Publish Date: Fri, 16 Oct 2015 (16:56 IST)
Updated Date: Fri, 16 Oct 2015 (17:01 IST)
पटना। बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने दाल की बेतहाशा बढ़ती कीमतों पर केंद्र में अपनी ही सरकार पर निशाना साधते हुए तत्काल इसे नियंत्रित करने की सलाह दी है।
'शॉटगन' के नाम से मशहूर और अपने बयानों से अक्सर पार्टी को असहज स्थिति में लाने वाले सिन्हा ने शुक्रवार को यहां माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा कि इस समय दाल की कीमतें 200 रुपए से अधिक हो गई हैं। केंद्र सरकार को बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए तत्काल कदम उठाना चाहिए। अतीत में प्याज की बढ़ी कीमतों ने जो आंसू निकाले थे उनको भूलना नहीं चाहिए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल शत्रुघ्न सिन्हा पूर्व में भी पार्टी को मुसीबत में डालने वाले कई बयान दे चुके हैं। विधानसभा चुनाव के कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनकी मुलाकात के बाद भी वे चर्चाओं में आ गए थे। हालांकि बाद में उन्होंने उस मुलाकात को व्यक्तिगत बताकर पल्ला झाड़ लिया था। (वार्ता)