ank jyotish saptahik rashiphal 2026: इस हफ्ते का अंक राशिफल आपके लिए सिर्फ भविष्य की जानकारी नहीं है, बल्कि यह अपने निर्णयों और कार्यों में संतुलन लाने का मार्गदर्शन भी है। सही समय पर सही कदम उठाने से आप न केवल मानसिक शांति पा सकते हैं, बल्कि आर्थिक और व्यक्तिगत लाभ भी सुनिश्चित कर सकते हैं। तो चलिए, जानते हैं 18-24 मई 2026 के सप्ताह भर के अंक संकेत, जो आपके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
साप्ताहिक अंक राशिफल: 18-24 मई 2026
मूलांक 1 (जन्म दिनांक 1, 10, 19, 28)
इस सप्ताह कार्यस्थल पर आपका वर्चस्व बढ़ेगा और वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। आपको कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी तथा निवेश से लाभ होने के योग हैं। सिरदर्द या आंखों में थकान महसूस हो सकती है, इसलिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग कम करें। पिता या पितातुल्य व्यक्ति से लाभ होगा। जीवनसाथी के साथ सामंजस्य बना रहेगा।
उपाय: स्नान के जल में आंकड़े की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
मूलांक 2 (जन्म दिनांक 2, 11, 20, 29)
इस सप्ताह आपको टीम वर्क वाले कार्यों में सफलता मिलेगी। यदि आप कला, लेखन या शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं, तो कोई नई उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। आय स्थिर रहेगी, लेकिन अचानक होने वाली यात्राओं के कारण खर्च बढ़ सकते हैं। माता के साथ संबंधों में मधुरता आएगी और पुराने मित्रों से मुलाकात संभव है। मानसिक तनाव और अनिद्रा की समस्या हो सकती है, इसलिए पर्याप्त नींद लें। जीवनसाथी के साथ भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा।
उपाय: स्नान के जल में पलाश की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
मूलांक 3 (जन्म दिनांक 3, 12, 21, 30)
इस सप्ताह आप अपने अनुभव से जटिल कार्यों को भी आसानी से पूरा कर पाएंगे। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या वेतन वृद्धि के संकेत मिल सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पैतृक संपत्ति से लाभ होने की संभावना है। परिवार में किसी मांगलिक कार्य की योजना बन सकती है। खान-पान पर नियंत्रण रखें, पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। आपसी रिश्ते अच्छे रहेंगे।
उपाय: स्नान के जल में पीपल की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
मूलांक 4 (जन्म दिनांक 4, 13, 22, 31)
यह सप्ताह आपके लिए उतार-चढ़ाव भरा हो सकता है। आय के नए स्रोत बन सकते हैं या अचानक धन लाभ हो सकता है। हालांकि, जोखिम भरे निवेश से बचें। मानसिक तनाव और जोड़ों में दर्द की समस्या हो सकती है। अपने विचारों को स्पष्ट रखें, अन्यथा रिश्तों में गलतफहमी उत्पन्न हो सकती है।
उपाय: स्नान के जल में दूर्वा डालकर स्नान करें।
मूलांक 5 (जन्म दिनांक 5, 14, 23)
इस सप्ताह आपको कम मेहनत में अधिक लाभ मिलने के योग हैं। कमीशन आधारित कार्यों में विशेष फायदा होगा। व्यापार में कोई बड़ा सौदा हो सकता है। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी और यात्राएं लाभकारी सिद्ध होंगी। त्वचा संबंधी एलर्जी या गले में खराश हो सकती है। रिश्तों में प्रगाढ़ता आएगी।
उपाय: स्नान के जल में अपामार्ग (चिरचिटा या लटजीरा) की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
मूलांक 6 (जन्म दिनांक 6, 15, 24)
तड़क-भड़क, शानो-शौकत या ग्लैमर (वैभवशाली) वस्तुओं का व्यवसाय करने वालों अथवा इस क्षेत्र में कार्य करने वाले जातकों के लिए यह सप्ताह उत्तम रहेगा। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन विलासिता की वस्तुओं पर खर्च हो सकता है। मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित व्यक्ति सावधानी रखें। रिश्तों में आकर्षण बढ़ेगा और जीवनसाथी के साथ आउटिंग पर जा सकते हैं।
उपाय: स्नान के जल में उदुम्बर (गूलर) की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
मूलांक 7 (जन्म दिनांक 7, 16, 25)
इस सप्ताह शोध, ज्योतिष या आध्यात्मिक कार्यों में आपका मन लगेगा। यह समय आपके आत्मचिंतन और आध्यात्मिकता का है, जिससे आपको अपने भीतर चल रहे अंतर्द्वंद्व से बाहर निकलने का रास्ता मिल सकता है। आपको अपने गुप्त शत्रुओं से सावधान रहने की ज़रूरत है। आय सामान्य रहेगी। मानसिक तनाव और चिंता आप पर हावी हो सकती है, इसलिए पर्याप्त नींद लें और ध्यान (Meditation) करें। जीवनसाथी से संवाद बनाए रखें।
उपाय: स्नान के जल में कुशा डालकर स्नान करें।
मूलांक 8 (जन्म दिनांक 8, 17, 26)
इस सप्ताह लोहे, मशीनरी या रियल एस्टेट के कार्यों में गति आएगी और आपकी मेहनत रंग लाएगी। आय की गति थोड़ी धीमी रहने की संभावना है, लेकिन पुराने निवेशों से लाभ मिल सकता है। जोड़ों के दर्द या पैरों में चोट लगने की आशंका है, इसलिए वाहन सावधानी से चलाएं। रिश्तों में सामंजस्य बनाए रखें।
उपाय: स्नान के जल में शमी की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
मूलांक 9 (जन्म दिनांक 9, 18, 27)
इस सप्ताह आपको कोई शासकीय (सरकारी) कार्य करने का अवसर मिल सकता है। भाई-बहनों के सहयोग से आर्थिक लाभ होगा। जल्दबाजी में कोई भी कार्य करने से बचें। रक्त विकार या हाई ब्लड प्रेशर के रोगी स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें और अपने गुस्से पर नियंत्रण रखें। रिश्तों में गर्मजोशी बनी रहेगी।
उपाय: स्नान के जल में खैर की लकड़ी या पत्तियां डालकर स्नान करें।
अस्वीकरण (Disclaimer): अंकज्योतिष द्वारा बताई गई भविष्यवाणियाँ केवल संभावित रुझानों का संकेत देती हैं। यह राशिफल मूलांक के आधार पर किया गया एक सामान्य पूर्वानुमान है, जिसमें व्यक्तिगत कुंडली या परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तन संभव है। अधिक व सटीक जानकारी के लिए किसी अनुभवी अंकज्योतिषी से संपर्क करें।