अगर आपकी उम्र 35 से 40 के बीच है और आप अपने आपको प्रौढ़ मानने लगे हैं, तो इस सोच से बाहर निकलिए जनाब! अगले कुछ सालों तक आप जवान ही कहलाएंगे।
नए शोध बताते हैं कि अब 'मिडिल एज' यानी प्रौढ़ावस्था, 55 साल की आयु में शुरू होती है। जबकि इस बारे में पुराने मानकों के मुताबिक प्रौढ़ावस्था 36 साल की उम्र में ही शुरू हो जाती थी। और ब्रितानी तो जब तक 70 के फेरे में नहीं आ जाते, तब तक खुद को बूढ़ा भी नहीं मानते।
ये बात सामने आई है 50 साल से ज्यादा उम्र के एक हजार ब्रितानी वयस्कों पर किए गए सर्वेक्षण में। ये सर्वेक्षण 'लव टू लर्न' नामक एक वेबसाइट ने कराया है।
ये अध्ययन इस ओर भी इशारा करता है कि जैसे-जैसे लोग लंबी उम्र तक जी रहे हैं, प्रौढ़ावस्था या वृद्धावस्था जैसे शब्दों के मायने और मानक बदल रहे हैं।
ब्रिटेन के आधिकारिक राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार अब वहां 16 वर्ष से कम उम्र के लोगों से कहीं ज्यादा संख्या 65 वर्ष से ऊपर के लोगों की है।
युवा की उम्र क्या? इस सर्वेक्षण में 50 की आस-पास के उम्र के दस में से सात लोगों ने खुद को 'मिडिल एज' का बताया। इस हिसाब से जब 'मिडिल एज' का औसत निकाला गया तो ये करीब 55 साल था।
सर्वेक्षण में करीब 19 प्रतिशत लोगों का कहना था कि 'मिडिल एज' दिमाग की अवस्था है न कि कोई ऐसी स्थिति जो कि एक उम्र विशेष से शुरू होती है।
इस शोध का मकसद ये था कि यूरोपीय लोग खुद को कैसे वर्गीकृत करते हैं, उनकी औसत आयु क्या है और किस उम्र से वृद्धावस्था की शुरुआत होती है।
लेकिन इस बात पर आम सहमति बहुत कम थी कि युवावस्था कब खत्म होती है। सर्वेक्षण में युवाओं की औसत उम्र 40 साल बताई गई जो 32 साल से लेकर 52 साल तक थी।
सर्वेक्षण कराने वाली वेबसाइट के निदेशक गिल जैकसन का कहना था, 'आधे से ज्यादा लोगों का कहना था कि उनके पास युवाओं से ज्यादा अनुभव और आत्मविश्वास है।'
वेबसाइट को शुरू करने में सहयोग देने वाले जॉन क्रेवेन का कहना था कि कुछ समय पहले तक स्थिति ये थी कि लोग 60 साल की उम्र में खुद को बूढ़ा महसूस करने लगते थे।
हालांकि कुछ लोग अभी भी इस साए से नहीं उबरे हैं और ऐसे लोग बहुत कम पढ़े-लिखे हैं।