Publish Date: Thu, 08 Dec 2016 (15:33 IST)
Updated Date: Thu, 08 Dec 2016 (15:44 IST)
फ़ेसबुक पर पोस्ट करते समय सेटिंग अगर फ़्रेंड्स ओनली की जगह पब्लिक हो तो बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। मेक्सिको में एक पिता ने अपनी बेटी के 15वें जन्मदिन की दावत देते हुए वीडियो जब फ़ेसबुक पर पोस्ट किया तो 12 लाख लोगों ने कन्फ़र्म किया कि वो 'पार्टी में आ रहे हैं।'
पब्लिक सेटिंग पर वीडियो पोस्ट होने के बाद 80,000 बार शेयर हुआ और वायरल हो गया। यही नहीं, अनगिनत बार इस वीडियो की नकल की गई और मीम बनाई गई। रुबी इबारा ग्रेसिया के पिता क्रेसेन्सियो ने सबको जन्मदिन पर बुलाते हुए वीडियो में कहा, "हेलो, आप सब कैसे हैं? हम 26 दिसंबर को अपनी बेटी रुबी का 15वां का जन्मदिन मना रहे हैं। आप सबको आना है। सबका तहेदिल से स्वागत है।"
मिस्टर इबारा बताते हैं कि उनकी मंशा केवल पड़ोसियों और दोस्तों को बुलाने की थी। हालांकि उन्होंने अब ये भी कहा है कि वे किसी को मना नहीं कर रहे और सबका स्वागत करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी गांव पहुंच रही है।
एक दिलचस्प मीम में "डोनल्ड ट्रंप और मेक्सिको के राष्ट्रपति दोनों एक समझौता करते हैं। इसमें मेक्सिको में रुबी की पार्टी में जाने के लिए मेक्सिको प्रवासियों को लौटने की इजाज़त देने की बात की गई है।" मेक्सिको के अभिनेता गेएल ग्रेसिया बर्नल (बाएं) ने एक कॉमेडी शो में मिस्टर इबारा की नकल की।
मेक्सिको में किसी लड़की की 15वीं सालगिरह खास होती है। इस मौके को बच्ची के बड़े होने के रूप में देखा जाता है। ऐसे मौकों पर भव्य दावतें, लाइव बैंड होता है। बर्थडे गर्ल के साथ उस दिन सभी 'एक रानी' की तरह पेश आते हैं।