Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

30 हज़ार साल से लगातार आबाद ये गांव

हमें फॉलो करें 30 हज़ार साल से लगातार आबाद ये गांव
, मंगलवार, 12 जुलाई 2016 (11:49 IST)
- के मुरलीधरन (बीबीसी संवाददाता, चेन्नई)
 
ज़्यादातर चेन्नई निवासी भले ही पत्तरई पेरमबुदूर से वाक़िफ़ ना हों, लेकिन तमिलनाडु की राजधानी से महज़ 55 किलोमीटर की दूरी पर बसा गांव, एक ऐसा ऐतिहास है, इतना अनूठा कि तमिलनाडु के लोग इसपर गर्व कर सकते हैं।
तमिलनाडु राज्य पुरातत्व विभाग के मुताबिक़ इस गांव में लोग 30 हज़ार साल से भी ज़्यादा वक्त से रहते आ रहे हैं। पुरातत्वविदों का दावा है कि हाल में हुई खुदाई से, जिसमें कुछ ऐसी कलाकृतियां बरामद हुई हैं जो 30 हज़ार साल पुरानी हैं, पत्तरई पेरमबुदूर के प्राचीन गांव होने के दावे को और बल मिला है।
 
2015 में एक अध्ययन में लौह युग के बर्तनों के टुकड़े, पाषाण युग और उत्तर पाषाण युग (30,000 BC-10,000 BC) के समय के पत्थरों के औज़ार बरामद हुए थे।
 
इसके बाद ही तमिलनाडु सरकार ने इस जगह की खुदाई का फ़ैसला किया था। पत्तरई पेरमबुदूर में तीन महीनों तक चली खुदाई में बारह अलग स्थानों को खोदकर 200 से ज्यादा पुरातात्विक प्राचीन वस्तुओं को खोज निकाला गया।
webdunia
तमिलनाडु राज्य पुरातत्व के उप निदेशक, आर सिवानन्थम कहते हैं, 'खुदाई के दौरान उत्तर पाषाण युग से रेत की परतें और लौह युग और प्रारंभिक ऐतिहासिक काल की प्राचीन वस्तुएं बरामद हुई हैं। इसके आधार पर कहा जा सकता है कि ये जगह उत्तर पाषाण युग से लेकर अब तक बसा हुआ है।'
 
उत्तर पाषाण युग से दोनों तरफ़ से इस्तेमाल होने वाले पत्थर के औज़ार, नवपाषाण युग से मिट्टी के बर्तन और कुल्हाड़ियां, रोमन काल से जुड़ी वस्तुएं, दो फीट ऊंचा घड़ा, मिट्टी के बर्तन में खुदे तमिल ब्राह्मी लिपियां उन चंद दुर्लभ वस्तुओं में से हैं जिन्हें खुदाई के बाद बरामद किया गया।
 
पुरातत्वविदों का कहना है कि रोमन काल की चीज़े मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। तमिलनाडु के तटीय शहर से रोमन युग के सामान हमेशा से पाए गए, लेकिन ये पहली बार है जब राज्य के किसी अंदरूनी जगह से ये सामान बरामद हुए हैं।
 
पुरातत्वविदों का कहना है कि पत्तरई पेरमबुदूर मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित होने के कारण संगम युग (300BC-400AD) में दक्षिण भारत को उत्तर भारत से जोड़ता था और इसलिए पूर्व में इसके एक प्रमुख व्यापार केंद्र होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
webdunia
एएसआई के पूर्व अधीक्षक पुरातत्वविद डॉ टी सत्यमूर्ति राज्य के पुरातत्विदों के दावों का समर्थन करते हुए कहते हैं कि पत्तरई पेरमबुदूर में 30 हज़ार सालों से लोग रह रहे हैं इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
 
वो कहते हैं, 'इस बात के सबूत हैं कि इस जगह के पास गुडियम गुफ़ाओं में क़रीब 50 हज़ार से 75 हज़ार साल पहले लोगों का बसेरा था। इसलिए इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।'
 
हालांकि सत्यमूर्ति ये भी कहते हैं कि इन दावों को पूरी तरह से साबित करने के लिए और अधिक रिसर्च की ज़रूरत है।


हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बढ़ती आबादी वैश्विक चुनौती