मुंबई हमलों के कथित सूत्रधार और जमात उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद को उनके घर पर 'नजरबंद' किया गया है। उससे कहा गया है कि वह लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज नहीं पढ़ा सकेगा।
हालाँकि उससे कहा गया है कि उसकी जान को खतरा होने की वजह से यह कदम उठाया जा रहा है, लेकिन उनके रिश्तेदारों का कहना है भारत के दबाव में पाकिस्तान सरकार ने यह कदम उठाया है।मुंबई हमलों के सिलसिले में हाफिज सईद को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन सबूतों के अभाव में अदालत ने उसे रिहा कर दिया था।शनिवार को ही पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने कहा था कि भारत को हाफिज सईद के खिलाफ पुख्ता सबूत देना चाहिए, जिससे कि उसे अदालत में पेश किया जा सके, वरना वह फिर छूट जाएगा।लाहौर में बीबीसी संवाददाता इबादुल हक ने कहा कि पुलिस ने न तो ये कहा है कि हाफिज सईद को गिरफ्तार किया जा रहा है और न ही ये कहा है कि उन्हें नजरबंद किया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक सईद की सुरक्षा का हवाला देते हुए उसकी गतिविधियों को सीमित रखने को कहा है, लेकिन सईद के दामाद खालिद वलीद का कहना है कि लाहौर के पुलिस अधीक्षक ने घर पर आकर कहा है कि उनकी सुरक्षा को खतरा है, इसलिए वे अब घर तक पाबंद रहेंगे।उनका कहना है कि घर के बाहर पुलिस तैनात है। हाफिज सईद हर साल ईद पर लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज पढ़ाता आया है, लेकिन सोमवार को वे ऐसा नहीं कर पाएगा। वलीद का कहना है कि सालों में पहली बार ऐसा होगा कि सईद ईद की नमाज नहीं पढ़ाएँगे।मामले : बीबीसी से हुई बातचीत में वलीद ने कहा सरासर इंडिया के दबाव में आकर ऐसा कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि मुंबई में हुए हमलों में हाफिज सईद के शामिल होने की बात बेबुनियाद है और यह भारत का दुष्प्रचार है। उन पर जो आरोप लगाए गए थे, उसे अदालत ने खारिज कर दिया है।खालिद वलीद ने स्वीकार किया कि दो दिन पहल हाफिज सईद के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं। उनका कहना था कि एफआईआर में उन पर कुरआन का हवाला देते हुए अमेरिका और भारत के खिलाफ जेहाद के लिए भड़काने का आरोप है।उल्लेखनीय है कि न्यूयॉर्क में होने जा रही संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की मुलाकात होने की संभावना है।समझा जा रहा है कि चूँकि भारत लगातार पाकिस्तान पर दबाव बना रहा है कि वह हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई करे, इसलिए इस मुलाकात से पहले पाकिस्तान ने यह प्रतीकात्मक कार्रवाई की है।