Publish Date: Thu, 09 Apr 2015 (16:27 IST)
Updated Date: Thu, 09 Apr 2015 (16:29 IST)
नई दिल्ली। फ्रांसीसी वाहन कंपनी रेनो ने देश के बहुद्देश्यीय वाहन (एमपीवी) खंड में कदम रखते हुए ‘लोजी’ गुरुवार को पेश की जिसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम शुरुआती कीमत 8.19 लाख रुपए होगी।
इस खंड में ‘लोजी’ का मुकाबला टोयोटा की इनोवा, मारुति की अर्टिगा, होंडा की मोबिलियो व जीएम की इंजाय से होगा जिनकी कीमत 5.99 लाख रुपए से 15.8 लाख रुपए है।
रेनो इंडिया के कंट्री सीईओ सुमित साहनी ने कहा कि लोजी भारत में अपनी वृद्धि के अगले चरण की अगुवाई करेगी। इसके साथ हम एमपीवी खंड को पुनर्परिभाषित करेंगे।’ यह वाहन सात विभिन्न संस्करणों में आएगा जिनकी कीमत 8.19 लाख रुपए से 11.79 लाख रुपए होगी।
साहनी ने कहा कि कंपनी ने अगले साल के आखिर तक पांच प्रतिशत बाजार भागीदारी का लक्ष्य रखा है जिसे हासिल करने के लिए उसकी इस साल एक छोटी कार पेश करने की योजना है। पिछले साल देश के कार बाजार में कंपनी का हिस्सा लगभग दो प्रतिशत था।
इस समय भारत में कंपनी की प्रमुख गाड़ी डस्टर है। कंपनी ने अब तक 1.25 लाख डस्टर भारतीय बाजार में बेची हैं। इसके साथ ही कंपनी भारत में अपने नेटवर्क के विस्तार पर भी विचार कर रही है। साहनी ने कहा कि इस समय देशभर में हमारे 157 ब्रिकी केंद्र हैं। कंपनी इसे बढाकर 205 करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।’ इसके अलावा कंपनी पुरानी कारों के कारोबार में भी उतर रही है। (भाषा)