Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

सदा रहें एक्टिव

Advertiesment
हमें फॉलो करें सदा रहें एक्टिव
NDND
सतत क्रियाशील बने रहने के लिए शरीर को थकान से बचाना जरूरी है। आज की व्यस्त और आपाधापी भरी जिंदगी में शरीर और मन का बुरी तरह थक जाना स्वाभाविक है। खासकर महिलाओं के लिए तो थकना और भी स्वाभाविक है, क्योंकि उन्हें घर और बाहर दो-दो जिम्मेदारियाँ एक साथ निभानी पड़ती हैं।

कुछ महिलाएँ पूरे दिन और रात तक व्यस्त रहने के बावजूद थकने का नाम ही नहीं लेतीं लेकिन कुछ महिलाओं के लिए थकना जिंदगी का हिस्सा बन गया है। वे अपने शरीर को पूरा आराम नहीं दे पातीं। सतत क्रियाशील बने रहने के लिए शरीर को थकान से बचाना जरूरी है। अगर आप भी थकान से बचना चाहती हैं तो इन उपायों को अपनाकर थकान दूर कर सकती हैं-

* भरपूर पानी पिएँ : शरीर में पानी की कमी से रक्त का आयतन कम हो जाता है, जिससे मस्तिष्क को द्रव की आवश्यक पूर्ति नहीं हो पाती है। इसका असर मस्तिष्क की कार्यक्षमता पर पड़ता है और इससे थकान महसूस होती है। लिहाजा दिनभर में कम से कम 8 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। हमेशा सादा पानी ही पीना चाहिए।

* चिंता करना छोड़ें : चिंता चिता के समान है, इससे ऊर्जा का क्षय होता है। समस्याओं पर चिंता करने की बजाय उनसे निपटने की योजना बनाएँ। इससे आप अनावश्यक चिंताओं से मुक्त रहेंगी।

* व्यायाम जरूर करें : थकान दूर करने के लिए व्यायाम आश्चर्यजनक रूप से उपयोगी पद्धति है, इससे पूरा नाड़ी तंत्र जाग उठता है। नियमित व्यायाम से नई रक्त वाहिनियाँ विकसित होती हैं। मांसपेशियाँ मजबूत बनती हैं, गहरी नींद आती है। इससे शरीर की अनावश्यक चर्बी कम हो जाती है, जो थकान का एक प्रमुख कारण होती है।
* स्थिर न रहें : शरीर को बहुत देर तक एक ही स्थिति में रखकर काम करने से शरीर की ऊर्जा का नाश होता है।

* नींद पूरी लें : अधूरी नींद भी मानसिक थकान का कारण बनती है। सोते समय खिड़कियाँ खुली रखें। इसी तरह अगर सोने के कमरे का तापमान सामान्य से बहुत कम होगा तब भी आपको अच्छी नींद नहीं आएगी। आमतौर पर आप जो भोजन करते हैं उसमें सहसा कोई बदलाव आ जाता है तो उससे भी आपकी नींद गड़बड़ा सकती है।

अंत में हम भोजन के बारे में कहना चाहेंगे कि भारी भोजन करने से रक्त और ऑक्सीजन उसे पचाने में लग जाता है। इससे मस्तिष्क को रक्त और ऑक्सीजन की पूर्ति कम हो जाती है और हम सुस्ती महसूस करते हैं।

ऊर्जा के सतत प्रवाह के लिए भोजन से कैलोरी की लगातार पूर्ति होती रहनी चाहिए। हमारे आहार में प्रोटीन, जटिल कार्बोज और वसा का समावेश होना चाहिए। दिन में कम से कम तीन बार यह ईंधन हमारे शरीर को मिलना चाहिए। यदि आप अपने आहार और दिनचर्या में बेहतर तालमेल बनाए रखेंगी तो रहेंगी हमेशा फिट...।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi