Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

फरवरी 2023 : 12 राशियों के लिए क्या लाया है साल का दूसरा महीना, किसकी खुलेगी किस्मत

हमें फॉलो करें फरवरी 2023 : 12 राशियों के लिए क्या लाया है साल का दूसरा महीना, किसकी खुलेगी किस्मत

WD Feature Desk

February monthly horoscope : फरवरी 2023, साल का दूसरा महीना क्या लाया है 12 राशियों के लिए। जानिए यहां February के मासिक राशिफल में मेष से लेकर मीन राशि तक कैसा गुजरेगा फरवरी माह। क्या होगा खास, किसे रखना होगा सेहत का ध्यान। धनलाभ, कारोबार, नौकरी, करियर, रोमांस से जुड़ी विशेष जानकारी- 
मेष राशि
फरवरी का महीना आपको वाणी से लाभ देगा। मंगल और शुक्र की चाल फेवरेबल होगी। पत्नी के साथ घूमने जा सकते है। किसी साथी की और आकर्षित हो सकते हैं। मीडिया, लेखन,कला से जुड़े लोगों के लिए यह महीना अच्छा होगा। दांपत्य जीवन में कुछ समस्याएं रहेंगी क्योंकि राहु-केतु का प्रभाव आपके दांपत्य जीवन में तनाव बढ़ाएगा। मेष राशि के जातकों के जीवन में फरवरी के महीने में आर्थिक उन्नति के योग बनेंगे और वित्तीय रूप से स्थिरता की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि खर्चे भी लगातार बने रहने वाले हैं। पारिवारिक जीवन में सुख शांति और संपन्नता बढ़ेगी। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का माहौल तैयार होगा और घर के सभी सदस्य हंसी और खुशी के साथ अपना जीवन व्यतीत करेंगे। आप अपनी नौकरी में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। 
वृषभ राशि 
फरवरी में आपके राशि स्वामी शुक्र अपनी उच्च राशि मीन में विराजमान होकर आपके लिए स्त्री से लाभ के योग बना रहे हैं। प्यार के इस खूबसूरत महीने में रोमांस आपकी लाइफ में दस्तक दे सकता है। शादीशुदा हैं तो पत्नी के साथ घूमने फिरने की योजना बनेगी। जिनका विवाह तय नहीं हो रहा था अब उनके विवाह की बात होगी। फैशन, ग्लैमर, मीडिया, कपड़े के कारोबार से जुड़े हैं तो 15 फरवरी आपका समय बेहद अनुकूल रहने वाला है। फरवरी का महीना काम में मजबूती लाएगा। आप काफी व्यस्त रहेंगे। सेहत में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। आपको अपने व्यवहार में कटुता से बचना चाहिए। संभव है कि इस दौरान आप कोई नई नौकरी प्राप्त कर लें। इस समय में आप परिवार की खुशियों का पूरा ध्यान रखेंगे। भले ही आप स्वयं कुछ मानसिक दबाव में रहेंगे लेकिन परिवार में खुशी बनाए रखने की पूरी कोशिश करेंगे।  
मिथुन राशि
फरवरी का गुलाबी महीना आपने तनाव कम करने आ रहा है। फरवरी के माह में शुक्र शनि और गुरु की कृपा से आपको पारिवारिक खींचतान से मुक्ति मिलेगी। रूके कार्यों में गति आएगी। सूर्य देव जब कुंभ राशि में शनि के साथ होंगे तब बेहतरीन परिणाम सामने आएंगे। पिता का सहयोग मिलने वाला है। दोस्तों के साथ मतभेद खत्म होंगे और नए प्रोजेक्ट की शुरुआत हो सकती है। 15 फरवरी से उच्च का शुक्र करियर में सहयोग देगा। किसी महिला सहकर्मी के साथ रोमांटिक रिलेशन बन सकते हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। लगातार धन प्राप्ति के योग बनेंगे। प्रॉपर्टी के क्रय-विक्रय से अच्छा मनमाफिक लाभ प्राप्त होगा। शिक्षा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के योग बनेंगे। आपको यह महीना खुशखबरी और सुकून देकर जाएगा।
कर्क राशि
प्यार और रोमांस का यह महीना अपने शुरुआती दिनों में खूब सारी खुशियां लेकर आया है। इस समय आप पत्नी के साथ खूबसूरत पल बिताने वाले हैं। कहीं बाहर घूमने जाने का योग भी बन रहा है। 15 फरवरी से चौथे भाव के स्वामी शुक्र की मीन राशि में गुरु के साथ युति होगी। उच्च का शुक्र यहां राजयोग को जन्म देकर भूमि और वाहन से जुड़े सुखों में वृद्धि करेगा। फरवरी माह के अंत में सूर्य शनि के साथ बैठकर अशुभ योग का निर्माण करेंगे। पिता से मतभेद और पिता को चोट जैसी घटना हो सकती है। इस समय धन से जुड़े मामलों में आपको सावधानी रखनी होगी और किसी भी नए निवेश को सोच समझकर करना होगा। राजनीति से जुड़े जातकों को कठिनाई होगी। गुरु भाग्य में वृद्धि करेंगे और राहु के कारण आप हर समस्या का हल चतुराई से निकाल लेंगे। 
सिंह राशि
फरवरी माह के मध्य में सूर्य शत्रु भाव में गोचर कर शत्रुओं से निजात दिलवाने का काम करेंगे। अहंकार को हावी न होने दें। फरवरी माह में सप्तम भाव में शनि शुक्र सूर्य की युति पत्नी के लिए कष्टप्रद हो सकती है। केतु का गोचर कार्यस्थल पर विवाद का कारण बन सकता है। रोमांस के लिए कमाल का महीना है। कहीं घूमने जाने के प्रबल योग बन रहे हैं। खेल के क्षेत्र में है तो यह समय आपके लिए विजयी योग बना रहा है। मीडिया में हैं तो आपकी वाणी आपको उच्च स्थान दिलाएगी। बुध का गोचर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे जातकों को सुख देगा। वाहन या भवन खरीदने के संयोग बन रहे हैं। इंजीनियरिंग से जुड़े जातकों के लिए समय अच्छा बन पड़ा है। उच्च का शुक्र नए कारोबारी सम्बन्ध बनाकर आपको धन लाभ करवाने वाला होगा। 
कन्या राशि 
प्यार का गुलाबी महीना आपको रोमांस की मीठी फुहारों से सराबोर कर के जाएगा। उच्च के शुक्र का गुरु के साथ गोचर सुख देने वाला है। संतान पक्ष से अच्छी खबर मिलेगी। शादीशुदा हैं तो अपने साथी के साथ रोमांटिक समय बिताने का अवसर मिलने वाला है। अगर सिंगल है तो इस माह आप किसी को प्रपोज कर सकते हैं। किसी महिला मित्र के साथ काम शुरू करेंगे तो भाग्य चमक सकता है। ग्रहों के गोचर मशीनी काम करने वालों को मालामाल कर देंगे। इस माह सोच समझ कर निवेश करना चाहिए या निवेश से बचना चाहिए। जनवरी में किसी पवित्र स्थान की यात्रा पर जा सकते हैं। धन के लिए भी यह माह शानदार संकेत दे रहा है। खूब उपहार और शॉपिंग के भी संयोग बन रहे हैं।  
तुला राशि
प्यार का महीना है अपने पार्टनर का खूब ख्याल रखिए। उनके योगदान का महत्व समझिए। उनकी भावनाओं की कद्र करें। उन्हें खास फील कराइए फिर देखिए रोमांस आपकी जिंदगी में कितनी मिठास घोलता है। फरवरी माह में पंचम भाव में ही सूर्य शनि की युति होगी। इस समय संतान पक्ष से कोई विवाद हो सकता है। आपकी राशि में बन रहा विपरीत राजयोग विदेशी भूमि से लाभ दिलाएगा। कारोबार के सिलसिले में विदेश यात्रा करनी पड़ सकती है। चोट लगने की संभावना है इसलिए वाहन बेहद सावधानी से चलाएं। सेहत के सितारे मंद हैं इसलिए खूब सतर्कता बरतें। परिवार में मांगलिक आयोजन संभव है। करियर के लिए भी मिलाजुला समय दिख रहा है। माह का पहला भाग थोड़ा हैरान कर सकता है लेकिन यह तय है कि माह खत्म होते ही आपकी चांदी होने वाली है। 
वृश्‍चिक राशि
मोहब्बत का महीना है और आपकी राशि से पंचम में गुरु की शुक्र से युति रोमांस के लिए शानदार रहने वाली है। युवा साथी इस समय अपने पार्टनर के साथ घूमने जा सकते हैं। लेकिन राहु पर शनि की नीच दृष्टि आपका मन खिन्न कर सकती है। फरवरी माह में नौकरी बदलने का विचार आ सकता है। इस माह आपको मनमाफिक उन्नति नहीं मिलने से तनाव हो सकता है। यह समय कारोबार से जुड़े लोगों को बढ़िया मुनाफा होगा क्योंकि गुरु लाभ भाव को प्रभावित कर रहे हैं। शेयर मार्केट से जुड़े हैं तो बचत करने में सफल होंगे। सरकारी सेवा से जुड़े लोगों को थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी होगी। धन के लिहाज से खर्चीला महीना है। पैसा अटक भी सकता है। सेहत के सितारे भी मिलेजुले हैं। मेडिटेशन करें। परिवार के साथ समय बिताएं वरना शिकवे-शिकायतों में माह गुजरेगा। 
धनु राशि
इस माह को प्यार का महीना माना गया है और इस वर्ष फरवरी माह में आपके जीवन में प्यार दस्तक दे सकता है। तीसरे भाव में शनि बेहद शुभ फल देंगे। शनिदेव की कृपा से साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। कारोबार के संबंध में की गई यात्रा बेहद शुभ फल देने वाली होगी। इस समय आपको नए निवेश से बचने की सलाह दी जाती है। माह के मध्य में सूर्य-शनि की युति से सरकारी कामों में सफलता मिल सकती है। अटका पैसा आपकी झोली में होगा। इस माह कुछ अप्रत्याशित लाभ होंगे। कुछ ऐसे सपने पूरे होंगे जो आपने लंबे समय से सजाकर रखे हैं। खिलाड़ी वर्ग को सफलता हाथ लगेगी। आप एक ब्रेक लेंगे और घूमने जाने का प्लान कर सकते हैं। सेहत का ध्यान रखें।  
मकर राशि
शानदार महीना आपके लिए सौगात लाया है बस आपको अपने कर्मों पर फोकस करना है। काम के प्रति थोड़ी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। रोमांस के लिए अच्छा समय है। पार्टनर की खुशी का ख्याल कीजिए शुक्रदेव कृपा करेंगे। आपको एक अच्छी नौकरी का प्रस्ताव आने वाला है। सोच समझ कर फैसला करें। परिवार में सामंजस्य बना कर चलें। किसी कोर्ट केस का फैसला आपके हक में होगा। सरकारी नौकरी में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। जिनका विवाह तय होने में देरी हो रही थी अब उनका विवाह तय होगा। इस महीने कहीं घूमने जाने का प्लान कीजिए। परिवार को क्वॉलिटी टाइम देने से रिश्तों में खुशियां बनी रहेगी। यह महीना भरपूर सफलता देगा आपको।  
कुंभ राशि
रोमांस लाइफ में चार चांद लग जाएंगे इस माह, लेकिन सेहत का ध्यान रखिए। शुक्र के शुभ गोचर के कारण आपकी लाइफ में बहारों का मौसम होगा। फरवरी माह में रोमांटिक रिलेशन मीठे होंगे। आपके पार्टनर बहुत रोमांटिक महसूस करेंगे। शादीशुदा लोगों में हल्की फुल्की खटपट हो सकती है। शुक्रदेव बात को बिगड़ने नहीं देंगे। इस महीने खूब प्यार, खूब उपहार, खूब धन आगमन के शुभ संकेत हैं। पार्टी, पिकनिक और प्रशंसाओं का दौर रहेगा। शादी-विवाह में शामिल होने का अवसर मिलेगा। धन आपकी तरफ हर दिशा से आता दिख रहा है। अवसरों को न गंवाएं। अपने आपको पीछे मत धकेलिए सितारे आपको आगे ले जाना चाहते हैं। कारोबार में वृद्धि होगी। संतान पक्ष से प्यारा समाचार मिलेगा। शत्रु परास्त होंगे।  
मीन राशि
इस माह भी रोमांस के सितारे जगमगा रहे हैं। जीवनसाथी से नजदीकी बढ़ेगी। आपको अपने साथी से कोई उपहार मिल सकता है। गुरु शुक्र का राजयोग जबरदस्त सफलता ला रहा है। कारोबारी हैं तो नए लोगों से मिलकर काम को आगे बढ़ाने का मौका मिलने वाला है। परिवार के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर भी जा सकते हैं। इस यात्रा का असर आपकी सेहत और जेब दोनों पर पड़ेगा। अष्टम में केतु का गोचर है इसलिए स्वास्थ्य को लेकर बहुत ज्यादा सावधान रहे। त्वचा, पेट और दिल से जुडी बीमारी आपको परेशान कर सकती है। मीन राशि वालों को ज्योतिष की सलाह है कि तनाव न लें और न दें। परिवार से अपेक्षा और परिवार के सदस्यों की उपेक्षा दोनों आपको दुखी कर सकती है। अत: संबंधों में संतुलन बनाए रखें। 
webdunia

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Astrology : कुंभ राशि में बुधादित्य योग बड़ा धनलाभ, 3 राशियों को मिलेगा मान-सम्मान