Publish Date: Sat, 10 Oct 2015 (09:14 IST)
Updated Date: Sat, 10 Oct 2015 (09:20 IST)
पटना। केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने शुक्रवार को दावा किया कि राजग के पक्ष में साफ तौर पर हवा बनी होने के कारण भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन बिहार विधानसभा चुनाव में अच्छी-खासी सीटों के साथ जीत हासिल करेगा।
बिहार में राजग के सत्ता में आने का पूरा भरोसा जाहिर करते हुए केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ने कहा कि भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन लगभग 160 सीटें हासिल करेगा।
मिश्र ने पत्रकारों से कहा, ‘ग्रामीण इलाकों में लोगों का मूड देखकर साफ लगता है कि राजग के पक्ष में हवा है..भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन के पक्ष में वोट जुटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी काफी सघन प्रचार किया है।'
बेगूसराय जिले में एनडीए उम्मीदवारों के लिए काफी सघन प्रचार कर रहे मिश्र ने कहा कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों, खासकर युवाओं, से मुलाकात की है जिन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अटूट विश्वास जाहिर किया है और राजग के पक्ष में वोट देने का संकल्प व्यक्त किया है। (भाषा)