Publish Date: Sat, 07 Nov 2015 (16:56 IST)
Updated Date: Sat, 07 Nov 2015 (17:09 IST)
नई दिल्ली। बिहार में दोनों गठबंधनों में सरकार बनाने का भरोसा है। तभी नतीजे आने से पहले मंत्रियों के नाम तय होने लगे हैं और उप मुख्यमंत्री पद की अटकलें भी लगने लगी हैं। महागठबंधन की सरकार बनने की स्थिति में दो उप मुख्यमंत्री बन सकते हैं। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनते हैं तो तेजस्वी यादव को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। अगर कांग्रेस पार्टी सरकार में शामिल होती है तो प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी के लिए पार्टी उप मुख्यमंत्री का पद मांगेगी।
कांग्रेस के जानकार सूत्रों का कहना कि पश्चिम बंगाल और झारखंड में कांग्रेस जूनियर पार्टनर के तौर पर सरकार में रही है, इसलिए बिहार में भी सरकार में शामिल होने में कोई दिक्कत नही हैं। दूसरी ओर भाजपा गठबंधन की सरकार आने पर लोक जनशक्ति पार्टी की ओर से रामविलास पासवान के भाई पशुपति पारस उप मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। उनकी दावेदारी काफी अरसे से है। पिछले चुनाव में लालू प्रसाद ने उनको अपने गठबंधन की ओर से दावेदार बनाया था।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी विधानसभा का चुनाव लड़े हैं। अगर वे प्रदेश की राजनीति में रहना चाहेंगे तो उनको भी उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। महाराष्ट्र में नारायण राणे और मध्यप्रदेश में बाबूलाल गौर मुख्यमंत्री रहने के बाद मंत्री बने थे। हालांकि भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी किसी को उप मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। महाराष्ट्र में भी उसने शिवसेना को उप मुख्यमंत्री का पद नहीं दिया है।