Publish Date: Thu, 24 Feb 2022 (22:05 IST)
Updated Date: Fri, 25 Feb 2022 (16:43 IST)
पटना। बिहार विधानसभा (Bihar Legislative Assembly) का बजट सत्र 25 फरवरी से शुरू हो रहा। इस बार सत्र की अवधि 22 दिनों की है। इसी सत्र में 28 फरवरी को बजट 2022-23 पेश किया जाएगा। यह बजट सत्र 31 मार्च तक चलेगा। इस बार के बजट में नीतीश सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं के विकास के मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देगी।
खबरों के अनुसार, राज्यपाल फागू चौहान के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत होगी। नीतीश सरकार 28 फरवरी को बजट 2022-23 पेश करेगी। बजट सत्र शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहे, इसको लेकर पूरी तैयारियां की गई हैं। सदन के अंदर और बाहर दोनों की ही जगह सुरक्षा को लेकर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
इस बार के बिहार बजट में नीतीश सरकार ने पिछले साल की अपेक्षा 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की तैयारी की है। बढ़ोतरी के अनुमान के साथ इस बार बजट 2.40 लाख करोड़ का हो सकता है।
इस बार के बजट में नीतीश सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं के विकास के मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देगी। नए हॉस्पिटल के निर्माण के प्रस्ताव से लेकर सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज में सुविधा देने के लिए बजट में पिछले साल की अपेक्षा ज्यादा राशि दिए जाने के अनुमान हैं।
बजट की तैयारी के लिए वित्त विभाग ने अन्य सभी विभागों से वर्ष 2022-23 के लिए आय-व्यय का ब्यौरा प्राप्त कर लिया है। विभागों के अधिकारी और आर्थिक मामलों के विशेषज्ञों की मीटिंग भी इसको लेकर आयोजित की जा चुकी है।
बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए विधानसभा परिसर में करीब 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।