Publish Date: Sun, 05 Mar 2017 (21:00 IST)
Updated Date: Sun, 05 Mar 2017 (21:03 IST)
नई दिल्ली। बीमा क्षेत्र के नियामक भारतीय बीमा विकास एवं विनियामक प्राधिकरण (इरडा) ने कार, मोटरसाइकल और वाणिज्यिक वाहनों के बीमा का प्रीमियम 1 अप्रैल से 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया है, हालांकि इसमें छोटी कारों (1,000 सीसी इंजन क्षमता तक) के तीसरे पक्ष के बीमा प्रीमियम को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है, जो अभी 2,055 रुपए वार्षिक है।
प्रीमियम में बढ़ोतरी का प्रस्ताव मध्यम श्रेणी की कारों (1,000-1,500 सीसी इंजन क्षमता) और बड़ी कारों और एसयूवी के लिए है जो 50 प्रतिशत तक बढ़ाया जाना है। इसमें 1,000 सीसी तक की कारों का प्रीमियम बढ़ाकर 3,355 रुपए और बड़ी कारों का 9,246 रुपए किया जाना है।
इरडा ने 75सीसी तक के दोपहिया वाहनों के लिए भी प्रीमियम बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं किया है। हालांकि स्पोर्ट्स मोटरसाइकल (350 सीसी से अधिक) के प्रीमियम को मौजूदा 796 रुपए से बढ़ाकर 1,194 रुपए किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 77 से 150 सीसी की मोटरसाइकलों के प्रीमियम को भी बढ़ाने का प्रस्ताव है। इरडा ने इस संबंध में एक मसौदा पत्र जारी किया है जिस पर हितधारकों से 18 मार्च तक अपनी टिप्पणियां देने को कहा है। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 05 Mar 2017 (21:00 IST)
Updated Date: Sun, 05 Mar 2017 (21:03 IST)