Publish Date: Sat, 13 Dec 2008 (23:36 IST)Updated Date: Sat, 13 Dec 2008 (23:30 IST)
BBC
सुनने में आ रहा है कि क्रिकेट के मैदान पर अपना जलवा बिखेरने के बाद अब भारतीय टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी बॉलीवुड में भी अपना कमाल दिखाने की तैयारी कर चुके हैं। आने वाली फिल्म हुक या क्रुक में धोनी एक भूमिका करने वाले हैं। इतना ही नहीं इस फिल्म के क्लाइमैक्स में एक बड़े क्रिकेट मैच की भी तैयारी की गई है। फिल्म में धोनी का साथ देंगे जॉन अब्राहम। निर्देशन डेविड धवन करने वाले हैं। हुक या क्रुक पूरी तरह क्रिकेट पर आधारित होगी।
फिल्म अस्सी के दशक की एक हॉलीवुड फिल्म इस्केप द विक्ट्री से प्रभावित बताई जाती है, जिसे इस फिल्म के लेखक रेन्सिल डी सिल्वा ने भारतीय दर्शकों के हिसाब से ढालने की कोशिश की है।
BBC
सलमान की दीवानी : सलमान खान के लिए लोगों की दीवानगी हमेशा से रही है। अब इसमें एक नया नाम जुड़ गया है और वह है मिस यूके 2008 लीसा लेजारस का।
जी हाँ, लीसा सलमान खान की बहुत बड़ी फैन हैं। उनकी खुशी तब दोगुनी हो गई, जब उन्हें सलमान की फिल्म वीर में एक दमदार किरदार भी मिल गया। वैसे लीसा की खासियत यह भी है कि उनकी शक्ल कैटरीना कैफ से काफी मिलती है। वे इन दिनों मुंबई में वीर की शूटिंग के लिए आई हैं।
बीबीसी से एक खास बातचीत में लीसा ने बताया उन्हें हिंदी फिल्में काफी पसंद हैं और उन्हें भारत से काफ़ी लगाव है। उन्होंने ये भी बताया कि इन दिनों अपने इस रोल के लिए काफी मेहनत भी कर रही हैं।
BBC
आशुतोष की कॉमेडी : लगान और जोधा अकबर फिल्मों के निर्देशक आशुतोष गोवारीकर ने अपनी नई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म व्हाट इज योर राशि की शूटिंग शुरू कर दी है। इसमें प्रियंका चोपड़ा और हरमन बावेजा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की शूटिंग मुंबई में छह दिसंबर से शुरू हुई और इसका पूरा कार्यक्रम बना लिया गया है। फिल्म के जरिये गोवारीकर पहली बार कॉमेडी में हाथ आजमा रहे हैं। फिल्म की कहानी मधु रे के गुजराती उपन्यास पर आधारित है। यह कहानी युवा गुजराती लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है।
उसके पास अपने सपनों की लड़की को पाने के लिए 10 दिन हैं। फिल्म में गड़बड़झाला परिस्थितियों के जरिये कॉमेडी उत्पन्न की गई है।