान होगा। अविवाहितों के लिए समय अनुकूल होने से विवाह के योग बनेंगे। विवाहित लोगों का जीवन सुखद रहेगा। जीवनसाथी से लाभ की आशा कर सकते हैं। जमीन-जायदाद के मामलों में संतोषजनक स्थिति पाएंगे। आर्थिक मामलों में अनुकूल वातावरण रहेगा।
 
उपाय- इस वर्ष पुखराज के साथ मून स्टोन गुरुवार के दिन शुभ या अमृत चौघड़िया में धारण करें, आशातीत लाभ होगा। हर सोमवार को 1 चम्मच दही स्नान के जल में डालकर नहाएं।
सिंह लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- इस वर्ष सिंह लग्न वालों का भाग्य चमकेगा, वहीं धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय अधिकतम ठीक रहेगा। मकान व भूमि संबंधित समस्याओं का निराकरण होगा। पारिवारिक मामलों में खर्च रहेगा और उसकी पूर्ति भी होगी। विद्यार्थी वर्ग के लिए समयानुकूल होने से प्रसन्नता महसूस करेंगे। व्यापार-व्यवसाय की दृष्टि से सुखद वातावरण रहेगा। नौकरीपेशा के लिए सुखद वातावरण रहेगा। सोचे कार्य परिश्रम द्वारा सफल होंगे। राजनीति से जुड़े व्यक्तियों के लिए सफलता का समय है। अधिकारी वर्ग अपनी कार्यकुशलता से लाभान्वित होंगे। संतान पक्ष के मामलों में सहयोगवादी समय है। इस वर्ष संतान के योग भी हैं। अविवाहितों के लिए विवाह के योग बनते नजर आएंगे। शत्रु पक्ष के मामलों में अनुकूल स्थिति रहेगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता पाने में समर्थ होंगे। साझेदारी के मामलों में मिली-जुली स्थिति रहेगी अत: सोच-विचार कर कार्य करें। यात्राओं में सावधानी रखना होगी। जनता से संबंधित कार्य अपने प्रयत्नों से सफलता पाने में समर्थ होंगे। प्रभाव में वृद्धि होगी,महत्वाकांक्षाएं पूरी होंगी। कुटुम्ब के व्यक्तियों का सहयोग मिलने से राहत पाएंगे। वाणी का प्रभाव होने से कार्य में सुगमता आएंगी। कर्ज कम होने के योग हैं। आर्थिक प्रयासों में सफलता पाएंगे। छोटे भाइयों का सहयोग मिलेगा। परिश्रम अधिक होने से तनाव रह सकता है। ईष्ट मित्रों का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। स्त्री पक्ष के मामलों में मिली-जुली स्थिति पाएंगे। बेरोजगार रोजगार पाने में समर्थ होंगे। कोई पुराना रुका कार्य बनेगा।
 
उपाय- इस वर्ष मूंगा पहनना अनुकूल रहेगा। माणिक्य भी धारण कर सकते हैं। पुखराज 5 कैरेट का गले में धारण अधिक लाभदायक रहेगा।
कन्या लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- पारिवारिक मामलों में सुखद वातावरण रहेगा। माता का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। जमीन-जायदाद से संबंधित कार्यों में अनुकूल स्थिति पाएंगे। कोई महत्वपूर्ण कार्य बन जाने से उत्साह में वृद्धि होगी। स्थानीय राजनीति से जुड़े व्यक्तियों के लिए लाभदायक समय रहेगा। भाग्य का साथ मिलने से रुके कार्य बनेंगे। पिता का सहयोग मिलेगा, जो अनुकूल होगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए सुखद वातावरण रहेगा। संतान पक्ष में प्रसन्नता रहेगी। लेखन से संबंधित कार्यों में सफलता मिलेगी। घर या परिवार में शुभ कार्य हो सकते हैं। दांपत्य जीवन में सुखद वातावरण रहेगा। अविवाहितों के लिए प्रसन्नतादायक समाचार मिलेगा। बड़े भाइयों का सहयोग मिलने से राहत पाएंगे। साझेदारी के मामलों में सावधानीपूर्वक चलना होगा। आर्थिक मामलों में जरा संभलकर चलना होगा। जोखिम के मामलों में सावधानी रखना होगी। वाणी पर नियंत्रण रखकर चलना होगा। कुटुम्ब के व्यक्तियों का सहयोग मिला-जुला रहेगा। व्यापार-व्यवसाय के मामलों में अनुकूल वातावरण रहने से सुखद स्थिति पाएंगे। बेरोजगारों को खुशखबर मिल सकती है। नौकरीपेशा व्यक्तियों के कार्य में अनुकूलता के साथ उन्नति के अवसर मिलेंगे। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। सामाजिक कार्यों में व्यस्तता के साथ खर्च होगा। धार्मिक मामलों में यथास्थिति बनी रहेगी। लेन-देन के मामलों में संभलकर चलना होगा। उधार देते समय पूर्ण सावधानी रखें। वाहनादि संभलकर चलाएं। 
 
उपाय- इस साल आप किसी योग्य को पत्रिका दिखाकर नीलम पहनें। पन्ना 5 कैरेट का बुधवार के दिन पहन सकते हैं। 1 कटोरी शकर भरकर लक्ष्मी मंदिर में शुक्रवार के दिन रखकर आएं।
तुला लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- तुला लग्न वालों के लिए यह साल बहुत कुछ लेकर आया है। पारिवारिक मामलों में सुखी रहेंगे। मकान व भूमि संबंधित कार्य बनेंगे। जो लोग प्रॉपर्टी के व्यवसाय में जुड़े हैं, वो लाभान्वित होंगे। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। अविवाहितों के लिए समय उत्तम, विवाह के योग बनेंगे। व्यापार-व्यवसाय के मामलों में थोड़ी सावधानी रखना होगी। अधिकारी वर्ग संभलकर चलें। नौकरीपेशा के लिए समय मिला-जुला रहेगा। बेरोजगार प्रयास करें, तो सफल होंगे। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से अधिकतम समय ठीक रहेगा। प्रभाव में वृद्धि होगी। कोई महत्वपूर्ण कार्य बन जाने से प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। कुटुम्ब के लोगों का यथायोग्य सहयोग मिलेगा। आर्थिक दृष्टि से पराक्रम द्धारा इच्छित सफलता पाने में समर्थ होंगे। बड़े भाइयों का सहयोग लाभकारी रहेगा। इस वर्ष भाग्य चमकेगा। पिता का सहयोग मिलता रहेगा। गुप्त विद्याओं के प्रति रुझान हो सकता है। ईष्ट मित्रों का साथ बना रहेगा। रोमांस के लिए समय साधारण है। आर्थिक बचत के योग कम हैं, लेकिन धन से संबंधित समस्याओं का निराकरण भी होगा। विद्वार्थियों के लिए समय उत्तम है। दैनिक व्यवसायी आर्थिक लाभ पाने में समर्थ होंगे। पिछले समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होने से प्रसन्नता के साथ उत्साह में भी वृद्धि होगी। 
 
उपाय- इस वर्ष आप बुधवार को 5 कैरेट का पन्ना पहनें। शनि की कृपा पाने के लिए तिल का तेल शनिवार के दिन जमीन पर डालें। बुजुर्गों को उड़द की दाल से बनी चीजें व रोटी भरपेट खिलाएं।
वृश्चिक लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- साहस बल में वृद्धि होगी, महत्वपूर्ण कार्यों में सफलता मिलेगी। पराक्रम बढ़ेगा, सबका सहयोग मिलेगा। कारोबारियों के लिए लाभजनक स्थिति रहेगी। दांपत्य जीवन में सुखद स्थिति, जीवनसाथी से लाभ पाएंगे। अविवाहितों के लिए समय सुखद है। बाहरी लोगों का संपर्क लाभदायक रहेगा। जिनकी विदेश यात्रा रुकी हो, उन्हें इस वर्ष जाने की संभावना अधिक है। विद्यार्थी वर्ग के लिए समय ठीक रहेगा। संतान पक्ष के मामलों में महत्वपूर्ण कार्य बनेंगे। साझेदारी के मामलों में अनुकूल स्थिति पाएंगे। ईष्ट मित्रों का सहयोग मिलेगा। धर्म-कर्म में आस्था का संचार होगा। धन की बचत के योग इस वर्ष बनेंगे। पारिवारिक मामलों में सहयोग के साथ लाभजनक स्थिति रहेगी। वाक्-चातुर्य का लाभ मिलने से प्रसन्नता महसूस करेंगे। राजनीति से जुड़े व्यक्तियों को अनुकूल सफलता के योग हैं। पारिवारिक मामलों में अनुकूल सफलता के साथ शुभ कार्य हो सकते हैं। मकान व जमीन संबंधित कार्य बनेंगे। शत्रु पक्ष प्रभावहीन होंगे। कोर्ट-कचहरी से संबंधित कार्य में सफलता पाएंगे। नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए सुखद समाचार मिलेगा। बेरोजगारों के लिए रोजगार की समस्या दूर होगी। संचार माध्यम से शुभ समाचार सुनने को मिलेगा। अधिकारी वर्ग के लिए प्रसन्नतादायक स्थिति रहेगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय ठीक कहा जा सकता है। भाग्य के मामलों में सुखद वातावरण रहेगा। यदि आप अपने जिद्दी स्वभाव को त्याग दें तो इच्छित कार्यों में सफल होंगे।
 
उपाय- इस वर्ष आप पुखराज का लॉकेट बनवाकर गले में गुरुवार को पहनें। राजनीति में सफलता पाना है तो रविवार के दिन अनामिका के नाप की अंगूठी बनवाकर माणिक्य पहनें।
धनु लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- भाग्य की दृष्टि से साल अति उत्तम रहेगा। पूरे साल भाग्य का साथ मिलेगा। महत्वाकांक्षाएं पूरी कर पाने में समर्थ होंगे। पिछले समय से चली आ रही बाधाएं दूर होंगी। बेरोजगार हैं तो रोजगार पाने में समर्थ होंगे। व्यवसायी हैं तो अपने व्यवसाय में उन्नति के साथ लाभान्वित होंगे। राजनीति से जुड़े व्यक्ति भी अनुकूल स्थिति पाएंगे। संतान पक्ष से यदि कोई चिंता है तो वह दूर होगी। विद्यार्थी वर्ग के लिए समय अनुकूल है, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में सफल होंगे। मनोरंजन के साधनों में वृद्धि व खर्च भी होगा। दांपत्य जीवन में चली आ रही बाधाएं दूर होंगी,आपस में प्रेम का संचार होगा। दैनिक व्यापार-व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति सुखद अनुभव करेंगे। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव आएंगे। वाणी का प्रभाव होने से आपको कई मामलों में सफलता मिलेगी। इस वर्ष नदी-नालों के पास जाने से बचें। यात्रा करते वक्त सावधानी रखना होगी। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। बाहरी व्यक्तियों से लेन-देन के मामलों में सतर्कता बरतें। स्वास्थ्य के मामलों में सावधानी ही बचाव का साधन रहेगा। आर्थिक मामलों में यह साल आपके लिए सौगात लेकर आया है। धन संबंधी समस्या हल होगी। बड़े भाई का सहयोग मिल सकता है। पारिवारिक मामलों में व्यस्तता रहेगी। घर या परिवार में शुभ कार्य होंगे। ईष्ट मित्रों का सहयोग लाभकारी रहेगा। साझेदारी के कार्य में अनुकूल सफलता के योग हैं। कोई शुभ समाचार मिलने से मन प्रसन्नता का अनुभव करेगा।
 
उपाय- लॉकेट के रूप में पुखराज पहनना शुभ फलदायी होगा। हल्दी का तिलक लगाएं। प्रति गुरुवार गाय को 5 केले खिलाएं।
मकर लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- मकर लग्न वालों के लिए नई सुबह का उदय हो रहा है। आपके कार्यों में अभी तक आ रही परेशानियों से आप छुटकारा पाएंगे, वहीं महत्वपूर्ण कार्य में सफल भी होंगे। इस वर्ष आपकी लग्न वालों के लिए पंचमहापुरुष योग में से एक शश योग बनने से आपकी सारी क्षतिपूर्ति हो जाएगी। मन प्रसन्नता का अनुभव करेगा। दैनिक व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों को महत्वपूर्ण सफलता मिलकर लाभदायक स्थिति रहेगी। दांपत्य जीवन में मधुर वातावरण बना रहेगा। अविवाहितों के लिए समय सुखद कहा जा सकता है। जो विवाहित हैं, उनको अपने जीवनसाथी से आशाजनक लाभ मिलेगा। धन संबंधित समस्याओं का निराकरण होगा। आय के साधन बनेंगे। संतान पक्ष के मामलों में समय मिला-जुला रहेगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए समय साधारण रहेगा। मकान व भूमि संबंधित समस्याओं का निराकरण होगा। स्थानीय राजनीति से जुड़े व्यक्तियों को लाभजनक स्थिति रहेगी। मनोरंजन के साधनों पर खर्च होगा। जनता से संबंधित कार्य में सफलता पाएंगे। नौकरीपेशा व्यक्तियों को अपने विवेक द्वारा अनुकूलता पाने में समर्थ होंगे। बाहरी मामलों में सहयोग के साथ प्रसन्नतादायक स्थिति रहेगी। शेयर बाजार से जुड़े व्यक्तियों को संभलकर चलना होगा। छोटे भाइयों पर खर्च करना होगा। पराक्रम में वृद्धि होकर सहयोगात्मक स्थिति पाएंगे। साझेदारी के मामलों में कामकाज अनुकूल रहेंगे। इस वर्ष भाग्य आपके पक्ष में रहेगा। विदेश यात्रा इस वर्ष पूरी होगी। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय सुखद कहा जा सकता है। 
 
उपाय- इस वर्ष आप नीलम धारण कर लाभजनक स्थिति पाएं। जमीन पर तिल का तेल प्रति शनिवार 1 चम्मच गिराएं। बुजुर्ग व्यक्तियों को शनिवार के दिन कम्बल दान करें। उड़द की दाल बनाकर गरीबों में बांटें।
कुंभ लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- कुंभ लग्न वाले जातकों के लिए यह वर्ष खुशियों की बहार लेकर आया है। जिन लोगों को विदेश जाना है, वे इस साल विदेश जाने में समर्थ होंगे। बाहरी व्यक्तियों का संपर्क अनुकूल रहेगा। धन की बचत के योग हैं। कुटुम्ब के लोगों का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। कर्ज की स्थिति में सुधार होगा। कोर्ट में यदि कोई प्रकरण चल रहा है तो उसमें अनुकूल सफलता पाएंगे। भाग्य में इस वर्ष वृद्धि के साथ चमकते सितारों का साथ मिलने से राहत पाएंगे। पारिवारिक समय सुखद रहेगा। मकान व भूमि संबंधित लाभ के योग बनेंगे। भाइयों का सहयोग मिलता रहेगा। संचार माध्यम से शुभ समाचार मिलेगा। साझेदारी के मामलों में अनुकूल सफलता पाएंगे। व्यापार-व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों के लिए यह साल काफी प्रगति का रहेगा। आय के साधनों में वृद्धि के योग बनेंगे। दांपत्य जीवन में मधुर वातावरण बना रहेगा। इस वर्ष जीवनसाथी से लाभ के योग उत्तम हैं। दैनिक व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति भी सुगमता के साथ धनलाभ पाएंगे। पिता के स्वास्थ्य की चिंता दूर होगी। मान-सम्मान बढ़ेगा। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव आएंगे। विद्यार्थी वर्ग के लिए समय उत्तम रहेगा, वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में सफलता मिलेगी। बेरोजगारों के लिए साल शुभ रहेगा। रोजगार के अनेक अवसर आएंगे। प्रेम विवाह के योग हैं लेकिन समझदारी से काम लेना होगा। धर्म-कर्म में कम ही आस्था रहेगी। बड़ों का आदर आपके लिए आशीर्वादस्वरूप होगा। लेन-देन के मामलों में थोड़ी समझदारी से काम लेना होगा। 
 
उपाय- इस वर्ष गले में 3 कैरेट से ऊपर का नीलम चांदी में बनवाकर शनिवार को शुभ या लाभ चौघड़िया में पहनें। कम से कम 9 शुक्रवार को कन्याओं को खीर खिलाएं।
मीन लग्न के लिए 2021 कैसा होगा- इस साल मिले-जुले परिणाम की आशा की जाती है। पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा, वहीं ईष्ट मित्रों का सहयोग मिलने से महत्वपूर्ण कार्य बनेंगे। महत्वाकांक्षाएं पूरी करने में समर्थ होंगे। पारिवारिक समय आनंदपूर्वक व्यतीत होगा। घर या परिवार में शुभ कार्य भी होंगे। संतान पक्ष के कार्य बन जाने से प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए सुखद वातावरण है, मानसिक चिंताएं दूर होंगी। व्यापार-व्यवसाय के मामलों में उन्नतिदायक स्थिति रहेगी। अधिकारी वर्ग के लिए सहयोगवादी समय रहेगा। नौकरीपेशा के लिए अनुकूल वातावरण होने से मन में प्रसन्नता का अनुभव होगा। आर्थिक प्रयासों में अनुकूल सफलता के साथ नए रास्ते खुलेंगे। दांपत्य जीवन में मधुर वातावरण रहेगा, दैनिक व्यवसाय में सहयोग मिलेगा। भाग्य बल द्वारा आपके कार्य बनेंगे, वहीं कुटुम्बियों का सहयोग मिलेगा। वाणी से काम निकालने में समर्थ होंगे। समस्याओं का निराकरण होगा। साझेदारी के कार्य में सावधानी रखना होगी। भोग-विलास में खर्च अधिक होगा। राजनीतिक व्यक्तियों के लिए समय अनुकूल होने से इच्छित कार्य में सफल होंगे। महत्वपूर्ण कार्य से यात्रा के योग हैं। अविवाहित विवाह के बंधन में बंधेंगे। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफल होंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से समय उत्तम रहेगा। लेन-देन के मामलों में संभलकर चलना होगा। जोखिम के कार्य में धन लगाने से बचना होगा। शेयर बाजार में सावधानी से चलें।
 
उपाय- 5 कैरेट का चांदी में पुखराज लॉकेट बनवाकर गुरुवार को शुभ या लाभ चौघड़िया में पहनें। गुरुवार को पीली गाय को सवा पाव या सवा किलो हल्दी मिली चने की दाल खिलाएं। प्रति गुरुवार हल्दी का तिलक मस्तक पर लगाएं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Horoscope 2021 : कैसा होगा नया साल आपके लिए, जानिए वार्षिक राशिफल