Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

क्या है ‘रब ने बना दी जोड़ी’ की कहानी?

हमें फॉलो करें क्या है ‘रब ने बना दी जोड़ी’ की कहानी?

समय ताम्रकर

IFM
webdunia
PR
















प्रचार करना कोई आदित्य चोपड़ा से सीखे? भले ही उनकी फिल्में उनके बैनर के नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रही हो, लेकिन प्रदर्शन के पूर्व वे दर्शकों में फिल्म के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने का काम बखूबी जानते हैं।

यशराज फिल्म्स की घटती साख को बचाने के लिए आदित्य ने मैदान संभाल लिया है। शाहरुख खान और उनकी जादुई जोड़ी ‘रब ने बना दी जोड़ी’ लेकर हाजिर हो रही है। आदित्य ने बड़ी चतुराई से फिल्म के पोस्टर्स डिज़ाइन करवाए।

पहले पोस्टर में उन्होंने शाहरुख को इस अंदाज में दिखाया है कि लगता ही नहीं ‍है कि वे किंग खान हैं। मोटा चश्मा, ढीले-ढाले कपड़े, अजीब-सी हेयर स्टाइल। आमतौर पर बाबू या क्लर्क का नाम लेकर जो छवि आँखों में तैरती है, वैसे शाहरुख नजर आ रहे हैं।

इस पोस्टर के कुछ दिनों बाद उन्होंने दूसरा पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में शाहरुख का लुक वैसा ही है, जैसा दर्शक उन्हें पसंद करते हैं। इन दो पोस्टर्स को प्रदर्शित कर आदित्य ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि फिल्म की कहानी क्या होगी? लोग कयास लगा रहे हैं और फिल्म की मुफ्त में ‍पब्लिसिटी हो रही है।

कोई कह रहा है कि शाहरुख का फिल्म में डबल रोल है और ये अमोल पालेकर अभिनीत फिल्म ‘गोलमाल’ से प्रेरित है, जिसमें अमोल सीधे-सादे और तेज-तर्रार युवक की भूमिका निभाकर अपने बॉस को मूर्ख बनाते हैं।

‘प्लेन जेन’ पर आधारित होने की बात भी कही जा रही है। इसमें पति अपनी पत्नी के इच्छानुरूप अपनी शख्सियत में बदलाव लाता है। यशराज फिल्म्स की ओर से जारी कहानी कुछ खास नहीं बताती। इसमें कहा गया है कि सुरिंदर साहनी (शाहरुख) पंजाब पॉवर में काम करने वाला इंसान है। तानी (अनुष्का शर्मा) को वह चाहता है, जो स्वभाव में बिलकुल उसके विपरीत है। आँसू, खुशी, दर्द, प्यार और नृत्य के सहारे इसे दिखाया गया है।

आदित्य चोपड़ा ने प्रदर्शन के पूर्व अपनी कहानी को परदे में छिपाकर रखा है। शूटिंग के दौरान ‘रब ने बना दी जोड़ी’ की कहानी सिर्फ तीन लोग जानते थे। शाहरुख खान, आदित्य चोपड़ा और उनका सहायक।

फिल्म में जिन कलाकारों ने काम किया है, उन्हें भी इसकी कहानी के बारे में कुछ पता नहीं है। यहाँ तक की नायिका अनुष्का शर्मा भी इस बारे में कुछ नहीं जानती। उनकी जानकारी सिर्फ अपने दृश्यों के बारे में है।

‘दोस्ताना’ के साथ ‘रब ने बना दी जोड़ी’ का ट्रेलर प्रदर्शित होगा। शायद इसमें कहानी के बारे में कुछ बताया गया हो।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi