Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बॉक्स ऑफिस पर आमिर खान की टॉप 10 फिल्में

हमें फॉलो करें बॉक्स ऑफिस पर आमिर खान की टॉप 10 फिल्में
आमिर खान को बॉक्स ऑफिस का किंग कहा जा सकता है। इस समय उनका मुकाबला खुद से है। सलमान उनको टक्कर देते रहते हैं, लेकिन शाहरुख को वे बहुत पीछे छोड़ चुके हैं। पहली सौ करोड़, दो सौ करोड़ और तीन सौ करोड़ की फिल्में उनके ही नाम हैं। हो सकता है कि दंगल के जरिये वे चार सौ करोड़ क्लब की भी शुरुआत कर दें। अपना ध्यान आकर्षित करने की तमाम कोशिश से वे दूर रहते हैं। बहुत ज्यादा फिल्म करने में उनका विश्वास नहीं है। साल-डेढ़ साल में उनकी एक फिल्म आती है और सफलता के झंडे गाड़ देती है। बहुत ज्यादा प्रचार की जरूरत भी उन्हें महसूस नहीं होती। पोस्टर पर उनका नाम ही काफी है। आमिर का नाम एक अच्छी फिल्म की गारंटी है। उनकी फिल्म लीक से हट कर होती है, लेकिन उसमें मनोरंजन भी भरपूर होता है। हर उम्र और वर्ग का दर्शक आमिर की फिल्मों से प्रभावित होता है। प्रयोग करने में वे पीछे नहीं हटते। अपनी भूमिका के लिए बहुत तैयारी करते हैं। आमिर उस लकड़हारे की तरह है जो पेड़ काटने से पहले अपनी कुल्हाड़ी की धार तेज करने में ज्यादा समय लगाता है। पेश है आमिर खान की टॉप 10 मूवीज़। 


 
नंबर 10: राजा हिन्दुस्तान (1996)
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 48 करोड़ रुपये
आमिर खान बहुत कम फिल्में करते हैं या फिर उनकी राजा हिन्दुस्तानी इतनी बड़ी हिट थी कि इक्कीस वर्ष पुरानी फिल्म टॉप 10 में शामिल है। करिश्मा कपूर और आमिर खान अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन धर्मेश दर्शन ने किया था। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी। फिल्म के हिट गानों का इसमें अहम रोल था। कमर्शियल फॉर्मेट में बनाई गई इस फिल्म को महिलाओं ने बेहद पसंद किया था। 
 
नंबर 9 : रंग दे बसंती (2006)
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 50 करोड़ रुपये
रंग दे बसंती एक अलग तरह की फिल्म थी। राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने सामयिक मुद्दा उठा कर उसे मनोरंजक तरीके से पेश किया। देश प्रेम और युवा वर्ग की सोच को जोड़ कर उन्होंने इतने बेहतरीन तरीके से पेश किया कि फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म को युवाओं ने खासा पसंद किया। 

नंबर 8 : फना (2006) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 52 करोड़ रुपये 
कुणाल कोहली के निर्देशन में बनी 'फना' में आमिर और काजोल ने बतौर हीरो-हीरोइन पहली बार साथ काम किया। यह रोमांटिक फिल्म तब दर्शकों को चौंकाती है जब उन्हें आमिर के बारे में एक राज पता चलता है। फिल्म का संगीत बेहद हिट था और आमिर-काजोल के बेहतरीन अभिनय ने इस फिल्म को सुपरहिट कराया। 
 
नंबर 7 : तारे जमीं पर (2007) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 62.50 करोड़ रुपये 
तारें जमीं आमिर खान के लिए अहम फिल्म है। निर्देशक की बागडोर उन्होंने किसी और को सौंपी थी। फिल्म में उनका रोल हीरो जैसा नहीं था। एक बच्चे को केन्द्रित में रख कर फिल्म बनाना था। आमिर को निर्देशक का काम पसंद नहीं आया और उन्होंने खुद निर्देशन की बागडोर अपने हाथ में ले ली। बतौर अभिनय के साथ-साथ निर्देशक के रूप में भी प्रभावित किया। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म बड़ी हिट रही। 
 
 
नंबर 6 : तलाश (2012) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 93 करोड़ रुपये 
आमिर के स्टारडम के अनुरूप यह फिल्म सफल नहीं हो पाई। बावजूद इसके 93 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने में यह फिल्म कामयाब रही। यह एक थ्रिलर फिल्म थी जिसमें मुख्य किरदार की पर्सनल लाइफ में भी उथल-पुथल मची हुई है।  

नंबर 5 : गजनी (2008) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 114 करोड़ रुपये
एआर मुरुगदास की फिल्म के लिए आमिर खान ने एट पैक एब्स बनाए। बाल कटा लिए। अपने नए लुक में वे ढल गए। इसी से अन्य कलाकारों को भी अपने रोल के लिए मेहनत करने की प्रेरणा मिली। गजनी फिल्म में रोमांस और एक्शन का जोरदार तड़का था। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की। सौ करोड़ क्लब की पहली फिल्म बनने का श्रेय 'गजनी' को मिला। 
 
नंबर 4 : 3 इडियट्स (2009) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 202 करोड़ रुपये 
फोर्टी प्लस आमिर ने एक इंजीनियरिंग स्टुडेंट की भूमिका निभाई। वजन कम किया और युवाओं के साथ समय बिताया। फिल्म देखते समय कही भी आमिर की उम्र का खयाल नहीं आता। यह फिल्म उन अभिभावकों पर चोट करती है जो अपने बच्चों पर करियर को लेकर दबाव डालते हैं। राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित 'थ्री इडियट्स' को दो सौ करोड़ क्लब की पहली फिल्म बनने का श्रेय प्राप्त हुआ। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही। 
 
नंबर 3 : धूम 3 (2013) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 280 करोड़ रुपये 
आमिर खान ने एक एक्शन मूवी करने का निश्चय किया और 'धूम 3' साइन की। इस फिल्म के एक्शन सीन लाजवाब थे। भव्य बजट के साथ इसे बनाया गया। आमिर खान ने फिल्म में दोहरी भूमिका निभाई। हैरत अंगेज स्टंट्स उन्होंने फिल्म में किए। फिल्म को बेहद पसंद किया गया और आय का नया कीर्तिमान फिल्म ने बनाया। 

नंबर 2 : पीके (2014) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 339.50 करोड़ रुपये
एक बार फिर राजकुमार हिरानी और आमिर खान साथ आए। इस फिल्म के जरिये इस जोड़ी ने भगवान के नाम पर अंधविश्वास फैलाने वालों पर करारी चोट की। बहुत जोखिम भरी फिल्म थी यह। विरोध भी हो सकता था, लेकिन फिल्म में बात इतने उम्दा तरीके से सामने रखी गई कि ज्यादातर लोग सहमत हुए। आमिर ने एक एलियन की भूमिका निभाई जो पृथ्वी पर आकर अपने साथियों से बिछड़ जाता है। भोजपुरी बोली, मुंह में पान और एक बार भी पलक नहीं झपकाते हुए उन्होंने अपना काम किया। यह फिल्म तीन सौ करोड़ क्लब की पहली फिल्म बनी। 
 
नंबर 1 : दंगल (2016) 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : 370.11 करोड़ रुपये (24 दिन में) 
दंगल महावीर सिंह फोगाट के जीवन से प्रेरित इस फिल्म के लिए आमिर ने अपना वजन 98 किलोग्राम तक बढ़ाया। वे फिल्म में युवा और वृद्ध के रूप में नजर आएं। जवान बेटियों की भूमिका निभाने का उन्होंने साहस किया। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म से आमिर ने संदेश देने की कोशिश की कि बेटे से बेटी किसी भी मामले में कम नहीं होती। फिल्म अब चार सौ करोड़ की ओर अग्रसर है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आलिया ने कहा ना... वाणी को मिला आमिर खान के साथ मौका!