Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

क्या आप मानेंगे कि ये सिर्फ 'खास दोस्त' हैं?

हमें फॉलो करें क्या आप मानेंगे कि ये सिर्फ 'खास दोस्त' हैं?
मशहूर गाना है प्यार किया तो डरना क्या..., लेकिन बॉलीवुड वाले डरपोक होते हैं। इश्क कर बैठते हैं, लेकिन स्वीकारते नहीं हैं। शायद उन्हें अपने इश्क पर विश्वास नहीं रहता। ऐसा भी नहीं है कि उनका इश्क छिपा रहता है। साथ-साथ घूमते-फिरते हैं। छुट्टियां बिताते हैं। मौज-मस्ती करते हैं, पर अपने इश्क को स्वीकारने में डरते हैं। 'खास दोस्त' लफ्ज की आड़ लेते हैं। कुछ ऐसी ही जोड़ियों की बात करते हैं जो 'खास दोस्त' बने अरसे से घूम रहे हैं। 
 
रणबीर-कैटरीना : हद कर दी आपने

इन्होंने तो हद ही कर दी। सारा जमाना जानता है कि दोनों के बीच रिश्ता कितना मजबूत है। माता-पिता से मुलाकातें हो चुकी हैं। समुंदर किनारे छुट्टियां बिताते फोटो सामने आ चुके हैं। साथ-साथ रहने की खबरें आ चुकी हैं। विदेश में छुट्टियां मना चुके हैं। रणबीर और कैटरीना से जब इस बारे में पूछो तो मुंह में दही जम जाता है। लंबे समय से रोमांस चल रहा है। अब तो सलमान ने भी कैटरीना कपूर कह दिया है, लेकिन ये हैं कि अब तक मानते नहीं। 

रणवीर-दीपिका : चल रही है रासलीला 
webdunia

गोलियों की रासलीला रामलीला के सेट पर दोनों की रासलीला चालू हुई जो अब तक चली आ रही है। दीपिका के पीछे रणवीर हजारों किलोमीटर की यात्रा कर आते हैं। एआईबी रोस्ट में तो अर्जुन कपूर ने सामने बैठी दीपिका को 'भाभी' भी कह दिया जिस पर वे शरमा गईं। रणवीर और दीपू बांहों में बांहे डाले घूमते रहते हैं और सोचते हैं कि किसी को कुछ नहीं दिख रहा है। इस रिश्ते के बारे में पूछो तो रणवीर लाल-पीले होने लगते हैं। 

आलिया-सिद्धार्थ : इश्क वाला लव 
webdunia

स्टुडेंट ऑफ द ईयर से करियर शुरू करने वाले सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट फिल्म की शूटिंग से ही एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। बावजूद इश्क के फेर में इसलिए नहीं पड़े क्योंकि करियर पर ध्यान देना था। कुछ फिल्म चल निकली और दोनों इश्क कर बैठे। अब तो सिद्धार्थ फोटोग्राफर से कैमरा लेकर आलिया के फोटो भी खींचने लगे हैं। सुना है कि पिछले दिनों साथ छुट्टियां बिताने गए थे। आलिया के पिता महेश भट्ट तो बेहद बिंदास है। जो करते हैं, खुलेआम करते हैं, लेकिन बेटी आलिया, सिद्धार्थ को 'खास दोस्त' ही बताती है। 

अनुष्का-विराट : प्यार की गुगली
webdunia
शतक पूरा होते ही खचाखच भरे स्टेडियम और करोड़ों टीवी दर्शकों के सामने विराट फ्लाइंग किस किसे देते हैं ये बात किसी से छिपी नहीं है। खतरनाक गेंदबाजों का सामना कर चुके विराट की जुबां अनुष्का से प्यार करने वाली बात को स्वीकार करने में लड़खड़ा जाती है। विराट के लिए अनुष्का न्यूजीलैंड पहुंच गई तो अनुष्का के पीछे-पीछे विराट स्पेन घूम आए। लोगों ने फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर डाल दिए, लेकिन इन दोनों ने अब तक स्वीकार नहीं किया कि वे आपस में मोहब्बत करते हैं। 

अर्जुन-सोनाक्षी : ये कैसे तेवर?
webdunia
तेवर की शूटिंग के दौरान दोस्ती हुई। फिल्म रिलीज होने के पहले नजदीकियों के चर्चे होने लगे। लगा कि फिल्म चलाने के लिए ऐसी बातें की जा रही हैं। फिल्म रिलीज होकर पिटने के बाद भी दोनों में वैसी ही नजदीकियां बनी हुई हैं। दोनों ही भले इस बात को अस्वीकार करे, लेकिन बिना आग के धुआं उठता है क्या?

आदित्य रॉय कपूर - श्रद्धा कपूर : कपूरों की आशिकी
webdunia

आशिकी 2 में काम करते-करते दोनों आशिक हो गए। लुका-छिपी चलती रही। सरनेम भी दोनों का एक ही है। सुनते हैं कि दोनों में ब्रेक-अप हो गया है। लेकिन दोनों खामोश हैं। जब प्यार की बात नहीं स्वीकारी तो ब्रेक-अप की बात कैसे बता सकते थे। खबरची बताते हैं कि अभी भी वे एक-दूसरे को पसंद करते हैं। 

बिपाशा-करण : अलोन लवर्स
webdunia
बिपाशा बसु कितने प्रेमी बदल चुकी हैं शायद गिनती भूल गई होंगी। 'अलोन' ने दोनों के अकेलेपन को दूर किया। बिपाशा का हरमन से ब्रेक-अप हुआ था और करण सिंह ग्रोवर का पत्नी से। दोनों एक ही नाव पर सवार थे, इसलिए इश्क की आग भड़कने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। अब तो साथ में छुट्टियां बिताई जा रही हैं। देखना है कि करण से बिपाशा कितने दिन दिल बहलाती हैं। अभी तो दोनों 'खास दोस्त' बने हुए हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi