लोग सलमान खान के शो "दस का दम" के इतने दीवाने क्यों हैं? शायद इसलिए कि इस शो के ज़रिए पहली बार सलमान अपने बिलकुल असली रूप में दर्शकों को दिख रहे हैं। उनके ऊपर किसी रोल, किसी भूमिका का पर्दा नहीं है। यह पहला ऐसा गेम शो है जिसमें हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण मौज-मस्ती है, ठिठोली है। अमिताभ के गेम शो "कौन बनेगा करोड़पति" में अमिताभ पूरी औपचारिकता से पेश आते थे। सूट पहने अमिताभ प्रतियोगियों से बड़े सम्मान से बातें करते थे। वे अपना व्यक्तित्व और उसका रौब समेट भी लिया करते थे और पैसे जीतना महत्वपूर्ण हो उठता था। खेलता कोई और था मगर दिल सबके धड़कते थे। सलमान के गेम शो में पैसे जीतने वाला भी कई बार भूल जाता है कि वह मस्ती करने नहीं, खेलने आया है। सलमान के गेम शो में हार-जीत का ख़ेल तो सलमान और दर्शकों के बीच एक अड़चन है। मगर क्या किया जाए कि इसी बहाने तो सलमान मस्ती करते हैं।
मगर क्या सलमान वाकई अपनी असल जिंदगी में ऐसे ही हैं? शायद हाँ। मस्ती-मज़ाक के मामले में सलमान वाकई ऐसे हैं। मगर यह उनके व्यक्तित्व का केवल एक पहलू है। तुनकमिज़ाज सलमान कोई और है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वाला सलमान भी कोई और है। अपनी महिला मित्रों को आधी रात सताने वाला और उनसे मारपीट करने वाला सलमान भी कोई और है। विवेक ओबेराय को टेलीफोन पर धमकियाँ देने वाला सलमान भी कोई और है। इस गेम शो का सलमान खिलंदड़ा है। मगर आम लोगों से प्यार करता है, उन्हें गले लगाता है।
इस गेम शो की कामयाबी का सबसे बड़ा कारण यह है कि सलमान को मस्ती करने के लिए छुट्टा छोड़ दिया गया है। उन पर किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं है। लिबास भी वे अपनी मर्ज़ी का पहनते हैं। बातें भी वे बिना किसी स्क्रिप्ट के करते हैं। यहाँ वे किन्नारों के साथ नाच लेते हैं, रिक्शा वाले के साथ मटक लेते हैं। मगर दूसरी तरफ वे करीना और करिश्मा को भी शो पर बुला लेते हैं और उनसे भी खूब मज़ाक करते हैं।
सलमान की एक खूबी उनकी सहजता है, इसीलिए तो वे सबके साथ सहज हो जाते हैं। उनकी यही सहजता लोगों को भाती है। फिर ये गेम रचा भी इस तरह गया है कि बहुत पढ़े-लिखे और एकदम अनपढ़ आदमी में कोई फर्क नहीं रह जाता। यह गेम शो उन लोगों को ध्यान में रखकर रचा गया है, जो विद्वान नहीं हैं, जिनके पास कोई आँकड़े नहीं हैं। इस गेम शो में केवल अंदाज़ा लगाना है और ऑडियंस पोल हर सवाल पर लिया जा सकता है। डफर आदमी भी इस शो से लाख रुपया जीते बगैर नहीं आ सकता।
सलमान पर कुछ मुकदमे भी चल रहे हैं। क्या इस गेम शो की लोकप्रियता का कोई असर उनके मुकदमों पर भी होगा? कौन कह सकता है! इस गेम शो के ज़रिए आम लोग पैसे जीत रहे हैं और सलमान खान लोगों का दिल। उनकी खराब इमेज को बदलने के लिए यह ज़रूरी था।
इस गेम शो के पहले भाग में ही सलमान अपने चाहने वालों में छा चुके थे। अब दूसरे हिस्से में भी वे यही कर रहे हैं। इस गेम शो ने सबको पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख और सलमान के रिश्तों में आई खटास का एक कारण यह भी हो सकता है कि शाहरुख का गेम शो फ्लॉप हो गया था। बहुत-से लोग तो लोकप्रियता में केबीसी को भी इससे कुछ कम मानते हैं।