Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मूलांक से जानें कैसे चमकाएं अपने भाग्य के सितारे, कौन सा करियर अपनाएं

हमें फॉलो करें मूलांक से जानें कैसे चमकाएं अपने भाग्य के सितारे, कौन सा करियर अपनाएं
webdunia

पं. अरमान जैन

अर्थ अथवा धन, मनुष्य के जीवन की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसी आवश्यकता की पूर्ति हेतु मनुष्य को व्यावसायिक कार्य करने होते है। पर सभी मनुष्य पूर्ण रूप से पुरुषार्थ करने के बाद भी, कभी कभी अपने व्यवसाय में सफलता अर्जित नहीं कर पाते हैं। आज हम इसी विषय पर कुछ प्रकाश डालते हैं। 
 
व्यक्ति की जन्म तारीख से मूलांक का निर्णय होता है, उदाहरण के तौर पर, जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 अथवा 28 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 1 है। जिस भी व्यक्ति का जन्म 2, 11, 20 अथवा 29 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 2 है। और इसी क्रम से कोई भी व्यक्ति अपना मूलांक समझ सकता है। 
 
ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, सूर्य, पृथ्वी, चंद्रमा एवं अन्य सभी ग्रहों का हर मनुष्य से गहरा नाता है, ये हर मनुष्य के जीवन को प्रभावित करते हैं एवं साथ ही ये सभी किसी ना किसी अंक का प्रतिनिधित्व करते हैं। आइए आज हम ये समझते हैं कि किस मूलांक वाले व्यक्ति पर किस ग्रह का क्या प्रभाव है, उनकी क्षमताएं और योग्यताएं क्या हैं और उन्हें किस व्यवसाय का चुनाव करना चाहिए?  हो सकता है आज इस लेख के माध्यम से आप कुछ बेहतर चुन सकें या अपनी किसी ग़लती को सुधार सकें। 
 
मूलांक 1: 
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 अथवा 28 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 1 है। 1 अंक शासित होता है सूर्य से। सूर्य हमारे सौरमंडल का केंद्र है एवं समस्त ग्रह एवं उपग्रह सूर्य की परिक्रमा करते हैं। यह भी माना गया है कि सूर्य ही हमारे जीवन की रचना करता है और मानव जीवन के लिए सूर्य का उपस्थित होना नितांत आवश्यक है। 
 
मूलांक 1 वाले व्यक्ति के कुछ गुण है जैसे महत्वाकांक्षी होना, कभी हार ना मानना और संघर्ष से पीछे ना हटना, विफलता से ना घबराना और ना ही उसे छुपाने की कोशिश करना, चुनौतियों का सामना करना, राजनीति, भाषा पर अच्छी पकड़ होना एवं भीड़ को संबोधित करने एवं संभालने की क्षमता, नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन, प्रशासन, नए विचारों का सृजन एवं प्रतिपादन करने की क्षमता। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - स्वयं का व्यवसाय, राजनीति, लीडरशिप (नेतृत्व), मैनेजमेंट गुरु (प्रबंधन गुरु)
 
मूलांक 1 वाले प्रमुख जातक : धीरूभाई अंबानी, रतन टाटा, मुकेश अंबानी, बिल गेट्स, कुमार विश्वास
 
मूलांक 2:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 2, 11, 20 अथवा 29 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 2 है। 2 अंक शासित होता है चंद्रमा से और मातृत्व का अंक है। मूलांक 2 वाले व्यक्ति के कुछ गुण है जैसे कला एवं मनोरंजन के प्रति झुकाव, ममता, किसी भी कार्य को व्यवस्थित रूप से करने की इच्छा एवं क्षमता, न्यायप्रियता। आप भावनात्मक रूप से एक ही दिशा में विचार कर पाते हैं और अन्य दिशा व अन्य पहलू पर विचार नहीं करते हैं। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - कला, मनोरंजन, न्याय, समाजसेवा, 9 से 5 वाली जॉब, राजनीति से दूर रहें। 
 
मूलांक 2 वाले प्रमुख जातक: महात्मा गांधी, अमिताभ बच्चन, शाहरुख ख़ान
 
मूलांक 3:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 3, 12, 21 अथवा 30 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 3 है। 3 अंक शासित होता है गुरु से...
 
मूलांक 3 वाले व्यक्ति नेतृत्व वाली स्थिति में रहना पसंद करते हैं एवं बड़ी-बड़ी संस्थाओं में उच्च पदों पर आसीन रहते हैं। रचनात्मकता, कलात्मकता एवं सामाजिक कार्य में इनकी विशेष रूचि रहती है। 
 
क्या ना करें :  जो संस्थान बहुत बड़ा ना हो या जिस व्यवसाय की स्थिति बहुत अच्छी ना हो ऐसे किसी संस्थान से ना जुड़ें क्योंकि ऐसे संस्थान के प्रति आपका आकर्षण सदैव कम रहता है और आप यहां संतुष्ट नहीं रह पाएंगे। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - कला, रचनात्मक, राजनीति, समाजसेवा, उच्च पद वाली जॉब, बैंक जॉब, वित्त व्यवसाय अथवा जॉब। 
 
मूलांक 3 वाले प्रमुख जातक: अब्राहम लिंकन, चार्ल्स डार्विन, करीना कपूर
 
मूलांक 4:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 4, 13, 22 अथवा 31 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 4 है। 4 अंक शासित होता है राहु से। राहु तीव्र गति से उतार-चढ़ाव देते हैं एवं एकाएक सफलता अथवा असफलता देते हैं।
 
मूलांक 4 वाले व्यक्ति के सामने जो भी मुद्दा या चर्चा आती है, ये उसको एक अलग ही नज़रिए से देखते हैं। ये स्वतन्त्र विचार वाले होते हैं, सामान्य लोगों से कुछ अलग होते हैं, समाज में जो प्रतिष्ठित विचारधारा या प्रचलन है उसको अंधभक्त की तरह पालन ना करते हुए नए तरह से सोचते हैं एवं प्रतिपादित करते हैं। इनके विचार बिल्कुल नए होते हैं और ये नवीन तरीके से नए विचारों का सृजन करते हैं। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - हाइ-रिस्क वाले व्यवसाय, जुआ-सट्टा या लॉटरी, कला, अभिनय। किसी भी व्यवसाय या जॉब में जा सकते हैं - बस पहले से तय हिसाब से काम करने के बजाय अपने नए तरीके से काम करेंगे। 
 
मूलांक 4 वाले प्रमुख जातक: श्री श्री रविशंकर, किशोर कुमार, बराक ओबामा, अमित शाह, सनी लियोनी 
 
मूलांक 5:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 5, 14 अथवा 23 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 5 है। 5 अंक शासित होता है बुध से। बुध बुद्धि और ज्ञान के द्योतक है एवं तीव्रता, कम्यूनिकेशन और मिलनसारिता को दर्शाते हैं। 
 
मूलांक 5 वाले व्यक्ति के कुछ गुण हैं, जैसे शीघ्र मित्रता करना, बेहतर कम्यूनिकेशन स्किल्स, लोगों से मेलजोल बढ़ाना, नए उद्यमों में रूचि ना ले कर पहले से स्थापित उद्यमों में रूचि लेना। आप रिस्क नहीं लेना चाहते है, पर अगर रिस्क ले कर कोई कम्यूनिकेशन स्किल्स से संबंधित व्यवसाय शुरू करते हैं तो वो काफ़ी फ़ायदेमंद हो सकता है। कई बार स्थिर हो जाते हैं, थम जाते हैं, जिससे इनकी प्रगति रुक जाती है। थोड़ी रिस्क लेना ज़रूरी है। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - कम्यूनिकेशन स्किल्स से संबंधित व्यवसाय जैसे काउन्सलिंग, कोचिंग, टीचिंग, स्टॉक मार्केट-स्टॉक ट्रेडिंग
 
मूलांक 5 वाले प्रमुख जातक: प्रिंस चार्ल्स, राज कपूर, आमिर ख़ान, करण जौहर
 
मूलांक 6:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 6, 15 अथवा 24 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 6 है। 6 अंक शासित होता है शुक्र से। शुक्र सौंदर्य, जीवन, साहस और सृजन को दर्शाते हैं। 
 
मूलांक 6 वाले व्यक्ति के कुछ गुण है जैसे स्वस्थ शरीर, चमत्कारी पर्सनॅलिटी, फेमस और पॉपुलर, अच्छा बर्ताव, लोगों को हैंडल करने की क्षमता। साथ ही आलस्य, निर्णय लेने की क्षमता की कमी, आलस्य की वजह से दूसरों पर निर्भर हो जाने की आदत और सेल्फ़-डिसिजन ना लेना भी इनके कुछ दुर्गुण हैं। आप आलस्य से बचे एवं सेल्फ़-डिसिजन लेवें। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - लक्जरी या फैंसी आइटम्स का बिज़नेस, मनोरंजन या एंटरटेनमेंट लाइन का बिज़नेस, स्पोर्ट्स के क्षेत्र में जा सकते हैं। स्वयं विवेक से डिसिजन ले कर बिज़नेस करें। 
 
मूलांक 6 वाले प्रमुख जातक: सचिन तेंदुलकर, आलिया भट्ट, रणवीर सिंह
 
मूलांक 7:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 7, 16 अथवा 25 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 7 है। 7 अंक शासित होता है केतु से। यह समुद्र का अंक है और समुद्र के जैसे सब कुछ समाहित करने की क्षमता रखता है। 
 
मूलांक 7 वाले व्यक्ति के कुछ गुण हैं जैसे आध्यात्म के प्रति झुकाव। ये बहुत अच्छे सलाहकार, ट्रेवल एजेंट, रिसर्चर, कलाकार, इंटेलेक्चुयल और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले होते हैं। कार्य में एवं व्यवसाय में नए मापदंड स्थापित करते हैं। लोगों के बीच लोकप्रिय होते हैं। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - रिसर्च, ट्रेवल, कन्सलटेन्सी फर्म, जिस भी संस्था में रहेंगे अच्छे मापदंड स्थापित करेंगे।  
 
मूलांक 7 वाले प्रमुख जातक: अटल बिहारी बाजपेयी, निक जोनस, शॉन कोनरी
 
मूलांक 8:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 8, 17 अथवा 26 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 8 है। 8 अंक शासित होता है शनि से। शनि व्यक्ति को कर्म के अनुसार फल देते हैं और व्यक्ति को हर स्थिति में अच्छे से परख लेते हैं। 
 
मूलांक 8 वाले व्यक्ति को अक्सर ग़लत समझा जाता है। उच्च कोटि के आध्यात्मिक और संसारिक सुख पाने की चाह रखने के कारण कई बार ये ग़लत दिशा में निर्णय ले लेते हैं, जिसकी वजह से बाद में पछताना पड़ता है और इन्हें ग़लत समझ लिया जाता है।
 
 व्यवसाय को ले कर कई बार अनिर्णय की स्थिति में बने रहते हैं और बहुत देरी से सही निर्णय ले पाते हैं। सफलता के लिए किसी उचित व्यक्ति या संस्था को गुरु बना कर उनकी सलाह ले कर काम करना चाहिए, तो निजी एवं व्यावसायिक जीवन में सफलता प्राप्त करेंगे। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - स्टील, मेटल, आर्किटेक्चर, राजनीति, कला, रियल एस्टेट। 
 
मूलांक 8 वाले प्रमुख जातक: एल्विस प्रेस्ले, आशा भोंसले, मॅदर टेरेसा, जॉर्ज बर्नार्ड शॉ, विलियम शेक्स्पीयर, नरेंद्र मोदी
 
मूलांक 9:
जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी महीने की 9, 18 अथवा 27 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 9 है। 9 अंक शासित होता है मंगल से। 
 
मूलांक 9 वाले व्यक्ति के कुछ गुण है जैसे क्षत्रिय, साहसी एवं संघर्ष करने से ना घबराने वाले। ये कुछ संघर्षमय जीवन वाले होते हैं। इन्हें आसान जीवन प्राप्त नहीं होता है। जब तक ये अपना 100% नहीं देंगे, तब तक सफलता नहीं मिलेगी। क़ानूनी पचड़ों में फंसे रह सकते हैं। पारिवारिक या निजी जीवन में परेशानियां महसूस करेंगे एवं अपनी जगह बनाना चाहेंगे। अनुशासित व नियमित जीवन से ही सफलता मिलेगी। शारीरिक संरचना (फिज़िकल फिटनेस) अच्छी रहती है। ध्यान भटकने ना दें तो विजेता बन सकते हैं। 
 
क्या करना सर्वोत्तम है - स्पोर्ट्स, आर्मी, पॉलिटिक्स, मनोरंजन एवं कला। 
 
मूलांक 9 वाले प्रमुख जातक: सोनिया गांधी, सलमान ख़ान, अक्षय कुमार

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कल्पवृक्ष : कैसा है, कहां है, क्या-क्या चमत्कार कर सकता है? सब जानिए यहां...